उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। ज्यादातर इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप से सभी लोग व्याकुल हैं। सबसे ज्यादा परेशानी जानवरों को उठानी पड़ रही है। भीषण धूप में बेसहारा जीव-जंतु पेड़ों की छांव और पानी के लिए भटक रहे हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अभी आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पर 45 डिग्री सेल्सियस के पार भी पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने 25 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की मौसम वेधशाला के अनुसार बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लेकिन अगले कुछ दिनों में पारा और चढ़ेगा।
तराई वाले इलाकों में मिलेगी राहतः
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई वाले इलाकों में शनिवार से बादलों की आवाजाही होने तथा बारिश होने से राहत मिल सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश के दक्षिणी, पश्चिमी तथा मध्य भाग में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा।
दिन के समय चलने वाली गर्म हवाएं यानी लू लोगों की सेहत को प्रभावित कर सकती हैं। बुज़ुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
विवरण | मान |
---|---|
तापमान | 36.8°C |
सूर्योदय | 05:28 सुबह |
सूर्यास्त | 07:00 शाम |
हवा की गति | 14.8 किमी/घंटा |
आर्द्रता | 26% |
बारिश की संभावना | 0% |
चंद्रोदय | 09:47 बजे सुबह |
चंद्रास्त | 07:47 बजे शाम |
इन जिलों में लू की संभावना
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी एवं आसपास के इलाकों में लू चलने की संभावना है।
वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर एवं आसपास के इलाकों में रात में भी गर्म रहेगी।
मौसम विभाग की चेतावनी:
•आगामी 4 दिन दिन का तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावन
•कुछ स्थानों पर पारा 43 डिग्री के भी पार जा सकता है
•दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें
•तेज धूप और गर्म हवा से डिहाइड्रेशन व हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।
44 डिग्री पहुंच सकता लखनऊ का तापमानः
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में आसमान साफ रहेंगे और तेज धूप खिलेगी। अधिकतम तापमान 44 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं गुरुवार को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज जिला सबसे गर्म रहा। जहां पर अधिकतम तापमान 44.02 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। सबसे कम न्यूनतम तापमान बहराइच जिले में 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है।
अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मामूली गिरावट आएगी।
हालांकि अगले 3 दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी और उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगले 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
बचाव के उपाय
•छतरी, टोपी और धूप से बचाव वाले कपड़े पहनें
•बाहर निकलते समय पानी और ओआरएस साथ रखें
•ज्यादा देर धूप में न रहें और हल्का, सुपाच्य भोजन करें
•फ्रिज का ठंडा पानी एकदम न पीएं, गुनगुना या सामान्य पानी लें