अब 14 किलो नहीं, मिला करेगा 10 किलो का सिलेंडर!: लोहे की जगह इस मैटेरियल से होगा तैयार...जानें बदलाव की वजह और होने वाले फायदें?
अब 14 किलो नहीं, मिला करेगा 10 किलो का सिलेंडर!

नई दिल्ली : घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर इन दिनों नई चर्चा शुरू हो गई है। वर्षों से घरों में इस्तेमाल होने वाला 14.2 किलो का लाल रंग का पारंपरिक गैस सिलेंडर अब एक नए विकल्प के साथ नजर आ सकता है। तेल विपणन कंपनियां हल्के और आधुनिक 10 किलो के कंपोजिट गैस सिलेंडर के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की तैयारी कर रही हैं। हालांकि, फिलहाल पारंपरिक 14 किलो वाले सिलेंडर को बंद करने का कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।

क्या है तेल कंपनियों की नई योजना?

जानकारी के अनुसार, तेल कंपनियां 10 किलो के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर को अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना बना रही हैं। यह सिलेंडर मौजूदा 14.2 किलो वाले स्टील सिलेंडर का विकल्प होगा, लेकिन उसका स्थान पूरी तरह नहीं लेगा। यानी उपभोक्ताओं के पास अपनी जरूरत के अनुसार दोनों विकल्प उपलब्ध रह सकते हैं।

लोहे का नहीं, फाइबर ग्लास से बनेगा नया सिलेंडर

गौरतलब है क़ि नया कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक लोहे की मैटेरियल का नहीं होगा बल्कि इसे फाइबर ग्लास और विशेष कंपोजिट सामग्री से तैयार किया जाएगा। यही वजह है कि यह सामान्य गैस सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का होगा और इसे उठाना व एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान रहेगा।

क्यों खास होगा कंपोजिट गैस सिलेंडर?

आपको बता दें क़ि इस नए सिलेंडर की सबसे बड़ी खासियत इसका कम वजन है। पारंपरिक सिलेंडर भारी होने के कारण कई लोगों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को इसे संभालने में परेशानी होती है। हल्का होने के कारण कंपोजिट सिलेंडर का इस्तेमाल अधिक सुविधाजनक माना जा रहा है।

किन लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?

विदित है क़ि 10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर उन परिवारों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है जिनकी गैस खपत कम है। छोटे परिवार, अकेले रहने वाले लोग, छात्र, किरायेदार और ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों को इसे उठाने और इस्तेमाल करने में आसानी होगी। इसके अलावा चाय की दुकान, फास्ट फूड स्टॉल और छोटे व्यवसाय चलाने वालों के लिए भी यह उपयोगी साबित हो सकता है।

डिलीवरी करना भी होगा आसान

हल्का वजन होने के कारण गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मचारियों को भी सिलेंडर पहुंचाने में कम मेहनत करनी पड़ेगी। खासकर बहुमंजिला इमारतों में सिलेंडर पहुंचाना पहले की तुलना में आसान हो सकता है।

क्या बंद हो जाएगा 14 किलो वाला सिलेंडर?

फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है कि 14.2 किलो का पारंपरिक एलपीजी सिलेंडर बंद किया जाएगा। कंपनियों की योजना केवल नए कंपोजिट सिलेंडर को एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में उपलब्ध कराने की है। इसलिए उपभोक्ता अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार किसी भी सिलेंडर का चयन कर सकेंगे।

आने वाले समय में बदल सकता है घरेलू गैस का स्वरूप

यदि कंपोजिट सिलेंडर को लोगों का अच्छा फायदा मिलता है, तो भविष्य में इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ सकता है। हल्का वजन, आसान हैंडलिंग और कम गैस खपत वाले परिवारों के लिए बेहतर विकल्प होने के कारण यह घरेलू एलपीजी व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।

अन्य खबरे