मौसम अपडेट: देशभर में गर्मी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 11 दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और यह 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है।
राजस्थान में टूटा 26 साल पुराना रिकॉर्ड
राजस्थान में गर्मी ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रविवार को बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया जो पिछले 26 सालों में अप्रैल के पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा है। सोमवार को राज्य के 14 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है और आने वाले दिनों में हालात और खराब होनें के संकेत दिए है।
दिल्ली और यूपी में तापमान 40 के पार
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। सोमवार को यह 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश में भी अप्रैल से जून तक तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने की उम्मीद।
मध्य प्रदेश में तापमान 42 के पार
एमपी में भी गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भोपाल में रविवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो अब तक का सबसे अधिक है। प्रदेश के 13 जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहा। नीमच, मंदसौर, भिंड, मुरैना, श्योपुर और रतलाम जैसे इलाकों में लू चलने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश की आशंका
जहां एक तरफ उत्तर और पश्चिम भारत गर्मी से जूझ रहा है वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम कुछ राहत दे सकता है। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है वहीं असम, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम जैसे राज्यों में ओले भी गिर सकते हैं।
राज्यों में मौसम का हाल
*बारिश:*अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, कर्नाटक, गोवा, केरल
*उमस:*गुजरात, राजस्थान, गोवा
*हीटवेव:*हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश
आज कैसा रहेगा प्रमुख शहरों का तापमान
शहर न्यूनतम (°C) अधिकतम (°C)
जयपुर 26 42
भोपाल 23 41
इंदौर 23 39
रायपुर 26 42
रांची 21 37
पटना 25 38
लखनऊ 21 40
दिल्ली 21 41
शिमला 15 25
चंडीगढ़ 21 39
अहमदाबाद 27 42
मुंबई 26 34
कोलकाता 27 36
चेन्नई 27 35