1 जुलाई से रेलवे के इन नियमों में हुआ बड़ा बदलाव!: अब बिना टिकट पकड़े जाने पर पर लगेगा डबल जुर्माना, वहीं दूसरे के टिकट पर यात्रा...इन 11 गलतियों पर लगेगी ये पेनल्टी_एक नजर
1 जुलाई से रेलवे के इन नियमों में हुआ बड़ा बदलाव!

नई दिल्ली : रेल यात्रियों के लिए अब नियमों का पालन करना और भी जरूरी होने वाला है। भारतीय रेलवे 1 जुलाई से कई नियमों को लेकर सख्ती बढ़ाने जा रहा है। अब बिना टिकट सफर करना, दूसरे व्यक्ति के टिकट पर यात्रा करना, महिला कोच में गलत तरीके से प्रवेश करना या रेलवे परिसर में नियम तोड़ना यात्रियों को भारी पड़ सकता है। नई व्यवस्था के तहत जुर्माने की राशि बढ़ाई जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किए जा रहे हैं।

बिना टिकट यात्रा अब पड़ेगी महंगी

आपको बता दें कि ट्रेन में बिना टिकट सफर करते हुए पकड़े जाने पर अब यात्री को पूरा किराया देने के साथ ₹500 का जुर्माना भी भरना होगा। अभी तक यह जुर्माना ₹250 था। करीब 13 साल बाद जुर्माने की राशि में बदलाव किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इससे पहले वर्ष 2013 में जुर्माना ₹50 से बढ़ाकर ₹250 किया गया था। अब इसे बढ़ाकर दोगुना किया जा रहा है।

दूसरे के टिकट पर सफर किया तो भी होगी कार्रवाई

गौरतलब है कि अगर कोई यात्री किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से बुक किए गए टिकट पर सफर करते हुए पकड़ा जाता है तो उसका टिकट जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही यात्री से पूरा किराया और ₹500 जुर्माना लिया जाएगा। रेलवे का कहना है कि टिकट व्यवस्था में पारदर्शिता और गलत इस्तेमाल रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

महिला कोच में पुरुषों की एंट्री पड़ेगी भारी

विदित है कि महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने महिला आरक्षित कोच को लेकर भी सख्ती बढ़ाई है। अब महिला कोच में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले पुरुष यात्रियों पर ₹2500 तक का जुर्माना लगाया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा माहौल उपलब्ध कराना है।

नशे में हंगामा किया तो जेल तक की नौबत

रेलवे स्टेशन या ट्रेन में शराब के नशे में हंगामा करना, यात्रियों को परेशान करना या गाली-गलौज करना भी भारी पड़ेगा। ऐसे मामलों में यात्री को ट्रेन से उतारा जा सकता है। इसके अलावा 24 घंटे की जेल, ₹1000 जुर्माना या सामुदायिक सेवा जैसी कार्रवाई भी हो सकती है।

इन गलतियों पर भी लगेगा जुर्माना

* बिना टिकट यात्रा — किराए के साथ ₹500 जुर्माना

* दूसरे के टिकट पर यात्रा — किराए के साथ ₹500 जुर्माना

* महिला कोच में पुरुष यात्री — ₹2500 जुर्माना

* बिना लाइसेंस फेरी या भीख मांगना — ₹2000 जुर्माना

* प्रतिबंधित सामान ले जाना — ₹10,000 तक जुर्माना या नुकसान की भरपाई

* स्टेशन या ट्रेन में अनाधिकृत प्रवेश — ₹500 जुर्माना

* यात्रियों को परेशान करना या अश्लील हरकत — ₹1000 जुर्माना या 6 महीने तक जेल

जुर्माना नहीं दिया तो कोर्ट पहुंचेगा मामला

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अगर कोई यात्री जुर्माने का भुगतान नहीं करता है तो मामला कोर्ट तक जा सकता है। वहां अतिरिक्त जुर्माने के साथ जेल की सजा भी हो सकती है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोन को नए नियमों की जानकारी अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि 1 जुलाई से इन नियमों को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके।

नई व्यवस्था के बाद साफ है कि अब रेल यात्रा के दौरान छोटी लापरवाही भी यात्रियों की जेब पर भारी पड़ सकती है। नियमों का पालन करना ही सुरक्षित और आसान सफर का रास्ता होगा।

अन्य खबरे