अब दिल्ली से ऋषिकेश का सफर होगा सुपरफास्ट!: मेरठ से लक्ष्मणझूला तक दौड़ेगी हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन, यूपी और उत्तराखंड सरकार के बीच 150 किमी लम्बे कॉरिडोर पर बनी सहमति, जानिए किस रूट पर दौड़ेगी ट्रेन और कहाँ-कहाँ होंगे स्टॉप
अब दिल्ली से ऋषिकेश का सफर होगा सुपरफास्ट!

देहरादून: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब जल्द ही मेरठ से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (RRTS) दौड़ती नजर आएगी। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच रूट अलाइनमेंट को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली से ऋषिकेश का सफर बेहद आसान हो जाएगा और यात्रियों को केवल करीब ढाई से तीन घंटे में दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने की सुविधा मिल सकेगी।

150 किलोमीटर लंबा होगा नया हाई स्पीड कॉरिडोर, होंगे ये स्टॉपेज

आपको बता दें कि प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर की लंबाई करीब 150 किलोमीटर होगी। यह नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश करेगा। इसके बाद ट्रेन रुड़की, हरिद्वार और हर की पैड़ी क्षेत्र से होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगी। इस पूरे रूट में करीब 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में आएगा।

160 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन

गौरतलब है कि नमो भारत ट्रेन को हाई स्पीड कनेक्टिविटी के लिए तैयार किया गया है। यह ट्रेन करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम होगी। इससे दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं वाली तेज परिवहन सेवा मिलेगी।

DPR के लिए जल्द शुरू होगा सर्वे

इस बड़े प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसके लिए 7.02 करोड़ रुपये के परामर्श शुल्क को मंजूरी दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही जमीन पर सर्वे का काम शुरू किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे निर्माण की योजना तैयार होगी।

दिल्ली-मेरठ के बाद अब ऋषिकेश तक विस्तार की तैयारी

विदित है कि इसी वर्ष फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है। इसके बाद से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार इस नेटवर्क को ऋषिकेश तक बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे थे। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मुलाकात कर प्रस्ताव रखा था।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बड़ा फायदा

उत्तराखंड सरकार का मानना है कि इस प्रोजेक्ट से राज्य की कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी। हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी। बेहतर परिवहन व्यवस्था से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन का विस्तार केवल एक रेल प्रोजेक्ट नहीं बल्कि पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के बीच विकास और कनेक्टिविटी का नया अध्याय माना जा रहा है। आने वाले वर्षों में यह कॉरिडोर लाखों यात्रियों के सफर को पूरी तरह बदल सकता है।

अन्य खबरे