न्यू नोएडा के बाद नोएडा पार्ट-3 की तैयारी!: बागपत-खेकड़ा क्षेत्र में बसेगा नया शहर, वहीं 6 लाख की आबादी...जानें न्यू नोएडा मास्टर प्लान-2041 के तहत...
न्यू नोएडा के बाद नोएडा पार्ट-3 की तैयारी!

नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार के बीच अब एक और नया शहर बसाने की तैयारी की जा रही है। न्यू नोएडा के बाद नोएडा विस्तार के अगले चरण में बागपत और खेकड़ा क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे नई सिटी विकसित करने की योजना सामने आई है। इस प्रस्तावित शहर को नोएडा के तीसरे विस्तार 'नोएडा पार्ट-3' के रूप में देखा जा रहा है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से सर्वे कराया जा रहा है और रिपोर्ट मंजूरी के लिए शासन को भेजी गई है। अगर इस योजना को मंजूरी मिलती है तो दिल्ली-एनसीआर में शहरी विकास का दायरा और बढ़ जाएगा। एक्सप्रेसवे के आसपास नए आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों के विकसित होने से इस इलाके की तस्वीर बदल सकती है।

न्यू नोएडा में तेजी से आगे बढ़ रहा विकास

आपको बता दें कि न्यू नोएडा को दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (DNGIR) के तहत विकसित किया जा रहा है। इसके लिए गौतम बुद्ध नगर के दादरी और बुलंदशहर की सिकंदराबाद तहसील के गांवों की जमीन प्रस्तावित है। करीब 21 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाले इस शहर में चार चरणों में काम किया जाएगा। पहले चरण में 2023 से 2027 तक करीब 3,165 हेक्टेयर जमीन पर विकास होगा। इसके बाद दूसरे चरण में 2027 से 2032 तक 3,798 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्योगिक और आवासीय गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। तीसरे चरण में 2032 से 2037 तक 5,908 हेक्टेयर में व्यापारिक केंद्र और लॉजिस्टिक्स हब विकसित होंगे। चौथे चरण में 2037 से 2041 तक 8,230 हेक्टेयर क्षेत्र में आवासीय योजनाएं, पार्क और मनोरंजन सुविधाएं तैयार करने की योजना है।

6 लाख लोगों के रहने के लिए बनेगा शहर

गौड़तलब है कि न्यू नोएडा के मास्टर प्लान-2041 के अनुसार यहां करीब 6 लाख लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। इनमें बड़ी संख्या नौकरी और रोजगार के सिलसिले में आने वाले लोगों की होगी। शहर में अलग-अलग श्रेणियों के आवास, टाउनशिप और कर्मचारियों के लिए किफायती घर बनाए जाने की योजना है। इस शहर का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा औद्योगिक गतिविधियों के लिए निर्धारित किया गया है। यहां आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और भारी उद्योगों से जुड़ी इकाइयां विकसित होंगी। शुरुआती चरण में लगभग 3,000 औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य बताया गया है। इसके अलावा करीब 9 प्रतिशत क्षेत्र में एजुकेशन सिटी विकसित करने की योजना है, जहां विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और तकनीकी संस्थान खोले जा सकेंगे।

पानी, हरियाली और विदेशी तर्ज की टाउनशिप

6 लाख लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिदिन करीब 300 एमएलडी पानी की आवश्यकता होगी। इसके लिए गंगाजल और भूजल के इस्तेमाल के साथ जल संरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। भूजल स्तर सुधारने के लिए कृत्रिम झीलों और जल पुनर्भरण से जुड़ी योजनाएं बनाई जाएंगी। न्यू नोएडा में जापानी, सिंगापुर और कोरियन सिटी जैसी थीम पर टाउनशिप विकसित करने की भी योजना है।

एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट से मिलेगी रफ्तार

न्यू नोएडा की कनेक्टिविटी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे से मजबूत करने की तैयारी है। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी इस क्षेत्र को फायदा मिलने की उम्मीद है। लिंक रोड और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

वहीं ग्रेटर नोएडा के मास्टर प्लान-2041 को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत 140 नए गांव शामिल किए जाएंगे और अगले 15 वर्षों में शहर की आबादी करीब 40 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। इस तरह नोएडा, न्यू नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विस्तार से पूरे क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर बनने की तैयारी है।

अन्य खबरे