नई दिल्ली: बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने ICSE कक्षा 10वीं और ISC कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है। टाइमटेबल सामने आने के बाद अब छात्र अपने विषयों के अनुसार पढ़ाई और रिवीजन की योजना बना सकते हैं। जारी कार्यक्रम के मुताबिक ISC 12वीं की परीक्षाएं 9 फरवरी 2027 से शुरू होंगी, जबकि ICSE 10वीं का पहला पेपर 15 फरवरी 2027 को होगा। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 31 मार्च 2027 तक और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। विद्यार्थी अपनी कक्षा और विषय के अनुसार आधिकारिक वेबसाइट पर डेटशीट देखकर डाउनलोड कर सकते हैं।
करीब 3.80 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल
आपको बता दें कि CISCE के आंकड़ों के अनुसार, इस बार दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 3,79,980 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें ICSE 10वीं के 2,69,955 और ISC 12वीं के 1,10,025 छात्र-छात्राएं हैं। परीक्षा के आयोजन के लिए देश और विदेश में ICSE के 2,835 तथा ISC के 1,477 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। ICSE में 76 विषयों और ISC में 60 विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। इस लिहाज से विद्यार्थियों को अपनी स्ट्रीम और चुने गए विषयों के अनुसार टाइमटेबल ध्यान से देखना होगा।
ICSE 10वीं की परीक्षा कब किस विषय की होगी?
गौरतलब है कि ICSE कक्षा 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी 2027 को अंग्रेजी भाषा के पेपर से शुरू होगी। इसके बाद 18 फरवरी को अंग्रेजी साहित्य और 22 फरवरी को गणित की परीक्षा होगी। 26 फरवरी को इतिहास एवं नागरिक शास्त्र और 1 मार्च को भूगोल का पेपर आयोजित किया जाएगा। मार्च में विज्ञान के तीनों पेपर होंगे। 8 मार्च को भौतिक विज्ञान, 12 मार्च को रसायन विज्ञान और 15 मार्च को जीव विज्ञान की परीक्षा निर्धारित है। हिंदी का पेपर 4 मार्च को होगा। इसके अलावा अर्थशास्त्र की परीक्षा 31 मार्च को आयोजित की जाएगी, जो ICSE 10वीं की अंतिम निर्धारित परीक्षा होगी।
ISC 12वीं के पेपर 9 फरवरी से होंगे शुरू
ISC कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। पहले दिन एनवायरनमेंटल साइंस और वेस्टर्न म्यूजिक की परीक्षा निर्धारित है। 10 फरवरी को अंग्रेजी भाषा का पेपर होगा। इसके बाद 12 फरवरी को एप्लाइड मैथमेटिक्स, रोबोटिक्स और कुछ अन्य विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। मुख्य विषयों की बात करें तो 18 फरवरी को अर्थशास्त्र, 24 फरवरी को रसायन विज्ञान, 26 फरवरी को अकाउंटेंसी, 1 मार्च को गणित और 8 मार्च को भौतिक विज्ञान की परीक्षा होगी। जीव विज्ञान का पेपर 15 मार्च, इतिहास का 19 मार्च और भूगोल का 12 मार्च को निर्धारित है।
आगे चलकर 25 मार्च को सोशियोलॉजी, 29 मार्च को कॉमर्स, 31 मार्च को साइकोलॉजी और 2 अप्रैल को पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा होगी। 8 अप्रैल को लीगल स्टडीज का पेपर निर्धारित है। इसके साथ ही ISC की परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी।
10वीं के परीक्षा समय में हुआ बदलाव
विदित है कि इस बार ICSE 10वीं की परीक्षा के समय में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए मिलने वाला समय सुबह 10 बजे से शुरू होगा। उत्तर लिखने का समय सुबह 10:15 बजे से रहेगा। छात्रों को सुबह 9:45 बजे तक परीक्षा कक्ष में अपनी सीट पर बैठ जाना होगा।
दो घंटे के पेपर सामान्यतः सुबह 10:15 बजे से शुरू होंगे, जबकि तीन घंटे के पेपर सुबह 9 बजे से आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को अपने विषय के अनुसार निर्धारित समय जरूर जांचना चाहिए। ISC 12वीं की परीक्षाओं में भी अलग-अलग समय निर्धारित हैं। अधिकांश थ्योरी पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होंगे, जबकि कुछ आर्ट विषयों की परीक्षाएं सुबह 9 बजे आयोजित की जाएंगी।
ऐसे डाउनलोड करें डेटशीट
छात्र CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर जाकर अपनी कक्षा की डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के होमपेज पर ICSE 2027 या ISC 2027 टाइमटेबल का लिंक खोलना होगा। संबंधित PDF डाउनलोड करके मोबाइल या कंप्यूटर में सेव किया जा सकता है। डेटशीट देखने के बाद विषय की तारीख के साथ परीक्षा का समय, अवधि और पेपर का नाम भी ध्यान से जांच लें। एक ही विषय से जुड़े अलग-अलग पेपर होने पर विशेष सावधानी रखें।
ISC इंग्लिश के विद्यार्थियों के लिए खास अपडेट
CISCE ने ISC 12वीं के English और Modern English विषयों के भाषा पेपर को लेकर भी जानकारी दी है। बोर्ड के अनुसार English Paper 1 और Modern English Paper 1 का प्रश्नपत्र समान होगा। दोनों विषयों का भाषा संबंधी पाठ्यक्रम भी एक जैसा निर्धारित किया गया है। दोनों परीक्षाएं 10 फरवरी 2027 को एक ही समय पर होंगी।
डेटशीट जारी होने के बाद अब विद्यार्थियों के पास परीक्षा से पहले अपनी तैयारी को व्यवस्थित करने का स्पष्ट समय-सारणी उपलब्ध है। बेहतर होगा कि छात्र अभी से विषयवार रिवीजन शुरू करें और परीक्षा के बीच मिलने वाले अंतराल का उपयोग कमजोर विषयों की तैयारी में करें।