मुंबई/बॉलीवुड : बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्मों में अपने अलग अंदाज और बेहतरीन अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले आमिर इस बार अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और गौरी अपने रिश्ते को एक नया नाम देने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। दोनों ने दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और अब अपने रिश्ते को लेकर काफी गंभीर हैं।
25 साल पुरानी पहचान बदली प्यार में
आपको बता दें कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट की कहानी अचानक शुरू हुई प्रेम कहानी नहीं है। दोनों एक-दूसरे को करीब 25 साल से जानते हैं। लंबे समय तक दोस्ती रहने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। आमिर ने अपने इंटरव्यू में बताया था कि गौरी से उनकी मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। आमिर का कहना है कि गौरी के आने के बाद उनकी जिंदगी में एक अलग तरह की शांति और खुशी आई है।
अपने जन्मदिन पर दुनिया से मिलवाई थी गौरी
आमिर खान ने अपने जन्मदिन के मौके पर गौरी को पहली बार सार्वजनिक रूप से लोगों से मिलवाया था। इसके बाद से दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए। कभी फिल्म इवेंट में, तो कभी पारिवारिक कार्यक्रमों में दोनों की मौजूदगी ने उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं को और मजबूत कर दिया।
घर पर हो सकता है सादा समारोह
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर दोनों शादी करते हैं तो यह कोई बड़ा फिल्मी आयोजन नहीं होगा बल्कि बेहद निजी समारोह हो सकता है। इसमें परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हो सकते हैं। बॉलीवुड से जुड़े कुछ बड़े नामों के शामिल होने की भी चर्चा है।
कौन हैं गौरी स्प्रैट?
विदित है कि गौरी स्प्रैट बेंगलुरु से ताल्लुक रखती हैं और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। वह फिल्मी दुनिया से दूर रहना पसंद करती हैं। गौरी की पहले शादी हो चुकी है और उनका एक बेटा भी है। आमिर के परिवार के साथ भी उनकी अच्छी बॉन्डिंग बताई जाती है।
दो शादियों के बाद अब नई शुरुआत की ओर आमिर
आपको बता दें कि आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आजाद है। हालांकि बाद में आमिर और किरण अलग हो गए, लेकिन दोनों आज भी अच्छे रिश्ते साझा करते हैं।
गौरी के साथ रिश्ते को लेकर गंभीर हैं आमिर
आमिर कई मौकों पर कह चुके हैं कि वह गौरी के साथ अपने रिश्ते को लेकर काफी खुश और गंभीर हैं। उनका कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें ऐसा साथी मिला है, जिसके साथ वह सहज और शांत महसूस करते हैं।
फैंस अब आमिर खान की जिंदगी के इस नए अध्याय को लेकर उत्साहित हैं और देखना चाहते हैं कि मिस्टर परफेक्शनिस्ट अपनी निजी जिंदगी में आगे क्या फैसला लेते हैं।