इस साल की जगह अब 2027 में आएँगी बॉलीवुड की ये 7 मोस्ट अवेटेड फ़िल्में!: प्रभास की 'स्पिरिट' से लेकर 'रामायण: पार्ट 2' तक; इन फिल्मों में होंगी कांटे की टक्कर, देखें पूरा फिल्म शेड्यूल_एक नजर
इस साल की जगह अब 2027 में आएँगी बॉलीवुड की ये 7 मोस्ट अवेटेड फ़िल्में!

मनोरंजन : बॉलीवुड में आने वाले साल को लेकर अभी से हलचल तेज हो गई है। जिन फिल्मों का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, उनकी रिलीज तारीख आगे बढ़ने से अब इंतजार और लंबा हो गया है। प्रभास की 'स्पिरिट', रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की 'लव एंड वॉर' से लेकर कार्तिक आर्यन की 'नागजिला' तक कई चर्चित फिल्में अब 2027 में बड़े पर्दे पर नजर आएंगी।

2027 में फिल्मों के बीच होंगे दिलचस्प मुकाबले:

आपको बता दें कि किसी फिल्म की शूटिंग पूरी न होने, तो किसी की रिलीज की योजना बदलने के कारण दर्शकों को नई तारीखों का इंतजार करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि 2027 में कई बड़ी फिल्मों की रिलीज के बीच बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबले भी देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कौन-सी फिल्म कब रिलीज होने वाली है।

1. 'लव एंड वॉर' में दिखेगी सितारों की तिकड़ी

फिल्मकार संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' उन फिल्मों में शामिल है, जिस पर दर्शकों की नजरें टिकी हुई हैं। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म को पहले मार्च 2026 में रिलीज करने की योजना थी। हालांकि, शूटिंग का काम पूरा नहीं होने के कारण इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई। अब फिल्म की नई रिलीज तारीख 21 जनवरी 2027 बताई गई है। भंसाली की फिल्मों के भव्य अंदाज और मजबूत कहानी के लिए मशहूर होने के कारण इस फिल्म को लेकर भी काफी उत्सुकता है।

2. कार्तिक आर्यन की तीन फिल्मों का बढ़ा इंतजार

गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन के प्रशंसकों के लिए 2027 खास हो सकता है। उनकी चर्चित फिल्म 'नागजिला' की रिलीज अब 12 फरवरी 2027 तय बताई जा रही है। इसके अलावा श्रीलीला के साथ उनकी अनटाइटल्ड म्यूजिकल फिल्म 30 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में आने वाली है। वहीं, शिमित अमीन के निर्देशन वाली 'कैप्टन इंडिया' भी लंबे समय से अटकी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म को 13 अगस्त 2027 को रिलीज किया जाएगा। इस तरह अगले साल कार्तिक की तीन फिल्मों का इंतजार कर रहे दर्शकों को लगातार नई सिनेमाई पेशकशें मिल सकती हैं।

3. 'खोसला का घोसला 2' की नई तारीख आई सामने

साल 2006 की लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म 'खोसला का घोसला' के सीक्वल का इंतजार भी बढ़ गया है। पहले इसे 28 अगस्त 2026 को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब इसकी नई तारीख 5 मार्च 2027 बताई गई है। फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी और रणवीर शौरी समेत कई पुराने कलाकारों की वापसी की उम्मीद है। इसकी रिलीज के आसपास दूसरी बड़ी फिल्मों के आने से बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

4. 'साइड हीरोज' भी 2027 में करेगी एंट्री

विदित है कि अपारशक्ति खुराना, वरुण शर्मा और अभिषेक बनर्जी की कॉमेडी फिल्म 'साइड हीरोज' की घोषणा 2025 में हुई थी। इसे 2026 में फ्रेंडशिप डे के मौके पर रिलीज करने की योजना थी, लेकिन कार्यक्रम बदल गया। अब फिल्म के 2027 में फ्रेंडशिप डे वाले सप्ताहांत पर आने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, इसकी सटीक रिलीज तारीख की पुष्टि का इंतजार रहेगा।

5. 'स्पिरिट' की रिलीज बदली, 'रामायण: पार्ट 2' से हो सकती है टक्कर

प्रभास की 'स्पिरिट' भी 2027 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की रिलीज को लेकर पहले ईद 2027 के आसपास दूसरी बड़ी फिल्म से टक्कर की चर्चा थी। अब इसकी रिलीज तारीख 29 अक्टूबर 2027 बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली के आसपास रिलीज होने के कारण इसका मुकाबला नितेश तिवारी की 'रामायण: पार्ट 2' से हो सकता है। हालांकि, दोनों फिल्मों की अंतिम रिलीज योजनाओं में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

'लव एंड वॉर', 'नागजिला', 'कैप्टन इंडिया', 'खोसला का घोसला 2', 'साइड हीरोज' और 'स्पिरिट' जैसी फिल्मों की बदली हुई रिलीज योजनाओं ने 2027 को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि इनमें से कौन-सी फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड बनाती है।

अन्य खबरे