मौसम: अप्रैल में भीषण गर्मी से जूझने के पश्चात अब दिल्ली समेत NCR वासियों को मई की शुरुआत में ही खासी राहत मिल गई है। हालांकि यह बात अलग है कि रिकॉर्ड वर्षा की वजह से जनजीवन भी काफी अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक, अभी 1 सप्ताह तक गर्मी के तेवर थोड़े हल्के ही रहेंगे। मतलब कमोबेश रोज बादल छाए रहने तथा हल्की वर्षा होने के साथ ही तापमान भी कम ही रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
आंधी-तूफान और भारी बारिश से जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त:
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के तमाम हिस्सों में आज सुबह मौसम का मिजाज बिल्कुल बदल गया है। तेज आंधी-तूफान तथा भारी बारिश की वजह से जनजीवन लगभग अस्त व्यस्त हो गया। वहीं, भीषण गर्मी से परेशान दिल्ली-एनसीआर में बारिश के द्वारा लोगों को राहत भी मिली है।
दिल्ली, नोएडा तथा गाजियाबाद के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के चलते पेड़ एवं बिजली के खंभे भी गिर गए हैं। इतना ही नहीं तेज आंधी चलने की वजह से दिल्ली में एक मकान पर पेड़ गिर गया, जिससे 3 बच्चों समेत उनकी मां की भी मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में 1 व्यक्ति घायल भी हुआ है।
करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली है आंधी:
मौसम विभाग के मुताबिक आधी रात के पश्चात से सुबह साढ़े 8 बजे तक दिल्ली में करीब 77.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, इस दौरान सर्वाधिक वर्षा सुबह 5 से लेकर 6 बजे के बीच दर्ज हुई है। इसी दौरान लगभग 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज व धूल भरी आंधी भी चली है।
आपको बता दें कि मई के महीने में एक दिन की 17 सालों (2009 से लेकर 2025) में यह दूसरी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, इससे पहले 20 मई 2021 को 119.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। वहीं लोधी रोड पर 78.0 मिमी, पालम में 45.6 मिमी तथा रिज में 59.2 एवं आया नगर में करीब 39.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड दर्ज की गई है।
तापमान में भी दर्ज हुई गिरावट:
गौरतलब है कि इस रिकॉर्ड वर्षा एवं आंधी से तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज हुई है। सुबह 5 बजे से लेकर 6 बजे के दौरान तापमान में लगभग 7-10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। वहीं आज सुबह सवा 5 बजे लोधी रोड पर तापमान करीब 28.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सुबह साढ़े 5 बजे 20.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
वहीं इसी प्रकार जाफरपुर में भी तापमान करीब 9.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ अब तापमान 28.4 से गिरकर लगभग 19.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, आज समग्र दिल्ली का न्यूनतम तापमान भी 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने बताई आंधी तूफान की मुख्य वजह:
दरअसल वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक आर के जेनामणि के द्वारा मौसम में अचानक हुए इस बदलाव एवं रिकॉर्ड आंधी-तूफान-वर्षा हेतु गुजरात तट को पार करने वाले एक “ताउते” चक्रवात के अवशेषों की आवाजाही को भी प्रमुख वजह बताया गया है। इसके साथ साथ उन्होंने कुछ अन्य मौसमी कारण भी बताए हैं।
मसलन, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के निचले स्तरों पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना है। उत्तर-पूर्व राजस्थान तथा उससे सटे उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के निचले स्तरों पर एक अन्य ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण है। वहीं, दिल्ली के निचले स्तरों पर दक्षिण पूर्व दिशा से करीब 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं भी चलीं।
1 मई से 7 मई तक आंधी एवं बारिश का मौसम विभाग ने लगाया अनुमान:
आपको बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार 1 मई से लेकर 7 मई तक आंधी एवं बारिश का अनुमान लगाया गया है। इस कारण से तापमान भी करीब 34 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से 1 मई की रात से लेकर 4 मई की सुबह तक मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा।
इसके अतिरिक्त 5 मई और 6 मई को शाम के समय में आंधी-तूफान के साथ साथ बादल गरजने की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। हालांकि इससे पहले मौसम विभाग के द्वारा 1 मई से लेकर 2 मई के लिए बारिश एवं आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया था।
भारी बारिस की वजह से गुरूग्राम बना जलग्राम:
गौरतलब है कि गुरुग्राम में हुई भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया है और घरों के अंदर तक पानी घुस गया। वहीं नरसिंहपुर गांव के सामने दिल्ली जयपुर हाईवे एवं सर्विस लेन पर 3 फीट पानी भर गया है।
जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आंधी से कई जगह पेड़ भी टूट गए हैं। इसकी चपेट में आकर पालम विहार में पार्क की एक दीवार ढह गई, जिससे दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
गाजियाबाद में भी बदल गया मौसम का मिजाज:
दरअसल गाजियाबाद में भी शुक्रवार तड़के मौसम का मिजाज बिल्कुल बदल गया है। पहले यहां तेज आंधी चली, इसके बाद बादल गरजे एवं सुबह 5 बजे बारिश शुरू हो गई। इसके पश्चात पारा करीब 4 डिग्री नीचे आ गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही के द्वारा बताया गया है कि तेज हवा चलने की वजह से अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता अचानक बढ़ गई। इसलिए आने वाले 4-5 दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान जहां 40 को पार कर रहा था अब यह 30-32 के आसपास ही बना रहेगा। रविवार तथा सोमवार को भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं हवा की रफ्तार बढ़ने से धूप निकलने पर भी गर्मी से काफी राहत मिलती रहेगी।