लखनऊ में 795 एकड़ में बनेगा देश का सबसे बड़ा मनोरंजन पार्क!: मुंबई की इमेजिका पार्क से ढाई गुना बड़ा, रोमांचक झूलों-विशाल वाटर पार्क से लेकर 5 स्टार रिजॉर्ट तक मिलेंगी ये सुविधाएं?
लखनऊ में 795 एकड़ में बनेगा देश का सबसे बड़ा मनोरंजन पार्क!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आने वाले वर्षों में देश के सबसे बड़े मनोरंजन केंद्रों में शामिल हो सकती है। यहां एक ऐसा मेगा एम्यूजमेंट पार्क विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है, जहां लोगों को रोमांचक झूलों, विशाल रोलर कोस्टर और वाटर पार्क से लेकर कृत्रिम बर्फ की दुनिया, फाइव स्टार रिजॉर्ट और शॉपिंग प्लाजा तक की सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। खास बात यह है कि प्रस्तावित पार्क का आकार मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर स्थित इमेजिका थीम पार्क से लगभग ढाई गुना बड़ा बताया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 1,500 से 2,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

795 एकड़ में बनेगा पार्क

आपको बता दें कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की प्रबंध नगर योजना के तहत करीब 322 हेक्टेयर यानी 795 एकड़ जमीन पर इस मनोरंजन उद्यान को विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए केरल की एक संस्था ने एलडीए अधिकारियों के सामने पार्क का थ्रीडी मॉडल, लेआउट और संभावित आकर्षणों का विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दिया है। यह संस्था कोच्चि और बेंगलुरु में मनोरंजन पार्क विकसित करने के अनुभव के लिए जानी जाती है।

तीन जोन में बंटेगा पार्क, 70 से ज्यादा रोमांचक राइड्स का प्रस्ताव

गौरतलब है कि प्रस्तावित मेगा पार्क को तीन प्रमुख हिस्सों में विकसित करने की योजना है। पहले जोन में थीम आधारित एम्यूजमेंट पार्क होगा। यहां 70 से अधिक हाई-थ्रिल राइड्स विकसित करने का प्रस्ताव है। इनमें भारत का सबसे बड़ा रोलर कोस्टर, रिवर्स लूपिंग कोस्टर, विशाल जायंट व्हील और करीब 100 फीट ऊंचा ड्रॉप टावर शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा डार्क हॉरर हाउस और वर्चुअल रियलिटी शो जैसे आकर्षण भी लोगों को रोमांच का अनुभव कराएंगे।

वाटर पार्क में वेव पूल से लेकर आर्टिफिशियल स्नो वर्ल्ड तक

दूसरे जोन में पानी और बर्फ से जुड़े मनोरंजन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां लगभग दो लाख लीटर क्षमता वाला वेव पूल, 15 तरह की वाटर स्लाइड, लेजी रिवर और रेन डिस्को बनाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही आर्टिफिशियल स्नो पार्क भी विकसित किया जा सकता है, जहां गर्मियों में भी लोग बर्फ जैसा अनुभव ले सकेंगे।

फाइव स्टार रिजॉर्ट, शॉपिंग प्लाजा और 5 हजार लोगों का कॉन्सर्ट एरिना

विदित है कि तीसरे जोन को एंटरटेनमेंट सिटी के रूप में विकसित करने की योजना है। इसमें फाइव स्टार रिजॉर्ट, फूड कोर्ट, शॉपिंग प्लाजा, मल्टीप्लेक्स और बच्चों के लिए अलग प्ले एरिया बनाया जा सकता है। इसके अलावा करीब पांच हजार लोगों की क्षमता वाला कॉन्सर्ट एरिना भी प्रस्तावित है। इससे पर्यटकों को घूमने, खरीदारी करने, खाने-पीने और ठहरने की सुविधाएं एक ही जगह मिल सकेंगी।

पीपीपी मॉडल पर होगा विकास, 40 प्रतिशत हिस्से में रहेगी हरियाली

इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके तहत एलडीए जमीन उपलब्ध कराएगा, जबकि निजी कंपनी निवेश करके पार्क का निर्माण और संचालन करेगी। प्रस्ताव के अनुसार पार्क के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से में हरियाली, थीम गार्डन और जल संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इसे सौर ऊर्जा और जीरो वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था के साथ विकसित करने की भी योजना है। हालांकि, परियोजना के सामने नियोजन संबंधी एक महत्वपूर्ण सवाल भी है। प्रस्तावित जमीन ग्रीन बेल्ट के रूप में दर्ज है। ऐसे में वहां मनोरंजन पार्क विकसित करने की अनुमति और व्यवहार्यता की जांच जरूरी होगी। एलडीए ने अधिकारियों से फीजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी है। बोर्ड से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर और ग्लोबल टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

फिलहाल यह परियोजना प्रस्ताव के स्तर पर है। निर्माण शुरू होने और पार्क के तैयार होने की समयसीमा अभी तय नहीं हुई है। यदि योजना को मंजूरी मिलती है और इसे जमीन पर उतारा जाता है, तो लखनऊ को पर्यटन और मनोरंजन के क्षेत्र में एक बड़ी नई पहचान मिल सकती है।

अन्य खबरे