सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को योगी सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी!: प्रदेश में 21,508 शिक्षकों-अनुदेशकों की भर्ती का ऐलान, 17 हजार मानदेय और हेल्थ कार्ड की भी मिलेगी सुविधा, जानें कब से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया?
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को योगी सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी!

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। Yogi Adityanath ने प्रदेश में 21,508 नए शिक्षकों और अनुदेशकों की भर्ती का बड़ा ऐलान कर दिया है। लंबे समय बाद बेसिक शिक्षा विभाग में इतनी बड़ी भर्ती की घोषणा होते ही युवाओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में छात्र-शिक्षक अनुपात बेहतर बनाने और बेसिक शिक्षा परिषद की “कायाकल्प यात्रा” को और मजबूत करने के लिए यह भर्ती की जा रही है। इसमें 11,508 नए शिक्षकों की भर्ती होगी, जबकि 10 हजार नए अनुदेशक उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्त किए जाएंगे।

लोकभवन से सीएम योगी का बड़ा संदेश

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रविवार को Lok Bhavan सभागार में आयोजित अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 24,717 अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के चेक भी वितरित किए। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 11,508 शिक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव Uttar Pradesh Education Service Selection Commission को भेजा जा चुका है। उन्होंने साफ कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अब कोई समझौता नहीं होगा और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

कब से शुरू होगी प्रक्रिया :

सूत्रों के अनुसार इस बड़ी भर्ती की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी, जिससे कई सालों से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को बड़ी खुशी मिली है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सारी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

17 हजार रुपए होगा अनुदेशकों का मानदेय

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011-12 में जब अनुदेशकों की नियुक्ति हुई थी, तब उन्हें सिर्फ 7 हजार रुपए मासिक मानदेय मिलता था। 2022 तक इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। बाद में 2 हजार रुपए बढ़ाए गए, लेकिन सरकार इससे संतुष्ट नहीं थी। अब सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए मानदेय को सीधे 17 हजार रुपए तक पहुंचा दिया है।

मिलेगा 5 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस

सरकार ने अनुदेशकों और उनके परिवारों के लिए 5 लाख रुपए तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा देने का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने सभी अनुदेशकों को निर्देश दिया कि वे बेसिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर तुरंत पंजीकरण कराएं, ताकि जल्द ही उन्हें हेल्थ कार्ड वितरित किए जा सकें।

96% स्कूलों में पहुंचीं बुनियादी सुविधाएं

सीएम योगी ने कहा कि 2017 में जब उनकी सरकार आई थी, तब प्रदेश के बेसिक विद्यालयों की हालत बेहद खराब थी। कई स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं। लेकिन “स्कूल चलो अभियान” और “ऑपरेशन कायाकल्प” के जरिए तस्वीर पूरी तरह बदल दी गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक अब प्रदेश के 96 प्रतिशत बेसिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं ड्रॉपआउट दर 17-18 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य इसे शून्य तक पहुंचाने का है।

शिक्षकों को दंड नहीं, सम्मान देने की बात

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने इस दौरान शिक्षकों के पक्ष में भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने वाले शिक्षकों को दंडित नहीं बल्कि सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि अगर बच्चे श्रमदान करते दिखाई दें तो उसे नकारात्मक तरीके से पेश न किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि बच्चों को “छुई-मुई” नहीं बल्कि मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।

शिक्षा से जुड़े हर कर्मचारी को सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सिर्फ शिक्षक भर्ती नहीं, बल्कि शिक्षा से जुड़े हर कर्मचारी को सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा देना भी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 1.43 लाख शिक्षामित्र, 24 हजार से ज्यादा अनुदेशक और हजारों शिक्षणेत्तर कर्मचारी सरकार की योजनाओं से जोड़े जा रहे हैं।

युवाओं में खुशी की लहर

2018 की 69 हजार शिक्षक भर्ती के बाद अब यह सबसे बड़ी भर्ती मानी जा रही है। ऐसे में प्रदेशभर के लाखों अभ्यर्थियों की निगाहें अब भर्ती प्रक्रिया शुरू होने पर टिक गई हैं।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह ऐलान किसी बड़े तोहफे से कम नहीं माना जा रहा। अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया का विस्तृत शेड्यूल भी जारी किया जाएगा।

अन्य खबरे