नीम करौली बाबा पर बनी फ़िल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास!: फ्लॉप होने वाली थी; बनी ब्लॉकबस्टर, महज 2 करोड़ के बजट पर कमाया 2266% का मुनाफा, 24 दिनों में इतने करोड़ का कलेक्शन?
नीम करौली बाबा पर बनी फ़िल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास!

बॉलीवुड: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक ऐसी फिल्म ने सबको चौंका दिया है, जिसकी शुरुआत देखकर किसी ने नहीं सोचा था कि यह इतनी बड़ी हिट साबित होगी। नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ ने महज 10-12 लाख रुपये की ओपनिंग ली थी। पहले दो हफ्तों में फिल्म की कमाई बेहद धीमी रही, लेकिन तीसरे सप्ताह से इसकी किस्मत ऐसी बदली कि कमाई की रफ्तार देखकर ट्रेड गलियारों में भी हलचल मच गई। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का भारत में 24 दिनों का नेट कलेक्शन करीब 40.13 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन लगभग 47.33 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फ़िल्म 24 वें दिन 15 करोड़ की कमाई की। यह पूरी कमाई फ़िल्म के बजट से लगभग 2265.5% ज्यादा है, यही नहीं फ़िल्म ने 24 वें दिन, अपने पहले दिन की कमाई 12 लाख से, 12,400% ज्यादा ग्रोथ करी। यानी फिल्म अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कारोबार कर चुकी है। और बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान रच दिया।

पहले दो हफ्तों में लगा था फ्लॉप का डर

आपको बता दें कि 7 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची ‘हनुमान अंश’ ने पहले दिन करीब 10-12 लाख रुपये कमाए। पहले सप्ताह में फिल्म का कारोबार लगभग 1.08 करोड़ रुपये रहा। दूसरे सप्ताह में कमाई और गिर गई और फिल्म करीब 40 लाख रुपये ही जोड़ सकी। दो सप्ताह बाद फिल्म का कुल कारोबार लगभग 1.5 करोड़ रुपये के आसपास था। ऐसे में माना जा रहा था कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों से बाहर हो सकती है। लेकिन इसके बाद बॉक्स ऑफिस पर पूरी कहानी बदल गई।

तीसरे सप्ताह में अचानक बढ़ी कमाई

गौरतलब है कि तीसरे सप्ताह में फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद चौथे सप्ताह में दर्शकों की भीड़ और बढ़ती चली गई। चौथे वीकेंड में शुक्रवार को करीब 6.25 करोड़, शनिवार को 9.25 करोड़ और रविवार को लगभग 12.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन बताया गया। खास बात यह रही कि फिल्म की रविवार की कमाई उसकी ओपनिंग से कई गुना ज्यादा रही।

Toxic जैसी बड़ी फिल्म के बीच बनाई जगह

‘हनुमान अंश’ की यह सफलता इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि फिल्म को ऐसे समय दर्शक मिले, जब बॉक्स ऑफिस पर बड़े नाम और बड़े बजट वाली फिल्में मौजूद थीं। Yash की ‘Toxic’ भी सिनेमाघरों में थी, लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने अपनी अलग ऑडियंस तैयार कर ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘Toxic’ को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया और कुछ जगहों पर शो की संख्या में बदलाव का फायदा भी ‘हनुमान अंश’ को मिला। हालांकि फिल्म की सफलता का मुख्य आधार उसकी अपनी दर्शक पकड़ और माउथ पब्लिसिटी रही।

‘स्त्री 2’, ‘छावा’ और ‘जवान’ को भी छोड़ा पीछे

विदित है कि फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा उसके चौथे रविवार के प्रदर्शन को लेकर हो रही है। उपलब्ध ट्रेड आंकड़ों के अनुसार, चौथे रविवार की कमाई के मामले में ‘हनुमान अंश’ ने ‘स्त्री 2’, ‘छावा’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया। महज 10 लाख रुपये के आसपास की ओपनिंग से शुरू होकर 24वें दिन करीब 12.75 करोड़ रुपये तक पहुंचना फिल्म के बॉक्स ऑफिस सफर को बेहद असाधारण बनाता है।

भंडारे और माउथ पब्लिसिटी ने बदली किस्मत?

फिल्म के प्रमोशन को लेकर भी इसकी कहानी काफी अलग बताई जाती है। बड़े बजट के प्रचार अभियान के बजाय मेकर्स ने अलग-अलग जगहों पर भंडारों का आयोजन कर फिल्म और नीम करौली बाबा से जुड़ा संदेश लोगों तक पहुंचाया। इसके बाद सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ती गई। फिल्म के भक्ति गीतों को भी लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। धीरे-धीरे यही चर्चा सिनेमाघरों तक दर्शकों को खींचने लगी।

बिना सुपरस्टार के बड़ा कमाल

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्य ने महाराज जी की भूमिका निभाई है। फिल्म में चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, निखिल दुबे समेत कई कलाकार नजर आते हैं।

फिल्म की कमाई ने एक बार फिर साबित किया है कि बॉक्स ऑफिस पर हमेशा बड़े बजट और सुपरस्टार ही निर्णायक नहीं होते। कभी-कभी मजबूत विषय, दर्शकों का भरोसा और माउथ पब्लिसिटी किसी छोटी फिल्म को भी बड़ी फिल्मों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा में ला सकती है।

अन्य खबरे