लखनऊ: सरकारी अफसर बनने या बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना बड़ा सहारा बन रही है। महंगी कोचिंग फीस के कारण तैयारी से पीछे रह जाने वाले छात्रों को अब UPSC, PCS, NDA, NEET और JEE जैसी परीक्षाओं की तैयारी मुफ्त में कराई जाएगी। प्रदेश के सभी 75 जिलों में योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चयनित छात्रों की कक्षाएं 1 से 15 जुलाई के बीच शुरू होंगी और 30 अप्रैल 2027 तक संचालित की जाएंगी।
सीट खाली तो डायरेक्ट एडमिशन, ज्यादा आवेदन पर होगा चयन
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में छात्रों का चयन दो तरीकों से किया जाता है। यदि किसी केंद्र पर उपलब्ध सीटों से कम आवेदन आते हैं तो छात्रों को सीधे प्रवेश मिल सकता है। वहीं सीटों से अधिक आवेदन होने पर मेरिट, इंटरव्यू या प्रवेश परीक्षा के आधार पर चयन किया जाएगा। इसका अंतिम निर्णय संबंधित जिले के समाज कल्याण अधिकारी या मुख्य विकास अधिकारी (CDO) द्वारा लिया जाएगा।
इन परीक्षाओं की मिलेगी मुफ्त तैयारी
इस योजना के तहत छात्रों को कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। इनमें UPSC सिविल सेवा, UPPCS, NDA, NEET, JEE सहित अन्य सरकारी भर्तियां शामिल हैं। छात्रों को पढ़ाई के लिए फ्री स्टडी मटेरियल, डिजिटल कंटेंट और ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
IAS-IPS अधिकारी भी देंगे सफलता के टिप्स
योजना की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ शिक्षक ही नहीं बल्कि समय-समय पर जिले में तैनात IAS, IPS और PCS अधिकारी भी छात्रों का मार्गदर्शन करते हैं। अधिकारी अपने अनुभव साझा करते हैं और परीक्षा की रणनीति बताते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन क्लास के साथ ऑनलाइन लेक्चर, डाउट क्लियरिंग सेशन और काउंसलिंग की सुविधा भी मिलती है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन
ऑनलाइन आवेदन के लिए छात्रों को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। वहां अपनी परीक्षा, जिला और व्यक्तिगत जानकारी भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। वहीं ऑफलाइन आवेदन के लिए छात्र अपने जिले के जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय या अभ्युदय सेंटर से फॉर्म लेकर जमा कर सकते हैं।
आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
आपको बता दें कि आवेदन करते समय आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक मार्कशीट, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और जरूरत के अनुसार जाति व आय प्रमाण पत्र देना होगा।
हॉस्टल और मेस की भी मिल सकती है सुविधा
SC, ST और OBC वर्ग के ऐसे छात्र जो IAS या PCS जैसी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, उन्हें फ्री कोचिंग के साथ हॉस्टल और मेस की सुविधा भी मिल सकती है। इसके लिए अलग से प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है।
75 जिलों में चल रहे अभ्युदय केंद्र
प्रदेश सरकार इस योजना को सभी 75 जिलों में चला रही है। लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद समेत हर जिले में अभ्युदय सेंटर बनाए गए हैं, ताकि छात्रों को अपने जिले में ही बेहतर तैयारी का मौका मिल सके।
5 साल में सैकड़ों छात्रों को मिली सफलता
गौरतलब है कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस योजना के माध्यम से पिछले वर्षों में सैकड़ों छात्र सफल हुए हैं। UPSC, UPPCS, NEET, JEE, पुलिस भर्ती, लेखपाल और अन्य परीक्षाओं में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
सरकार का लक्ष्य- कोई प्रतिभाशाली छात्र पीछे न रह जाए
सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक स्थिति के कारण कोई भी प्रतिभाशाली छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित न रहे। आने वाले समय में इस योजना को तहसील और ब्लॉक स्तर तक विस्तार देने की भी तैयारी है।