लाइफस्टाइल/तकनीकी : नया स्मार्टफोन लेने के बाद अगर आप भी अपना पुराना फोन बेचने या एक्सचेंज करने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आमतौर पर लोग मानते हैं कि फोन को Factory Reset करने के बाद उनकी फोटो, वीडियो और निजी जानकारी हमेशा के लिए डिलीट हो जाती है, लेकिन एक नए सर्वे ने इस भरोसे पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुराने स्मार्टफोन के बढ़ते बाजार के बीच सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ फैक्ट्री रीसेट करना कई बार डेटा सुरक्षा की पूरी गारंटी नहीं माना जा सकता। सर्वे में दावा किया गया है कि करीब 31 प्रतिशत लोगों ने किसी डिवाइस से डिलीट किया गया डेटा दोबारा रिकवर करने की बात कही है।
फोन बेचने के बाद भी डेटा लीक होने का डर
गौरतलब है कि आज स्मार्टफोन केवल कॉल और मैसेज का साधन नहीं रह गया है। इसमें लोगों की निजी तस्वीरें, वीडियो, बैंकिंग डिटेल, UPI जानकारी, ईमेल, सोशल मीडिया अकाउंट और जरूरी दस्तावेज तक मौजूद रहते हैं। सर्वे में शामिल करीब 74 प्रतिशत लोगों ने माना कि फोन बेचने के बाद उन्हें अपने निजी डेटा के गलत इस्तेमाल की चिंता रहती है। यही वजह है कि पुराने फोन को बेचते समय डेटा सुरक्षा पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गई है।
तेजी से बढ़ रहा पुराने फोन का बाजार
भारत में सेकेंड हैंड स्मार्टफोन खरीदने और बेचने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। नए मॉडल आने और अपग्रेड की बढ़ती चाहत के कारण लोग अपने पुराने फोन को बेचना या एक्सचेंज करना पसंद कर रहे हैं। सर्वे के मुताबिक, करीब 56.6 प्रतिशत लोग पहले कभी अपना स्मार्टफोन बेच या एक्सचेंज कर चुके हैं।
डेटा डिलीशन सर्टिफिकेट की मांग बढ़ी
विदित है कि लोग अब सिर्फ फोन रीसेट करके संतुष्ट नहीं होना चाहते। सर्वे में करीब 83.3 प्रतिशत लोगों ने माना कि फोन बेचते समय डेटा डिलीशन सर्टिफिकेट बेहद जरूरी है। यह सर्टिफिकेट इस बात की पुष्टि करता है कि फोन से मौजूद डेटा सुरक्षित तरीके से पूरी तरह मिटा दिया गया है और उसके दोबारा रिकवर होने की संभावना बेहद कम है।
पुराना फोन बेचने से पहले जरूर करें ये काम
फोन बेचने से पहले सभी जरूरी डेटा का बैकअप लें। सभी अकाउंट जैसे गूगल, ईमेल और सोशल मीडिया लॉगआउट करें। फोन से बैंकिंग और पेमेंट ऐप्स हटाएं। फैक्ट्री रीसेट करने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि डेटा पूरी तरह मिट चुका है।
थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजी जानकारी को गलत हाथों तक पहुंचा सकती है। इसलिए पुराने फोन को बेचने से पहले सिर्फ रीसेट नहीं, बल्कि पूरी डिजिटल सफाई करना जरूरी है।