PM मोदी-कंगना रनौत पर राखी सावंत की विवादित टिप्पणी से मचा बवाल!: कंगना - तुम्हारे फेवर से स्वीपर की नौकरी...सोशल मीडिया पर छिड़ी बड़ी बहस...जानिए क्या हैं पूरा मामला
PM मोदी-कंगना रनौत पर राखी सावंत की विवादित टिप्पणी से मचा बवाल!

नई दिल्ली: बॉलीवुड की दो चर्चित हस्तियों राखी सावंत और कंगना रनौत के बीच जुबानी जंग एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना रनौत और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लेकर राखी सावंत की हालिया टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया। अब कंगना ने सोशल मीडिया पर राखी को ऐसा जवाब दिया है, जिसने मनोरंजन जगत में हलचल बढ़ा दी है।

राखी के बयान से शुरू हुआ नया विवाद

आपको बता दें कि मामला एक पॉडकास्ट में हुई बातचीत के बाद सामने आया। बातचीत के दौरान राखी सावंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कुछ महिला नेताओं को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना होने लगी। राखी की टिप्पणी में कंगना और स्मृति ईरानी का भी जिक्र था। बयान सामने आने के बाद मामला तेजी से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। इसी बीच कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए राखी सावंत पर पलटवार किया।

कंगना ने कहा- सफल महिलाओं पर होता है हमला

गौरतलब है कि कंगना ने बिना सीधे नाम लिए कहा कि केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि कई ऐसे लोग होते हैं जो खुद को असफल महसूस करते हैं और अपनी निराशा का ठीकरा सफल महिलाओं पर फोड़ते हैं। उनके मुताबिक, ऐसे लोग महिलाओं के चरित्र पर टिप्पणी करके अपनी जलन, ईर्ष्या और असफलता को सही साबित करने की कोशिश करते हैं। कंगना ने यह भी कहा कि महिलाओं को इस तरह के लगातार व्यक्तिगत हमलों से कमजोर महसूस करने की जरूरत नहीं है। हर आरोप का जवाब देना या हर बात पर सफाई पेश करना भी जरूरी नहीं है।

फिर राखी पर सीधा वार

इसके बाद कंगना का जवाब और ज्यादा तीखा हो गया। उन्होंने राखी पर तंज कसते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के लिए कोई कितना भी प्रयास क्यों न करे, केवल किसी को खुश करने या फेवर करने से सफलता नहीं मिलती। कंगना ने इसी संदर्भ में राखी को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी की और कहा कि उनके कथित ‘फेवर’ भी उन्हें स्वीपर की नौकरी तक नहीं दिला सके, क्योंकि उसके लिए भी योग्यता और हुनर की जरूरत होती है। कंगना यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने राखी को अपने वीडियो देखते रहने और रोते रहने जैसी बात कहकर भी निशाना बनाया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच पुरानी तकरार फिर चर्चा में आ गई।

पहले भी भिड़ चुकी हैं दोनों

विदित है कि यह पहली बार नहीं है जब कंगना और राखी के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग देखने को मिली हो। दोनों इससे पहले भी एक-दूसरे पर निशाना साध चुकी हैं। एक पुराने विवाद में राखी ने कंगना पर टिप्पणी करते हुए उन्हें अपमानजनक शब्दों में संबोधित किया था। इसके जवाब में कंगना ने भी कई लोगों पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ लोग उनकी सफलता के कारण लगातार उनके बारे में बोलते रहते हैं। कंगना ने तब यह भी कहा था कि जिन लोगों ने उनकी सफलता का छोटा सा हिस्सा भी हासिल नहीं किया, उनकी राय उनके लिए ज्यादा मायने नहीं रखती।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

अब ताजा विवाद के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग कंगना के जवाब को करारा पलटवार बता रहे हैं, तो कुछ लोगों का मानना है कि व्यक्तिगत हमलों से बचते हुए मुद्दे पर ही बात होनी चाहिए।

फिलहाल राखी सावंत की टिप्पणी के बाद शुरू हुई यह जुबानी जंग कंगना के तीखे जवाब तक पहुंच चुकी है। दोनों के बीच पहले भी हो चुके विवाद को देखते हुए सोशल मीडिया पर यह मामला आगे और गर्म होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

अन्य खबरे