बॉलीवुड : बॉलीवुड में कानूनी उलझनों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा। एक तरफ कॉमेडियन-एक्टर राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में राहत मिलते ही जमानत मिली, तो दूसरी ओर अब अभिनेत्री अमीषा पटेल पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। मुरादाबाद की अदालत ने 2017 के विवादित भुगतान मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है और पुलिस को उन्हें 27 मार्च को हर हाल में कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।
मामला आखिर है क्या?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह पूरा विवाद करीब 10 साल पुराना है और एक शादी समारोह से जुड़ा बताया जा रहा है। आयोजक पवन वर्मा का आरोप है कि अमीषा पटेल को शादी में परफॉर्मेंस के लिए बुक किया गया। लगभग ₹14.50 लाख एडवांस फीस दी गई। होटल और अन्य इंतजाम भी किए गए। लेकिन अभिनेत्री तय तारीख पर कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं। बाद में बातचीत के दौरान कथित तौर पर पैसे लौटाने की बात हुई। आरोप के मुताबिक ₹10 लाख नकद लौटाए गए, बाकी ₹4.5 लाख का चेक दिया गया और वही चेक बाउंस हो गया यहीं से मामला अदालत तक पहुंच गया।
गैर-जमानती वारंट क्यों जारी हुआ?
गौरतलब है कि सूत्रों के अनुसार अमीषा पटेल को पहले जमानत मिल चुकी थी, लेकिन कई बार समन भेजे गए, निर्धारित तारीखों पर अदालत में पेश नहीं हुईं और शर्तों का पालन भी नहीं किया गया। इसी वजह से अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए NBW जारी कर दिया ताकि उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई जा सके।
अमीषा पटेल ने क्या कहा?
विदित है कि अभिनेत्री ने आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनका दावा है कि मामला बहुत पुराना है और सेटलमेंट हो चुका था। शिकायतकर्ता झूठे आरोप लगा रहा है, अब हम भी उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उनके वकील का भी कहना है कि समझौते के बाद पूरी रकम वापस कर दी गई थी और केस का दुरुपयोग किया जा रहा है।
चेक बाउंस केस में क्या होती है सजा?
विदित है कि भारत में चेक बाउंस का मामला निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट की धारा 138 के तहत आता है। इसके तहत निम्नलिखित कार्रवाई सम्भव है:
●अधिकतम 2 साल तक की जेल
●या चेक राशि का दोगुना तक जुर्माना
●या दोनों
गिरफ्तारी सीधे नहीं होती, लेकिन अदालत के आदेश पर पुलिस कार्रवाई कर सकती है; जैसे इस मामले में हुआ।
बॉलीवुड में कानूनी हलचल :
दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में राजपाल यादव भी इसी तरह के भुगतान विवाद में जेल जाकर जमानत पर बाहर आए हैं। अब अमीषा पटेल का नाम सामने आने से इंडस्ट्री में फिर चर्चा तेज हो गई है कि क्या वे कोर्ट पहुंचेंगी या गिरफ्तारी होगी, यह 27 मार्च की सुनवाई तय करेगी।
फिलहाल सवाल यही क्या यह सिर्फ पुराना विवाद है या फिर अभिनेत्री की मुश्किलें सच में बढ़ने वाली हैं? ये तो आने वाले दिनों में ही पता चलेगा।