जयपुर : राजस्थान की सबसे चर्चित और विवादित भर्तियों में शामिल SI भर्ती-2021 आखिरकार पूरी तरह रद्द हो गई है। सुप्रीम कोर्ट से झटका मिलने के बाद अब राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करते हुए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला कर लिया है। करीब पांच साल से इस भर्ती से जुड़े विवाद, कोर्ट केस, गिरफ्तारी और पेपर लीक के आरोप सुर्खियों में थे। अब लाखों अभ्यर्थियों के सामने फिर से परीक्षा की चुनौती होगी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद टूटी उम्मीदें
आपको बता दें कि 4 मई को सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें SI भर्ती-2021 को रद्द करने का आदेश दिया गया था। इसके बाद राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने आधिकारिक रूप से भर्ती निरस्त कर दी। RPSC अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने कहा कि भर्ती दोबारा आयोजित की जाएगी, लेकिन केवल पुराने अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा।
कौन दे सकेगा दोबारा परीक्षा?
विदित है कि नई भर्ती में केवल वही अभ्यर्थी शामिल होंगे जिन्होंने 2021 की लिखित परीक्षा के दोनों पेपर दिए थे। ऐसे उम्मीदवारों की संख्या लगभग 3 लाख 83 हजार बताई गई है। यानी नए अभ्यर्थियों को इसमें शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।
16 मई से खुलेंगे आवेदन सुधार
RPSC ने बताया कि 16 मई से 30 मई 2026 तक आवेदन संशोधन विंडो खोली जाएगी। इस दौरान उम्मीदवार मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, पता जैसी जानकारियां अपडेट कर सकेंगे।
OTR-KYC अनिवार्य, वरना आवेदन रिजेक्ट
आयोग ने साफ कहा है कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) और KYC प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा। इसके बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। नई प्रक्रिया में लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपने आप आवेदन फॉर्म में जुड़ जाएगा।
कुछ नहीं बदलना तब भी करना होगा ये काम
RPSC ने अभ्यर्थियों को बड़ा निर्देश दिया है कि अगर किसी को आवेदन में कोई बदलाव नहीं करना है, तब भी उसे एडिट मोड में लॉगिन करना होगा, “संशोधन की आवश्यकता नहीं” वाला विकल्प चुनना होगा और बायोमेट्रिक सहमति देनी होगी। इसके बाद OTP वेरिफिकेशन के जरिए फॉर्म दोबारा सबमिट करना होगा।
सितंबर 2026 में हो सकती है परीक्षा
गौरतलब है कि सूत्रों के मुताबिक नई परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित हो सकती है। हालांकि आयोग जल्द आधिकारिक शेड्यूल जारी करेगा।
क्या था पूरा मामला?
SI भर्ती-2021 के लिए 3 फरवरी 2021 को नोटिफिकेशन जारी हुआ था। 859 पदों के लिए भर्ती निकली थी। 13 से 15 सितंबर 2021 के बीच परीक्षा हुई थी। इसके बाद 20 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी फिजिकल के लिए चुने गए जिसमें से 3291 उम्मीदवार इंटरव्यू तक पहुंचे और 1 जून 2023 को अंतिम परिणाम जारी हुआ। लेकिन बाद में पेपर लीक, डमी कैंडिडेट, नकल गैंग और फर्जी अभ्यर्थी जैसे गंभीर आरोप सामने आए।
कई ट्रेनी SI गिरफ्तार हुए
गौरतलब है कि राजस्थान पुलिस की SOG जांच में कई प्रशिक्षु SI गिरफ्तार किए गए, उन पर डमी कैंडिडेट और धांधली के आरोप लगे। इसके बाद असफल अभ्यर्थियों ने भर्ती रद्द करने की मांग शुरू कर दी थी।
5 साल बाद फिर वहीं लौटे लाखों अभ्यर्थी
यह भर्ती अब राजस्थान की सबसे विवादित भर्तियों में गिनी जा रही है। कई अभ्यर्थी उम्र सीमा, तैयारी, करियर और मानसिक दबाव को लेकर चिंता जता रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कई युवाओं का कहना है कि: “भले देर हुई, लेकिन अब निष्पक्ष परीक्षा होनी चाहिए।”
SI भर्ती रद्द होने के बाद एक बार फिर परीक्षा सुरक्षा, भर्ती पारदर्शिता, पेपर लीक माफिया और सरकारी चयन प्रक्रिया पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि नई परीक्षा कितनी निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराई जाती है।