न स्कूल गयी, न बाप का सहारा फिर भी बनीं बॉलीवुड की सुपरस्टार!: 43 की हुई कटरीना, सलमान-रणवीर संग जुड़ा नाम, वहीं मात्र 14 साल में...जानें कैसा रहा उनका यादगार फिल्मी सफर_एक नजर
न स्कूल गयी, न बाप का सहारा फिर भी बनीं बॉलीवुड की सुपरस्टार!

मुंबई: बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में शुमार कटरीना कैफ आज 43 साल की हो गई हैं। करीब दो दशक से ज्यादा समय से हिंदी सिनेमा में सक्रिय कटरीना ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे। एक समय ऐसा भी था जब उन्हें पहली बड़ी फिल्म से बाहर कर दिया गया था, लेकिन उसी संघर्ष ने उन्हें इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया।

पहली फिल्म से बाहर, फिर भी नहीं टूटा हौसला

आपको बता दें कि करियर की शुरुआत में कटरीना को अनुराग बसु निर्देशित फिल्म 'साया' में मौका मिला था। शूटिंग शुरू होने के बाद उन्हें फिल्म से हटा दिया गया। महेश भट्ट ने कहा कि - "यह लड़की एक्टिंग नहीं कर सकती, हिंदी भी नहीं आती।" यह उनके लिए बड़ा झटका था और उन्होंने इसे अपने करियर का सबसे मुश्किल दौर माना। बाद में फिल्म 'बूम' से उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की। हालांकि फिल्म सफल नहीं रही, लेकिन उनकी मौजूदगी ने कई फिल्मकारों का ध्यान खींचा।

पिता ने दिया माता को तलाक, माता ने पाला :

गौरतलब है कि कि कटरीना की जिंदगी में उथल-पुथल तब मची जब जब उनके माता-पिता का तलाक हो गया। पिता मोहम्मद कैफ ने तलाक के साथ ही सुजैन और 8 बच्चों से किनारा किया, और एक पैसा तक उसके बाद घर नहीं दिया नहीं। मां सुजैन ने अकेले दम पर 8 बच्चों को पाला।

नहीं गयी कभी स्कूल, दुनिया भर में भटकीं :

कटरीना कभी स्कूल नहीं गईं। वहीं अपनी मां के NGO वर्क के चलते हर 2 साल में उन्हें देश बदलना पड़ता था, जापान, हवाई, बेल्जियम, फ्रांस और आखिरकार लंदन। वहीं पर कटरीना ने 14 की उम्र में मॉडलिंग शुरू की और परिवार के लिए सहारा बनीं।

मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर

हॉन्गकॉन्ग में जन्मीं कटरीना ने कम उम्र में मॉडलिंग शुरू की। भारत आने के बाद उन्होंने विज्ञापनों, फैशन शो और रैंप मॉडलिंग के जरिए अपनी पहचान बनाई। धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों के प्रस्ताव मिलने लगे और उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनानी शुरू कर दी।

सलमान खान के साथ बदली किस्मत

गौरतलब है कि कटरीना के करियर का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्हें सलमान खान के साथ 'मैंने प्यार क्यों किया' में मौका मिला। इसके बाद 'नमस्ते लंदन', 'वेलकम', 'सिंह इज़ किंग', 'न्यूयॉर्क', 'राजनीति', 'ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा', 'एक था टाइगर', 'धूम 3', 'टाइगर ज़िंदा है' जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों की कतार में खड़ा कर दिया।

डांस से बदली पहचान

करियर के शुरुआती दिनों में डांस को लेकर आलोचना झेलने वाली कटरीना ने खुद पर लगातार मेहनत की। आगे चलकर 'शीला की जवानी', 'चिकनी चमेली', 'कमली', 'अफगान जलेबी' और कई सुपरहिट गानों ने उन्हें बॉलीवुड की बेहतरीन डांसिंग स्टार्स में शामिल कर दिया।

निजी जिंदगी भी रही सुर्खियों में

कटरीना की निजी जिंदगी लंबे समय तक चर्चा का विषय रही। पहले उनका नाम सलमान खान के साथ जोड़ा गया, फिर रणबीर कपूर के साथ रिश्ते की खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरीं। बाद में रणबीर से अलग होने के बाद उन्होंने अपने काम पर फोकस किया। साल 2019 में एक अवॉर्ड शो के दौरान अभिनेता विक्की कौशल ने मंच से मजाकिया अंदाज में कटरीना को शादी के लिए प्रपोज किया था। उस समय कटरीना ने मुस्कुराते हुए कहा था, "हिम्मत नहीं है।" यह पूरा वाकया दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

मीडिया रिपोर्ट्स में रहे कई विवाद

विदित है कि समय-समय पर कटरीना और सलमान खान को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आती रहीं। इनमें फिल्म 'एक था टाइगर' की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच कथित विवाद और सलमान द्वारा नाराजगी जताने जैसे दावे भी शामिल रहे। हालांकि इन दावों की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। सलमान खान ने एक इंटरव्यू में इतना जरूर कहा था कि उन्होंने केवल कॉस्ट्यूम को लेकर सलाह दी थी और कई खबरें बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जाती हैं।

विक्की कौशल बने जीवनसाथी

धीरे-धीरे विक्की कौशल और कटरीना की दोस्ती प्यार में बदली। दोनों ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित सिक्स सेंस फोर्ट में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की।

आज भी कायम है स्टारडम

कटरीना कैफ आखिरी बार फिल्म 'मैरी क्रिसमस' में नजर आई थीं। इन दिनों वह अपने ब्यूटी ब्रांड और निजी जीवन पर ध्यान दे रही हैं। संघर्ष, मेहनत और लगातार खुद को बेहतर बनाने की बदौलत उन्होंने साबित किया कि सफलता तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं होता, लेकिन दृढ़ संकल्प हर मुश्किल को पीछे छोड़ सकता है।

अन्य खबरे