नई दिल्ली: अगर आप अपने बच्चे के भविष्य के लिए अभी से छोटी-छोटी बचत शुरू करना चाहते हैं, तो भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ‘हर घर लखपति’ योजना आपके लिए काम की हो सकती है। यह कोई अलग निवेश उत्पाद नहीं, बल्कि Recurring Deposit (RD) आधारित योजना है, जिसमें हर महीने एक तय रकम जमा करके भविष्य के लिए एक निश्चित फंड तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसमें आप बच्चे के नाम पर भी खाता खुलवाकर नियमित निवेश कर सकते हैं। मौजूदा ब्याज दर और चुनी गई अवधि के हिसाब से छोटी मासिक किस्तों के जरिए ₹1 लाख या उससे ज्यादा का लक्ष्य तैयार किया जा सकता है।
क्या है ‘हर घर लखपति’ योजना?
आपको बता दें कि SBI की यह योजना मूल रूप से RD यानी रिकरिंग डिपॉजिट की तरह काम करती है। इसमें निवेशक हर महीने एक निश्चित रकम खाते में जमा करता है। अवधि पूरी होने पर जमा रकम के साथ उस पर मिलने वाला ब्याज जोड़कर मैच्योरिटी राशि मिलती है। इस योजना में 3 साल से लेकर 10 साल तक की अवधि चुनी जा सकती है। यानी आप अपनी जरूरत और बच्चे के भविष्य के लक्ष्य के हिसाब से निवेश की अवधि तय कर सकते हैं।
बच्चे के नाम पर भी खुल सकता है खाता
गौरतलब है कि इस योजना में बच्चे के नाम पर भी निवेश किया जा सकता है। 10 साल से अधिक उम्र का बच्चा, यदि अपने हस्ताक्षर ठीक से कर सकता है, तो अपने नाम से खाता संचालित कर सकता है। अगर बच्चा इस उम्र में अपने खाते को स्वतंत्र रूप से संचालित करने की स्थिति में नहीं है, तो माता-पिता या अभिभावक के साथ खाता खोला जा सकता है। इससे माता-पिता बच्चे की पढ़ाई, उच्च शिक्षा या भविष्य की दूसरी जरूरतों के लिए पहले से नियमित बचत कर सकते हैं।
₹1 लाख बनाने के लिए कितनी रकम जमा करनी होगी?
मौजूदा ब्याज दरों के आधार पर दिए गए उदाहरण में अगर आपका लक्ष्य 5 साल में ₹1 लाख का फंड तैयार करना है, तो हर महीने करीब ₹1,420 जमा करने होंगे। वहीं अगर आप 10 साल का लंबा समय चुनते हैं, तो ₹1 लाख के लक्ष्य के लिए मासिक किस्त करीब ₹600-610 के आसपास हो सकती है।
अलग-अलग अवधि में अनुमानित मासिक किस्त इस तरह हो सकती है:
3 साल: करीब ₹2,510 प्रति माह
4 साल: करीब ₹1,820 प्रति माह
5 साल: करीब ₹1,420 प्रति माह
6 साल: करीब ₹1,150 प्रति माह
7 साल: करीब ₹960 प्रति माह
8 साल: करीब ₹800 प्रति माह
9 साल: करीब ₹700 प्रति माह
10 साल: करीब ₹600-610 प्रति माह
ध्यान रखें कि ये गणनाएं संबंधित ब्याज दर के आधार पर हैं और ब्याज दर में बदलाव होने पर आंकड़े बदल सकते हैं।
सिर्फ ₹1 लाख तक सीमित नहीं है लक्ष्य
विदित है कि इस योजना में लक्ष्य केवल ₹1 लाख तक सीमित नहीं है। निवेशक ₹2 लाख, ₹3 लाख, ₹4 लाख या उससे अधिक का लक्ष्य भी निर्धारित कर सकता है। लक्ष्य जितना बड़ा होगा, हर महीने जमा की जाने वाली किस्त भी उसी अनुपात में बढ़ेगी।
किस्त नहीं भरी तो क्या होगा?
RD में समय पर किस्त जमा करना जरूरी है। किस्त में देरी होने पर नियमों के मुताबिक पेनल्टी लग सकती है। लगातार कई किस्तें नहीं जमा करने पर खाते पर अतिरिक्त कार्रवाई हो सकती है और लंबे समय तक डिफॉल्ट रहने पर खाता समय से पहले बंद भी किया जा सकता है। समय से पहले खाता बंद कराने पर भी लागू नियमों के अनुसार पेनल्टी या ब्याज में कमी हो सकती है।
इसलिए ‘हर घर लखपति’ योजना को बच्चों के लिए लंबी अवधि की अनुशासित बचत के तौर पर देखा जा सकता है। छोटी रकम से शुरुआत करके नियमित निवेश करने पर समय के साथ एक बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है।