दिल्ली के कालिंदी कुंज में फ्लाईओवर, मिलेगी जाम से राहत!: 500 करोड़ होगी लागत, पर्पल सिटी से मेट्रो-सुरंग तक...ये होंगें बदलाव
दिल्ली के कालिंदी कुंज में फ्लाईओवर, मिलेगी जाम से राहत!

 नई दिल्ली : दिल्ली वालों के लिये राहत की खबर आई है। कालिंदी कुंज चौराहे पर घंटों जाम में फंसे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब वहां जाम खत्म करने के लिए फ्लाईओवर और इंटरचेंज सुविधा बनाने की तैयारी जोरों पर है। साथ ही, दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन पर सुरंग निर्माण में भी बड़ी सफलता मिल चुकी है। यानी राजधानी में मेट्रो की रफ्तार भी अब बढ़ने वाली है।

कालिंदी कुंज फ्लाईओवर से जाम खत्म :

एनएचएआई के मुताबिक, कालिंदी कुंज चौराहे पर 500 मीटर लंबी इंटरचेंज सुविधा और फ्लाईओवर बनने वाला है। इसके लिए 500 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इस चौराहे से रोजाना दक्षिणी दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद का ट्रैफिक गुजरता है। अब फ्लाईओवर बनने से इन तीनों शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। 23 जून तक डीपीआर के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस पर निर्माण जल्द शुरू होगा।

मेट्रो में भी बड़ी सफलता; सुरंग में मिली जीत :

गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो फेज-4 के गोल्डन लाइन पर 792 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण पूरा हो चुका है। तुगलकाबाद रेलवे बस्ती स्टेशन पर मशीन से यह सुरंग बनाई गई। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि : “अब दिल्ली में मेट्रो निर्माण रफ्तार पकड़ चुका है। फेज-4 के तहत 40.12 किमी भूमिगत लाइन बनाई जा रही है। जुलाई तक समानांतर सुरंग भी तैयार होगी।” इससे एरोसिटी से तुगलकाबाद कॉरिडोर पर सफर और भी आसान हो जाएगा।

दिल्ली बनेगी 'पर्पल सिटी'; दिव्यांगों के लिए बड़ा प्लान :

आपको बता दें कि दिल्ली सरकार ‘सुगम्य दिल्ली अभियान’ के तहत दिल्ली को दिव्यांगों के अनुकूल ‘पर्पल सिटी’ में बदलने जा रही है। अब सभी सरकारी इमारतों और खेल स्टेडियमों में रैम्प, लिफ्ट, ब्रेल चिह्न, व्हीलचेयर सुविधाएं, ऑडियो-विजुअल हेल्प उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि : “इससे दिव्यांगजनों को खेल, शिक्षा और रोजगार में बराबरी का मौका मिलेगा।”

भोरगढ़ बनेगा स्मार्ट औद्योगिक जोन :

विदित है कि दिल्ली सरकार ने भोरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र (बवाना-2) को आधुनिक औद्योगिक जोन में बदलने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। पीपीपी मॉडल पर सड़कें, नाले, स्मार्ट लाइट्स, सीसीटीवी, धुंध-विरोधी तोपें लगाई जाएंगी। साथ ही 10 अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी पीएमयू गठित की जाएगी।

उत्तम नगर, नजफगढ़-ढांसा रोड और चांदनी चौक की सड़कें चमकेंगी :

गौरतलब है कि उत्तम नगर में 3.55 करोड़ रुपये से सड़कें और नालियां बनेंगी। वहीं नजफगढ़-ढांसा रोड को नई तकनीक से मजबूत सड़कें बनाई जाएंगी। वहीं चांदनी चौक में लाल जैन मंदिर से फतेहपुरी मस्जिद तक 58.86 लाख रुपये से सड़कें और नालियां सुधारी जाएंगी। रेड सैंडस्टोन बोलार्ड और ग्रेनाइट फ्लोरिंग लगाई जाएगी।

इन परियोजनाओं से जहां एक तरफ कालिंदी कुंज पर जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं मेट्रो की नई सुरंग, दिव्यांगों के लिए ‘पर्पल सिटी’ और औद्योगिक जोन को आधुनिक रूप देना दिल्ली की रफ्तार को चार गुना तेज कर देगा। जल्द ही दिल्लीवालों को जाम, जर्जर सड़कें और अव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र बीते जमाने की बात लगेंगे।

अन्य खबरे