नई दिल्ली : त्योहारी सीजन से पहले केंद्र सरकार ने देशभर के लगभग सवा करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को खुशखबरी देने की तैयारी कर ली है। सूत्रों की मानें तो सरकार महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3% की बढ़ोतरी का ऐलान करने जा रही है। यानी दिवाली से ठीक पहले लाखों परिवारों की जेब में हर महीने अतिरिक्त पैसा आएगा।
कब होगा ऐलान?
आपको बता दें कि सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, औपचारिक घोषणा अक्टूबर 2025 के पहले हफ्ते में हो सकती है। खास बात यह है कि बढ़ोतरी जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी, यानी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जुलाई से सितंबर तक का एरियर भी मिलेगा। यह राशि अक्टूबर की सैलरी और पेंशन के साथ जोड़कर दी जाएगी।
अभी कितना मिल रहा है और कितना बढ़ेगा?
गौरतलब है कि फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 55% डीए मिल रहा है। वहीं 3% की बढ़ोतरी के बाद यह 58% हो जाएगा। मतलब, जुलाई 2025 से लागू होकर अक्टूबर में सीधा फायदा होगा।
जेब में कितना फायदा होगा?
आपको बता दें कि अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹50,000 है, तो अभी उसे 55% डीए यानी ₹27,500 मिल रहा था। अब 58% पर यह बढ़कर ₹29,000 हो जाएगा। यानी हर महीने ₹1,500 का सीधा फायदा।
इसी तरह, किसी पेंशनभोगी की बेसिक पेंशन ₹30,000 है तो पहले उसे ₹16,500 मिल रहा था।
अब 58% डीआर पर यह ₹17,400 हो जाएगा, यानी हर महीने ₹900 ज्यादा मिलेगा।
क्यों बढ़ता है डीए?
गौरतलब है कि डीए की गणना औद्योगिक श्रमिक उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW) पर होती है। जुलाई 2024 से जून 2025 तक CPI-IW औसत 143.6 रहा, इसी आधार पर डीए को 58% तक बढ़ाया गया है।
कब-कब होता है डीए रिवीजन?
विदित है कि केंद्र सरकार साल में दो बार डीए में संशोधन करती है –
जनवरी-जून अवधि के लिए, होली से पहले।
जुलाई-दिसंबर अवधि के लिए, दिवाली से पहले।
पिछले साल (अक्टूबर 2024) भी सरकार ने दिवाली से ठीक पहले डीए बढ़ाने का ऐलान किया था। इस साल दिवाली 20-21 अक्टूबर को है, और उससे पहले कर्मचारियों को बोनस जैसा तोहफा मिलने वाला है।
होगा फैसले का बड़ा असर
इस फैसले से न सिर्फ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आय बढ़ेगी, बल्कि त्योहारी बाजार में भी रौनक लौटेगी। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि अल्पकालिक राहत तो मिलेगी ही, लेकिन असली तस्वीर तब बदलेगी जब 8वां वेतन आयोग लागू होगा।
साफ है, इस दिवाली सरकार की तरफ से ‘बोनस’ तय है। करोड़ों परिवारों की मुस्कान और भी चौड़ी होने वाली है।