फाइनेंस : ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट करने वाले करोड़ों लोगों के लिए राहत की खबर है। साइबर ठगी, अकाउंट हैकिंग और अनधिकृत लेनदेन से ग्राहकों की मेहनत की कमाई बचाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) डिजिटल बैंकिंग सुरक्षा के नियमों में बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। नए प्रस्तावों के तहत बैंकिंग ऐप में ‘स्टॉप स्विच’ जैसा इमरजेंसी फीचर मिलेगा, जिससे ग्राहक संदिग्ध गतिविधि होने पर एक क्लिक में पैसे बाहर जाने से रोक सकेंगे। RBI ने इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए ड्राफ्ट नियम जारी किए हैं। इन पर 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे गए हैं। प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद कुछ नियम 1 जनवरी 2027 और अन्य बदलाव 1 जुलाई 2027 से लागू किए जा सकते हैं।
एक क्लिक में बंद होंगे सभी डिजिटल पेमेंट
आपको बता दें कि नए प्रस्ताव का सबसे खास फीचर ‘स्टॉप स्विच’ होगा। अगर किसी ग्राहक को लगता है कि उसका मोबाइल, बैंक अकाउंट या डिजिटल पेमेंट सिस्टम हैक हो गया है, तो उसे बैंक के कस्टमर केयर पर फोन करके लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। बैंकिंग ऐप या इंटरनेट बैंकिंग में उपलब्ध इमरजेंसी बटन दबाकर खाते से होने वाले नए डिजिटल भुगतान तुरंत रोक सकेगा। इससे नए पेमेंट, नए ऑटो-डेबिट और किसी नए ऐप पर UPI रजिस्ट्रेशन जैसी गतिविधियां बंद हो जाएंगी। हालांकि, खाते में पैसे जमा होना, पहले से चल रही EMI, पुराने ऑटो-डेबिट और बैंक शुल्क जारी रह सकते हैं। यानी पूरा बैंक खाता फ्रीज नहीं होगा। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ग्राहक दोबारा डिजिटल भुगतान शुरू कर सकेगा।
अपनी मर्जी से तय करें पेमेंट लिमिट
गौरतलब है कि अब ग्राहक केवल बैंक या पेमेंट ऐप की तय सीमा पर निर्भर नहीं रहेंगे। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत वे खुद तय कर सकेंगे कि एक बार में, किसी खास व्यक्ति को या पूरे दिन में अधिकतम कितनी रकम भेजनी है। उदाहरण के लिए, ग्राहक किसी व्यक्ति को रोजाना ₹20,000 और किसी विशेष ऐप से ₹10,000 तक भुगतान की सीमा तय कर सकता है। इसके अलावा, अलग-अलग डिजिटल पेमेंट माध्यमों के इस्तेमाल का समय भी निर्धारित करने की सुविधा मिल सकती है। नया बैंक खाता खुलने पर डिजिटल पेमेंट चैनल डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगे। ग्राहक की अनुमति मिलने के बाद ही इन्हें चालू किया जाएगा।
बड़े पेमेंट पर भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी
RBI ‘ट्रस्टेड पर्सन’ नाम की वैकल्पिक सुविधा भी प्रस्तावित कर रहा है। इसमें ग्राहक 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के किसी भरोसेमंद व्यक्ति, जैसे परिवार के सदस्य, को चुन सकेगा। अगर ग्राहक अपनी तय सीमा से अधिक रकम भेजता है, तो चुने गए व्यक्ति के पास भुगतान की जानकारी पहुंचेगी। उसे मंजूरी देने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। मंजूरी नहीं मिलने या समय पर जवाब नहीं आने पर ट्रांजैक्शन रुक जाएगा। इस सुविधा को शुरू करने से पहले 24 घंटे का कूलिंग-ऑफ पीरियड भी रखा जाएगा। भरोसेमंद व्यक्ति खाते का बैलेंस, एफडी या निवेश की जानकारी नहीं देख सकेगा और खुद पैसे निकालने का अधिकार भी नहीं होगा।
फ्रॉड होने पर बैंकों की बढ़ेगी जवाबदेही
विदित है कि नए प्रस्तावों में बैंकों की सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां भी बढ़ाई जा रही हैं। जरूरी ट्रांजैक्शन अलर्ट नहीं भेजना, 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा न देना या फ्रॉड की शिकायत पर समय से कार्रवाई नहीं करना बैंक की लापरवाही माना जा सकता है। बैंक के सिस्टम में खराबी, सुरक्षा में सेंध या कर्मचारी की मिलीभगत से धोखाधड़ी होने पर भी बैंक की जवाबदेही तय करने का प्रावधान प्रस्तावित है।
ये नियम सरकारी, निजी, ग्रामीण, स्मॉल फाइनेंस, पेमेंट्स और सहकारी बैंकों समेत विभिन्न बैंकिंग संस्थानों पर लागू हो सकते हैं। हालांकि, अभी ये प्रस्तावित नियम हैं। अंतिम मंजूरी के बाद ही ग्राहकों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।