होली से पहले दिल्ली में महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी!: पिंक मोबिलिटी कार्ड से DTC बसों में कर सकेंगी मुफ्त सफर, वहीं मेट्रो के लिए...जानें कैसे बनवा सकेंगे कार्ड और इसके फायदे_एक नजर
होली से पहले दिल्ली में महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी!

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली की लाखों महिलाओं के लिए आज का दिन एक बड़े बदलाव का संकेत लेकर आया है। दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए ‘पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ (Pink NCMC Card) योजना शुरू करने का फैसला किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना का औपचारिक शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम “सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली” में करेंगी। इस कार्ड के जरिए दिल्ली की पात्र महिलाओं को दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) और क्लस्टर बसों में पूरी तरह मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार का दावा है कि यह कदम महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा।

एक ही कार्ड से बस, मेट्रो और RRTS का सफर :

आपको बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह कार्ड केवल मुफ्त बस यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे मल्टी-पर्पज स्मार्ट कार्ड के रूप में तैयार किया गया है।

•DTC और क्लस्टर बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा

•दिल्ली मेट्रो, RRTS और अन्य सार्वजनिक परिवहन में भुगतान के लिए इस्तेमाल

•एक ही कार्ड से टच-फ्री, डिजिटल और सुरक्षित सफर

•यात्रा का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा

सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं के रोजाना आने-जाने का खर्च कम होगा और शिक्षा, नौकरी तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।

तीन तरह के कार्ड होंगे जारी

गौरतलब है कि योजना के तहत दिल्ली में तीन प्रकार के स्मार्ट मोबिलिटी कार्ड जारी किए जाएंगे:

  1. पिंक कार्ड – दिल्ली की पात्र महिलाओं के लिए (मुफ्त बस यात्रा)

  2. ब्लू कार्ड – सामान्य यात्रियों के लिए

  3. ऑरेंज कार्ड – मासिक पास उपयोग करने वालों के लिए

पहले चरण में पिंक और ब्लू कार्ड लॉन्च किए जाएंगे, जबकि ऑरेंज कार्ड बाद में लागू होगा।

50 से ज्यादा केंद्रों पर मिलेगा कार्ड

विदित है कि सरकार ने कार्ड वितरण के लिए राजधानी में लगभग 50 विशेष केंद्र बनाए हैं, जिनमें जिला मजिस्ट्रेट (DM) कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, चयनित DTC बस डिपो और केंद्र शामिल हैं। कार्ड प्राप्त करने के लिए न्यूनतम दस्तावेज ही आवश्यक होंगे। यह कार्ड आधार और मोबाइल नंबर से लिंक होगा, जिससे पात्रता की पुष्टि और डुप्लिकेट कार्ड की रोकथाम सुनिश्चित होगी।

कागजी टिकट की जगह लेगा स्मार्ट कार्ड

अब तक महिलाओं को बसों में मिलने वाले पिंक पेपर टिकट की जगह यह नया स्मार्ट कार्ड लेगा। इससे नकद लेन-देन कम होगा, भ्रष्टाचार और गड़बड़ी पर रोक लगेगी साथ ही बस रूट और सेवा सुधार के लिए सटीक डेटा मिलेगा। सरकार इसे दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम बता रही है।

मुफ्त LPG सिलेंडर योजना का भी शुभारंभ

आपको बता दें कि इसी कार्यक्रम में राष्ट्रपति दिल्ली के राशन कार्ड धारक परिवारों के लिए मुफ्त LPG सिलेंडर योजना भी शुरू करेंगी। हर साल होली और दिवाली पर 2 मुफ्त सिलेंडर मिलेंगे। राशि सीधे DBT के जरिए बैंक खाते में ट्रांसफर होंगे। करीब 15.5 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर रसोई गैस के खर्च का बोझ कम करना है।

महिलाओं के लिए ‘डिजिटल और सुरक्षित यात्रा’ का नया दौर चालू हो गया है। दिल्ली सरकार का कहना है कि यह पहल प्रधानमंत्री के “डिजिटल इंडिया” और “वन नेशन, वन कार्ड” विजन से प्रेरित है विशेषज्ञों के अनुसार, यह कार्ड लागू होने के बाद दिल्ली में महिलाओं के लिए यात्रा ज्यादा सुरक्षित, सस्ती और सुविधाजनक हो जाएगी, साथ ही राजधानी का सार्वजनिक परिवहन सिस्टम भी पूरी तरह डिजिटल मॉडल की ओर बढ़ेगा।

अन्य खबरे