नई दिल्ली : दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा चुनावी वादा अब ज़मीन पर उतर चुका है। राजधानी के लाखों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली की भाजपा सरकार ने होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत अब सिलेंडर की कीमत के बराबर रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
कैबिनेट बैठक में लगी मुहर :
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस अहम प्रस्ताव पर मुहर लगी। सरकार के गठन के एक साल के भीतर इस फैसले को लागू करना भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक और सामाजिक संदेश माना जा रहा है।
कैश नहीं, सिलेंडर की पूरी कीमत खाते में :
गौरतलब है कि सरकार ने साफ किया है कि लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए मिलेगा। यानी कोई लाइन, कोई बिचौलिया और कोई झंझट नहीं। होली और दिवाली; दोनों त्योहारों पर राशन कार्ड धारक परिवारों के खाते में सिलेंडर के बराबर राशि भेजी जाएगी, चाहे उस महीने गैस भरवाई गई हो या नहीं।
किसे कितने रुपये मिलेंगे?
विदित है कि दिल्ली में फिलहाल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थी केंद्र की 300 रुपये सब्सिडी घटने के बाद 553 रुपये प्रति सिलेंडर मिलेगा। गैर-उज्ज्वला राशन कार्ड धारक पूरे 853 रुपये प्रति सिलेंडर मिलेगा। यानी साल में दो बार सीधी आर्थिक राहत, वो भी बिना किसी शर्त के।
हर राशन कार्ड धारक को मिलेगा लाभ :
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह योजना सार्वभौमिक होगी। चाहे परिवार एलपीजी इस्तेमाल करता हो या पीएनजी। सभी राशन कार्ड धारक इसके दायरे में आएंगे।
सरकार पर पड़ेगा 242 करोड़ से ज्यादा का खर्च :
दिल्ली सरकार के अनुसार, इस योजना पर सालाना करीब 242.77 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। एलपीजी की कीमतों या केंद्र की सब्सिडी में बदलाव होने पर इस राशि में समायोजन किया जाएगा। इसके लिए बजट में अलग से प्रावधान भी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री बोलीं; यह सिर्फ पैसा नहीं, सम्मान है :
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि त्योहारों पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की गरिमा और राहत का प्रतीक है। यह हमारे सुशासन और वादों को निभाने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।” उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह फैसला उसी सोच का विस्तार है, जिसने महिलाओं को धुएं से आज़ादी और सम्मानजनक जीवन दिया।
यह पहल त्योहारों से पहले बड़ी राहत का काम करेगा। महंगाई के दौर में जब रसोई का बजट बिगड़ रहा है, ऐसे में होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर का यह ऐलान दिल्ली के लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। अब त्योहारों की खुशबू गैस सिलेंडर की चिंता से नहीं, बल्कि सीधे खाते में आई रकम से आएगी।