नोएडा/दिल्ली : दिल्ली-NCR में सफर की तस्वीर बदलने वाली एक और मेगा परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। दिल्ली से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक हाईस्पीड नमो भारत कॉरिडोर बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इस नए रूट के जरिए दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट की दूरी महज 20 से 21 मिनट में पूरी की जा सकेगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को मंजूरी दे दी है और अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा गया है। माना जा रहा है कि यह कॉरिडोर पूरे NCR की कनेक्टिविटी को नया आयाम देगा।
सराय काले खां से सीधे जेवर एयरपोर्ट तक दौड़ेगी नमो भारत, देखें रूट
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि प्रस्तावित हाईस्पीड कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होगा और डीएनडी फ्लाईवे, नोएडा सिटी सेंटर, NSEZ, सूरजपुर, परी चौक और YEIDA सेक्टरों से होते हुए सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। इस रूट पर करीब 11 से 12 स्टेशन बनाए जाने की योजना है, ताकि दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों को तेज और आसान यात्रा मिल सके।
दिल्ली से एयरपोर्ट तक सिर्फ 21 मिनट का सफर!
गौरतलब है कि सरकार का दावा है कि नमो भारत कॉरिडोर शुरू होने के बाद दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने में केवल 21 मिनट लगेंगे। अभी दिल्ली से जेवर तक सड़क मार्ग से पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे तक लग जाते हैं, लेकिन हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन इस यात्रा समय को बेहद कम कर देगी।
गाजियाबाद और मेरठ को भी मिलेगा फायदा
विदित है कि यह नया कॉरिडोर गाजियाबाद स्टेशन पर मौजूदा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर से भी जुड़ जाएगा। इसका मतलब यह होगा कि मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले यात्री आसानी से इंटरचेंज कर सीधे जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। गाजियाबाद से जेवर तक की दूरी लगभग 40 से 50 मिनट में पूरी हो सकेगी।
एक ही ट्रैक पर दौड़ेंगी मेट्रो और रैपिड रेल
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की तरह इस रूट पर भी रैपिड रेल और मेट्रो दोनों चलेंगी। लंबी दूरी के लिए 6 से 8 कोच वाली नमो भारत ट्रेन, लोकल यात्रियों के लिए 3 कोच वाली मेट्रो सेवा और लोकल मेट्रो हर छोटे-बड़े स्टेशन पर रुकेगी, जिससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
बुलेट ट्रेन और एयरपोर्ट से भी होगा कनेक्शन
सबसे खास बात यह है कि भविष्य में इस कॉरिडोर को दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से भी जोड़ा जाएगा। नोएडा एयरपोर्ट टर्मिनल पर एक डेडिकेटेड स्टेशन बनाया जाएगा, जहां से लोग सीधे हाईस्पीड रेल और एयरपोर्ट सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा IGI एयरपोर्ट और जेवर एयरपोर्ट के बीच यात्रा भी काफी आसान हो जाएगी।
फिल्म सिटी और इंडस्ट्रियल हब को मिलेगा बड़ा फायदा
आपको बता दें कि यह कॉरिडोर नोएडा फिल्म सिटी और YEIDA के औद्योगिक क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। इससे—
रियल एस्टेट सेक्टर को बूस्ट मिलेगा
लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मजबूत होगा
निवेश और रोजगार बढ़ेंगे
यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र का तेजी से विकास होगा
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना पूरे NCR के आर्थिक नक्शे को बदल सकती है।
15 जून 2026 से शुरू हो सकती हैं एयरपोर्ट उड़ानें
आपको बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू होने की संभावित तारीख 15 जून 2026 मानी जा रही है। ऐसे में नमो भारत कॉरिडोर को एयरपोर्ट कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा हथियार माना जा रहा है।
अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ, तो आने वाले समय में दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक सफर मेट्रो जैसी सुविधा और बुलेट ट्रेन जैसी रफ्तार के साथ पूरा होगा।