नई दिल्ली : दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए घूमने-फिरने का एक नया और अनोखा विकल्प तैयार हो रहा है। अब यमुना नदी के बीचोंबीच क्रूज की सवारी का आनंद लेने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। दिल्ली सरकार राजधानी में 'नमो यमुना रिवर सफारी' शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत 10 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इसके शुभारंभ की तारीख की जानकारी दी है। इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली में नदी पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस सफारी की सबसे खास बात यह है कि लोग यमुना के पानी में करीब 12 किलोमीटर का सफर करते हुए नदी और उसके आसपास के नजारों का आनंद ले सकेंगे। पूरी यात्रा की टाइमिंग लगभग 35 से 40 मिनट रहेगा। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये का टिकट प्रस्तावित किया गया है।
सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगा क्रूज
आपको बता दें कि नमो यमुना रिवर सफारी के लिए सोनिया विहार के वजीराबाद घाट से क्रूज रवाना होगा। यहां से यह जगतपुर गांव स्थित शनि मंदिर घाट तक जाएगा और फिर वापस लौटेगा। एक तरफ की दूरी करीब 6 किलोमीटर होगी, जबकि आने-जाने का पूरा सफर लगभग 12 किलोमीटर का रहेगा। शुरुआती चरण में एक क्रूज चलाने की योजना है, जिसमें एक बार में करीब 30 यात्री बैठ सकेंगे। क्रूज को वातानुकूलित बनाया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा सफर के दौरान ऊपर खड़े होकर यमुना के नजारे देखने का विकल्प भी मिलेगा।
500 रुपये में क्रूज की सवारी, 50 रुपये में घूम सकेंगे परिसर में
गौरतलब है कि सरकार की ओर से प्रस्तावित दरों के अनुसार, पूरी रिवर सफारी का टिकट 500 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। वहीं, जो लोग केवल परिसर और प्लेटफॉर्म क्षेत्र में घूमना चाहते हैं, उनके लिए 50 रुपये का प्रवेश टिकट प्रस्तावित है। टिकट की ऑनलाइन बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से कराने की व्यवस्था बताई गई है। हालांकि, बुकिंग शुरू होने और अंतिम किराये की पुष्टि के लिए विभाग की आधिकारिक सूचना देखना जरूरी होगा।
सिर्फ क्रूज नहीं, परिवार के मनोरंजन का भी होगा इंतजाम
विदित है कि सरकार इस परियोजना को केवल नाव की सवारी तक सीमित नहीं रखना चाहती। यमुना किनारे पूरे क्षेत्र को एक आकर्षक पर्यटन और पिकनिक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट और बच्चों के लिए किड्स जोन तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा म्यूजिकल फाउंटेन और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है। इससे परिवार के साथ आने वाले लोगों को एक ही जगह पर घूमने, खाने-पीने और मनोरंजन के कई विकल्प मिल सकेंगे। इस परियोजना से आसपास के छोटे कारोबारियों और स्थानीय युवाओं को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद किया था ट्रायल
यमुना सफारी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 26 अक्टूबर को क्रूज का ट्रायल रन किया था। इस दौरान उन्होंने खुद क्रूज में सफर किया और अधिकारियों से परियोजना की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी इस मौके पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने यमुना के साथ दिल्ली के सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए पर्यटन विकास के साथ नदी की सफाई और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देने की बात कही थी।
10 नवंबर से शुरू होने का इंतजार
यमुना में क्रूज चलाने की शुरुआत पहले 4 नवंबर को करने की योजना थी, लेकिन उद्घाटन कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया गया। अब 10 नवंबर को इसकी शुरुआत प्रस्तावित है। ट्रायल और तैयारियों के बाद इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है।
अगर यह योजना तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू होती है, तो दिल्लीवासियों को घूमने-फिरने का एक नया अनुभव मिलेगा। अब देखना होगा कि राजधानी की यह पहली बड़ी नदी सफारी पर्यटकों को कितना आकर्षित करती है और यमुना पर्यटन के नए केंद्र के रूप में कितनी सफल साबित होती है।