यूपी में नोएडा समेत ये 10 शहर बनेंगे वर्ल्ड क्लास सिटी!: लखनऊ की तर्ज पर महानगरों...जहां नमो भारत-बुलेट ट्रेन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, वहीं...जानें क्या हैं यूपी सरकार का मास्टरप्लान 2047
यूपी में नोएडा समेत ये 10 शहर बनेंगे वर्ल्ड क्लास सिटी!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश को 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ शहरी विकास का एक बड़ा खाका तैयार किया गया है। आने वाले वर्षों में प्रदेश के शहरों की तस्वीर बदलने की तैयारी है। बुलेट ट्रेन, नमो भारत रैपिड रेल, मेट्रो, एक्सप्रेसवे और आधुनिक एयरपोर्ट के नेटवर्क के जरिए शहरों को एक-दूसरे से जोड़ने की योजना है। इसके साथ ही लखनऊ समेत 10 शहरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्लोबल मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। यूपी अर्बन डेवलपमेंट प्लान 2047 के तहत तीन शहरों को दुनिया के टॉप-100 शहरों में शामिल कराने की दिशा में काम होगा। प्रदेश की शहरी आबादी को मौजूदा करीब 25 फीसदी से बढ़ाकर 2047 तक 60 फीसदी करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। इसके लिए शहरों में रोजगार, आवास, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

ये 10 शहर बनेंगे ग्लोबल सिटी

आपको बता दें कि योजना के तहत लखनऊ, कानपुर, नोएडा, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद, मेरठ, गोरखपुर और बरेली को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्मार्ट और ग्लोबल मेट्रो सिटी के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इन शहरों में आधुनिक परिवहन, बेहतर आवास, उद्योग, रोजगार और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। लखनऊ को मॉडल मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने की तैयारी है। इसके लिए स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) विकसित किया जा रहा है, जिसकी अवधारणा दिल्ली-NCR की तरह होगी। राजधानी के आसपास के जिलों को बेहतर सड़क, मेट्रो और अन्य परिवहन सुविधाओं से जोड़कर विकास का दायरा बढ़ाया जाएगा, जिससे लखनऊ पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके।

बुलेट ट्रेन से जुड़ेंगे यूपी के कई शहर

गौरतलब है कि दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर इस विजन की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। प्रस्तावित मार्ग से नोएडा, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कन्नौज, लखनऊ, रायबरेली और प्रयागराज जैसे शहरों को कनेक्टिविटी मिलने की योजना है। इसके अलावा लखनऊ से अयोध्या तक बुलेट ट्रेन लिंक का प्रस्ताव भी शामिल है। पश्चिमी यूपी में नमो भारत रैपिड रेल का नेटवर्क बढ़ाने की योजना है। गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट, खुर्जा, हापुड़ और अन्य क्षेत्रों को जोड़ने वाले कॉरिडोर के साथ दिल्ली-NCR के विभिन्न शहरों के बीच तेज आवागमन की सुविधा विकसित करने पर जोर है।

एक्सप्रेसवे और मेट्रो का भी होगा विस्तार

प्रदेश में पहले से मौजूद एक्सप्रेसवे नेटवर्क के साथ गोरखपुर-शामली, गोरखपुर-सिलीगुड़ी और वाराणसी-कोलकाता जैसे प्रस्तावित मार्गों को आगे बढ़ाने की योजना है। आठ लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए प्रमुख एक्सप्रेसवे को जोड़कर जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर करने का लक्ष्य है। यूपी के सात शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हैं। आने वाले समय में वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और बरेली में मेट्रो या लाइट मेट्रो की योजनाओं पर काम होगा। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का लक्ष्य 2047 तक 20 शहरों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ना है।

75 जिलों में विकास का नया ढांचा

प्रदेश के सभी 75 जिलों में शहरी विकास प्राधिकरण और GIS आधारित मास्टर प्लान तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत आवास, बिजली, पानी, सीवेज, सड़क और कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाओं को व्यवस्थित किया जाएगा। एयरपोर्ट नेटवर्क का विस्तार कर 2047 तक हर मंडल में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुविधा विकसित करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

सरकार का विजन है कि आने वाले वर्षों में यूपी के शहर केवल आबादी के केंद्र न रहें, बल्कि रोजगार, कारोबार, आधुनिक परिवहन और बेहतर जीवन सुविधाओं के बड़े केंद्र बनें। अगर इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया, तो 2047 तक प्रदेश के शहरी विकास की तस्वीर काफी बदल सकती है।

अन्य खबरे