मनोरंजन: पैन इंडिया स्टार अल्लू अर्जुन 8 अप्रैल को अपना 43वां जन्मदिन मनाएंगे। अल्लू अर्जुन न सिर्फ साउथ बल्कि पूरे देश के चहीते स्टार बन चुके हैं। अल्लू ने महज दो साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट तेलुगु फिल्म 'विजेता' से डेब्यू किया था। इसके बाद चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर कमल हासन की फिल्म ‘स्वाति मुथ्यम’ में नजर आए लेकिन इनको असल पहचान फिल्म ‘आर्या’ से मिली। इसी फिल्म से अल्लू अर्जुन का स्टारडम शुरू हुआ। इसी फिल्म से उनके पैन इंडिया स्टार बनने की नींव पड़ी। ‘आर्या’ के डायरेक्टर सुकुमार ने ही अल्लू अर्जुन को लेकर 'पुष्पा' बनाई और यह उनके करियर की अब तक की सबसे सफल फिल्म बन गई है।
अल्लू अर्जुन करियर से जुड़े कुछ दिलचस्प बातें
-अल्लू अर्जुन ने 1985 में अपने फूफा चिरंजीवी की तेलुगु फिल्म 'विजेता' में चाइल्ड एक्टर के रूप में काम किया था।
-लीड एक्टर के तौर पर तेलुगु फिल्म 'गंगोत्री' से शुरुआत की थी।
-2004 में रिलीज फिल्म 'आर्या' से अल्लू को पहचान मिली यह उनके करियर की में टर्निंग पॉइंट बनी।
-अल्लू अर्जुन ने मुंबई में किशोर नमित कपूर के मार्गदर्शन में एक्टिंग की ट्रेनिंग ली थी।
-अल्लू अर्जुन को किताबें पढ़ना बहुत पसंद है। वे शानदार सिंगर और डांसर हैं।
-अल्लू अर्जुन ने हैदराबाद में एक एनिमेशन कंपनी में कुछ समय के लिए इंटर्नशिप की थी।
-अल्लू अर्जुन हर साल अपने जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन करते हैं।
-अल्लू अर्जुन ने कभी NASA में काम करने का सपना देखा था।
-उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है जिनमें एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, छह फिल्मफेयर पुरस्कार और तीन नंदी पुरस्कार शामिल हैं।
-'पुष्पा: द राइज' फिल्म ने अल्लू अर्जुन को पैन इंडिया स्टार बनाया।
चलिए अल्लू अर्जुन के जन्मदिन पर उनकी जिंदगी के बारे में जानते हैं
अल्लू अर्जुन के पिता प्रोड्यूसर और दादा एक्टर
अल्लू के दादा अल्लू रामालिंगय्या 70-80 के दशक में तेलुगु इंडस्ट्री के फेमस एक्टर रहे। उन्होंने कनका रत्नम से शादी की। उनके दो बच्चे हुए। बेटा अल्लू अरविंद और बेटी सुरेखा। अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद तेलुगु इंडस्ट्री के मशहूर प्रोड्यूसर और डिस्ट्रिब्यूटर हैं। उन्होंने निर्मला से शादी की जिससे तीन बेटे अल्लू वेंकटेश, अल्लू अर्जुन और अल्लू सिरीष हुए।
बड़े भाई बिजनेसमैन और छोटे भाई एक्टर हैं
अल्लू के बड़े भाई अल्लू वेंकटेश कभी साउथ इंडस्ट्री में बतौर एक्टर काम किया थे लेकिन अब वो बिजनेसमैन हैं। वहीं छोटे भाई अल्लू सिरीष तेलुगु इंडस्ट्री में बतौर एक्टर एक्टिव हैं। अल्लू ने साल 2011 में स्नेहा रेड्डी से हैदराबाद में शादी की। अल्लू और स्नेहा दो बच्चों के माता-पिता बने। इनकी एक बेटी अरहा और एक बेटा अयान है।
बुआ की शादी चिरंजीवी से हुई
अल्लू अर्जुन की बुआ सुरेखा की शादी चिरंजीवी से हुई है। इस तरह चिरंजीवी, अल्लू अर्जुन के फूफा बन गए। चिरंजीवी के सगे भाई पवन कल्याण और नागेंद्र बाबू हैं। इस वजह से पवन कल्याण और नागेंद्र बाबू भी अल्लू अर्जुन के फूफा लगते हैं।
साउथ का सबसे बड़ा फिल्मी परिवार फिर भी बेरोजगार
अल्लू अर्जुन जब दो साल के थे तब उन्होंने अपने फूफा चिरंजीवी की तेलुगु फिल्म ‘विजेता’ में बाल कलाकार के रूप में काम किया था। लीड एक्टर के तौर पर 2003 में तेलुगु फिल्म ‘गंगोत्री’ से शुरुआत की थी। इस फिल्म के बाद एक्टर को कोई फिल्म ऑफर नहीं हुई और काफी समय तक बेरोजगार रहे। एक इंटरव्यू के मुताबिक अल्लू अर्जुन ने चेन्नई में फिल्म ‘पुष्पा 2’ के प्रमोशन के दौरान कहा था- मैंने राघवेंद्र राव गारू की फिल्म 'गंगोत्री' से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था।
फिल्म हिट फिल्म रही लेकिन मैं एक एक्टर के रूप में डिलीवर नहीं कर पाया। इस फिल्म की रिलीज के बाद किसी ने मुझे काम नहीं दिया। तब डायरेक्टर सुकुमार मेरे पास 'आर्या' लेकर आए। उसके बाद मैंने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सुकुमार का मेरे करियर में बहुत बड़ा योगदान रहा है।
‘पुष्पा: द राइज’ ने अल्लू को बनाया पैन इंडिया स्टार
बता दें कि 'आर्या' के बाद डायरेक्टर सुकुमार ने अल्लू अर्जुन को लेकर ‘आर्या 2’, ‘पुष्पा: द राइज’ और ‘पुष्पा 2: द रूल’ बनाई। ‘पुष्पा' ने अल्लू अर्जुन को जहां पैन इंडिया स्टार बना दिया। वहीं, ‘पुष्पा 2:' अल्लू अर्जुन के करियर की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई है। इस फिल्म ने अल्लू अर्जुन के करियर में सबसे बड़ी ओपनिंग और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड बनाया है।
‘पुष्पा 2: द रूल’ की रिलीज के समय खूब विवादों में रहें
'पुष्पा 2: द रूल' जहां अल्लू अर्जुन के करियर की सबसे बड़ी सफल फिल्म रही, वहीं इस फिल्म की वजह से काफी विवाद भी हुए। हैदराबाद में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी। जिसके बाद अल्लू अर्जुन, थिएटर और सुरक्षा एजेंसी पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई। इससे पहले उनकी फिल्म के गाने के बोल और 'आर्मी' शब्द पर विवाद हुआ था।
गिरफ्तारी को फूफा पवन कल्याण ने ठहराया सही
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने फिल्म ‘पुष्पा 2’ के रिलीज के समय संध्या थिएटर में हुई भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी को सही बताया था। पवन कल्याण के इस बयान को उनके और अल्लू अर्जुन के बीच तनाव के कारण से जोड़कर बताया जा रहा था। दरअसल पिछले साल लोकसभा चुनाव के समय हुए आंध्रप्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान अल्लू अर्जुन वाईएसआर कांग्रेस के विधायक रवि चंद्र किशोर रेड्डी के समर्थन में नंद्याल सीट पर प्रचार करने गए थे। इसी सीट से पवन कल्याण उम्मीदवार थे। वो चुनाव जीते और राज्य के डिप्टी CM भी बने।
'आर्मी' शब्द के लिए दर्ज हुई थी शिकायत
‘पुष्पा 2’ के प्रमोशन के समय अल्लू अर्जुन ने अपने फैंस के लिए 'आर्मी' शब्द का यूज किया था। इसकी वजह से हैदराबाद पुलिस स्टेशन में श्रीनिवास गौड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि फैंस के लिए 'आर्मी' शब्द का उपयोग करना गलत है।
इस बात से नाराज ग्रीन पीस एनवायरनमेंट एंड वॉटर हार्वेस्टिंग फाउंडेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास गौड़ ने हैदराबाद के जवाहर नगर पुलिस स्टेशन में अल्लू अर्जुन के खिलाफ शिकायत दर्ज की। श्रीनिवास का कहना है कि फैंस के लिए 'आर्मी' शब्द का इस्तेमाल करना अपमानजनक है क्योंकि यह शब्द राष्ट्र की सेवा करने वाले सैनिकों से जुड़ा है।
गानों को लेकर भी हुआ था विवाद
‘पुष्पा 2: द रूल' फिल्म के गाने 'दममुंटे पत्तुकोरा' को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद निर्माताओं ने इसे यू ट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म से हटा दिया था। गाने के बोल में पुष्पा की निडरता और पुलिस अधिकारी भंवर सिंह शेखावत के साथ टकराव को दर्शाया गया था।
फिल्म को बैन करने की उठी थी मांग
फिल्म के ट्रेलर में अल्लू अर्जुन को अर्धनारीश्वर के किरदार में दिखाया गया था जिसमें शिव और मां काली की तस्वीर नजर आई थी। शिकायतकर्ता कुलदीप के अनुसार यह सीन धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचा रहा था। शिकायतकर्ता ने फिल्म से वह सीन को हटाने की मांग की थी। उसने कहा था कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो वे फिल्म को हरियाणा में रिलीज नहीं होने देंगे। हालांकि, पुलिस की तरफ से फिल्म के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया।
राम चरण और अल्लू अर्जुन के बीच तनातनी
एक वक्त पर अल्लू अर्जुन और राम चरण बहुत करीबी हुआ करते थे। लेकिन नेहा शर्मा को लेकर दोनों के बीच दूरी आ गई। खबरों के अनुसार, नेहा पहले अल्लू अर्जुन के साथ रिलेशनशिप में थीं लेकिन बाद में राम चरण के करीब आ गईं। इससे अल्लू का दिल टूट गया और उन्होंने नेहा से सारे रिश्ते खत्म कर दिए। इसी वजह से राम चरण और अल्लू अर्जुन के रिश्तों में भी दरार आ गई।
गिरफ्तारी पर नहीं मिलने आए राम चरण
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी के बाद विजय देवरकोंडा, नानी, रश्मिका मंदाना, राणा दग्गुबाती, जूनियर एनटीआर जैसे टॉलीवुड के कई स्टार्स मिलने आए लेकिन राम चरण नहीं आए थे। उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाए जा रहे थे। जबकि चिरंजीवी और उनकी पत्नी सुरेखा ने बिना समय गंवाए अल्लू से उनके घर जाकर मुलाकात की थी।
नयनतारा ने मंच पर की थी अल्लू अर्जुन की बेइज्जती
बात 2016 की है जब नयनतारा और विजय सेतुपति की फिल्म 'नानुम राउडी धान' सुपरहिट हुई थी। विग्नेश शिवन इस फिल्म के डायरेक्टर थे। नयनतारा को 'बेस्ट एक्ट्रेस' का अवॉर्ड मिलना था। अवॉर्ड शो में जब नयनतारा के नाम की घोषणा हुई तो वह मंच पर पहुंचीं। वहां अल्लू अर्जुन पहले से मौजूद थे अल्लू को ही नयनतारा को अवॉर्ड देना था लेकिन नयनतारा ने अल्लू अर्जुन के हाथों अवॉर्ड लेने से इनकार कर दिया और कहा कि वह यह अवॉर्ड विग्नेश शिवम के हाथों लेना चाहती हैं। नयनतारा ने मंच पर अल्लू अर्जुन से कहा कि अगर कोई आपत्ति न हो तो मैं यह अवॉर्ड फिल्म के डायरेक्टर से लेना चाहुंगी। इस दौरान अल्लू अर्जुन मंच पर अपमानित सा महसूस करने लगे।
अल्लू अर्जुन से ज्यादा पढ़ी लिखी हैं उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी
अल्लू अर्जुन ने चेन्नई के सेंट पैट्रिक स्कूल से स्कूलिंग की थी। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद के एमएसआर कॉलेज से BBA (बैचलर इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) किया।
उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी उनसे ज्यादा पढ़ी हैं। उन्होंने अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। वे एक सक्सेसफुल बिजनेसवुमन हैं। उन्होंने एजुकेशन और टेक्नोलॉजी सेक्टर में खूब नाम कमाया है।
इंस्पिरेशनल है अल्लू अर्जुन की मैरिड लाइफ
अल्लू अर्जुन की मैरिड लाइफ की बात करें तो दोनों साउथ इंडस्ट्री के सबसे प्यारे कपल्स में से एक माने जाते हैं। उनकी लव स्टोरी हर किसी को इंस्पायर करती है। अल्लू को स्नेहा से पहली नजर में ही प्यार हो गया था। दोनों ने लंबे वक्त तक डेट किया और 2010 में सगाई करने के बाद 6 मार्च 2011 को शादी कर ली। हालांकि स्नेहा के पेरेंट्स शादी के खिलाफ थे। दोनों ने कड़ी मशक्कत के बाद अपने परिवार वालों को राजी किया था।