ट्रैफिक चालान नहीं भरा तो क्या बंद हो जाएगा बिजली कनेक्शन?: सुप्रीम कोर्ट ने गाड़ी की RC, PUC और लाइसेंस रोकने के दिए निर्देश, जानें पूरा मामला
ट्रैफिक चालान नहीं भरा तो क्या बंद हो जाएगा बिजली कनेक्शन?

नई दिल्ली: अगर आपने ट्रैफिक का ई-चालान भरा नहीं है, तो अब बड़ी मुश्किल खड़ी हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए सुझाव दिया है कि बकाया ट्रैफिक जुर्माने को बिजली बिल से जोड़ा जाए। कोर्ट ने कहा कि अगर लोग चालान नहीं भर रहे हैं तो बकाया रकम को बिजली बिल से जोड़ने की संभावना पर विचार किया जा सकता है। कोर्ट ने साफ कहा कि लोगों को बिजली का बिल तो भरना ही पड़ेगा, वरना कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद गुरुवार को कोर्ट ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सख्त निर्देश भी दे दिए।

क्या हैं सुप्रीम कोर्ट के निर्देश?

आपको बता दें कि जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के.वी. विश्वनाथन की बेंच ने निर्देश दिया कि जिन गाड़ियों का ट्रैफिक जुर्माना बकाया है, उनसे जुड़ी सभी ऑनलाइन और गाड़ी संबंधी सेवाएं रोक दी जाएं। यानी कि

• गाड़ी के रजिस्ट्रेशन का रिन्यूअल नहीं होगा
• फिटनेस सर्टिफिकेट जारी नहीं होगा
• प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट (PUC) नहीं मिलेगा
• मालिकाना हक का ट्रांसफर रुक जाएगा
• ड्राइविंग लाइसेंस का रिन्यूअल भी रोका जा सकता है
• कई उल्लंघन वालों का लाइसेंस सस्पेंड भी हो सकता है

ब्लैक लिस्ट में डाली जाएंगी गाड़ियां

गौरतलब है कि कोर्ट ने यह भी कहा कि बकाया ई-चालान वाली गाड़ियों को केंद्रीय परिवहन पोर्टल पर ब्लैक लिस्ट में डाला जाए। ऐसी गाड़ियों की बिक्री या ट्रांसफर पर भी रोक लगेगी। जब तक पेंडिंग जुर्माना नहीं भरा जाएगा, तब तक PUC जारी नहीं किया जाएगा।

20 हजार करोड़ का बकाया!

कोर्ट को बताया गया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों पर ट्रैफिक ई-चालान का करीब 20,000 करोड़ रुपये बकाया है। पिछले कुछ समय में कुल 49,194.05 करोड़ रुपये के ई-चालान जारी हुए थे, जिनमें से अब तक सिर्फ 26,175.05 करोड़ रुपये ही वसूल हो पाए हैं। यानी आधे से ज्यादा जुर्माना अब तक वसूल नहीं हुआ।

'सिर्फ चालान जारी करने से क्या फायदा?'

विदित है कि कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा कि केवल हजारों-लाखों ई-चालान जारी करने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होता, जब तक जुर्माना वसूल न हो। कोर्ट ने कहा, "अगर लोग चालान नहीं भर रहे हैं, तो इसे बिजली बिल से जोड़ दें। बिजली का बिल भरना ही पड़ेगा, वरना कनेक्शन काट दिया जाएगा। इस देश में कोई न कोई रास्ता निकालना ही होगा।"

आम लोगों पर क्या असर?

जिन लोगों ने समय पर चालान भर दिया है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं। लेकिन जिनकी गाड़ियों पर जुर्माना बकाया है, उनके लिए रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, PUC और लाइसेंस जैसे काम अटक सकते हैं। ऐसे में सलाह यही है कि अपना बकाया चालान जल्द से जल्द चेक करें और भर दें।

यह फैसला सड़क सुरक्षा कानूनों को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से लागू करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि राज्य सरकारें इन निर्देशों को कितनी तेजी से अमल में लाती हैं।

अन्य खबरे