पटना/व्यक्तित्व : अपने अनोखे अंदाज, आसान भाषा और मजेदार उदाहरणों से मुश्किल से मुश्किल विषयों को समझाने वाले खान सर आज देश के सबसे लोकप्रिय शिक्षकों में गिने जाते हैं। यूट्यूब से लेकर ऑफलाइन क्लास तक उनकी पढ़ाने की शैली ने लाखों छात्रों के दिलों में खास जगह बनाई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच मशहूर खान सर का असली नाम फैजल खान बताया जाता है। आज भले ही लोग उन्हें पटना और बिहार से जोड़कर देखते हैं, लेकिन उनका गहरा रिश्ता उत्तर प्रदेश से भी रहा है।
यूपी से शुरू हुआ खान सर का सफर
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खान सर का जन्म उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में हुआ बताया जाता है। शुरुआती जीवन और पढ़ाई का बड़ा हिस्सा उन्होंने उत्तर प्रदेश में ही बिताया। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने विज्ञान विषय से स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई की। इसके अलावा उन्होंने भूगोल विषय से भी उच्च शिक्षा हासिल की। प्रयागराज से पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका सफर बिहार की राजधानी पटना तक पहुंचा, जहां उन्होंने छात्रों को पढ़ाना शुरू किया।
छोटी शुरुआत से बना बड़ा नाम
कहा जाता है कि खान सर ने शुरुआत बेहद साधारण तरीके से की थी। शुरुआती दौर में संसाधन सीमित थे, लेकिन उनका पढ़ाने का तरीका बिल्कुल अलग था। वह कठिन विषयों को रोजमर्रा की भाषा और उदाहरणों से समझाते थे। यही अंदाज धीरे-धीरे छात्रों को पसंद आने लगा और उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ती गई।
आज खान सर UPSC, BPSC, SSC, रेलवे, पुलिस भर्ती सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले students के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
ऑनलाइन दुनिया में मिली जबरदस्त पहचान
गौरतलब है कि डिजिटल शिक्षा के दौर में खान सर ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लाखों छात्रों तक अपनी पहुंच बनाई। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुए और देखते ही देखते वह ऑनलाइन एजुकेशन की दुनिया का बड़ा चेहरा बन गए। उनकी खासियत यह रही कि उन्होंने पढ़ाई को सरल भाषा और आम बोलचाल के अंदाज में छात्रों तक पहुंचाया।
कितनी है खान सर की संपत्ति?
आपको बता दें कि खान सर की संपत्ति को लेकर अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में अलग-अलग दावे किए जाते हैं। कुछ रिपोर्ट्स में उनकी कुल संपत्ति करोड़ों रुपये में बताई गई है। हालांकि उनकी वास्तविक संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स यह दावा करती हैं कि उनकी सम्पत्ति 5 करोड़ से लेकर 40 करोड़ रुपये तक हो सकती है। उनकी कमाई का मुख्य जरिया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, ऐप और कोचिंग संस्थान माना जाता है।
सादगी के लिए भी जाने जाते हैं खान सर
लोकप्रियता और सफलता मिलने के बाद भी खान सर अपनी साधारण जीवनशैली को लेकर चर्चा में रहते हैं। कई बार वह यह कहते नजर आए हैं कि उनका मकसद कम खर्च में ज्यादा से ज्यादा छात्रों तक शिक्षा पहुंचाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह शिक्षा और सामाजिक कार्यों से जुड़े कई प्रयासों में भी सहयोग करते रहे हैं।
गरीबों के लिए खोला मुफ्त अस्पताल :
आपको बता दें कि वे समाज सेवा के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में भी काफी सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने राजधानी पटना में ऐसा हॉस्पिटल खोला है जहां पर अत्यंत गरीबों और बेसहारा व्यक्तियों का बहुत सस्ते या मुफ्त में इलाज हो जाता है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य यह है कि कोई व्यक्ति पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे। वे ऐसे हॉस्पिटल बिहार के हर जिले में खोलने का प्लान बना रहे हैं।
विवादों से भी रहा नाता
बड़ी लोकप्रियता के साथ खान सर कई बार विवादों और चर्चाओं में भी रहे हैं। उनके बयानों और अलग अंदाज को लेकर कई बार बहस हुई है, हाल ही में पत्रकार अंजना ओम कश्यप से विवादों के कारण वे फिर चर्चा में रहे। उनके समर्थक उन्हें सरल भाषा में पढ़ाने वाला शिक्षक मानते हैं।
लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बनी कहानी
उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ खान सर का सफर आज देशभर के छात्रों तक पहुंच चुका है। सीमित संसाधनों से शुरुआत करके डिजिटल शिक्षा की दुनिया में पहचान बनाने की उनकी कहानी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा मानी जाती है।