क्रिकेट: भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर पाकिस्तान के खिलाफ भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इससे पहले 2012 में भारत ने पाकिस्तान को 11 रन से हराया था। टी20 विश्वकप का इतिहास गवाह है कि जब भी भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हुए, रोमांच अपने चरम पर रहा। 2007 से लेकर 2026 तक, दोनों टीमें अब तक 9 बार भिड़ी हैं और 8 बार टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। पाकिस्तान को सिर्फ एक बार 2021 में जीत मिली। हर बार कोई न कोई भारतीय खिलाड़ी संकटमोचक बनकर उभरा। आइए जानते हैं इन 9 मैचों की पूरी कहानी...
1. 2007 टी20 विश्वकप (ग्रुप स्टेज): बॉल आउट में जीत
मैन ऑफ द मैच: रॉबिन उथप्पा
आपको बता दें कि पहले टी20 विश्वकप के ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हुए। पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रॉबिन उथप्पा के अर्धशतक (50) की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 141 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान भी 20 ओवर में 7 विकेट पर 141 रन ही बना सका। मिस्बाह उल हक ने 53 रन बनाए। विदित है कि उस वक्त सुपर ओवर नहीं होता था, बल्कि बॉल आउट खेला जाता था। भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा और हरभजन सिंह ने विकेट पर हिट किया, जबकि पाकिस्तान की ओर से उमर गुल, यासिर अराफात और शाहिद अफरीदी मिस कर गए। भारत ने यह मैच जीत लिया।
2. 2007 टी20 विश्वकप (फाइनल): 5 रन से जीत, भारत बना चैंपियन
मैन ऑफ द मैच: इरफान पठान
गौरतलब है कि ग्रुप स्टेज के बाद फाइनल में फिर भिड़ंत हुई। महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। गौतम गंभीर के 75 run और रोहित शर्मा के 30 रन* की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 157 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज धाराशाई हो गए। रुद्र प्रताप सिंह, इरफान पठान और जोगिंदर शर्मा के आगे पाकिस्तान टीम की एक न चली। 141 रन तक पाकिस्तान ने 9 विकेट गंवा दिए। आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे। धोनी ने चाल चलते हुए गेंद जोगिंदर शर्मा को दी। ओवर की दूसरी गेंद पर मिस्बाह ने छक्का लगाया, लेकिन तीसरी गेंद पर उन्होंने फाइन लेग पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की और श्रीसंत ने शानदार कैच पकड़ा। भारत ने यह मैच 5 रन से जीतकर टी20 विश्वकप का पहला खिताब अपने नाम किया।
3. 2012 टी20 विश्वकप (सुपर-8): 8 विकेट से जीत
मैन ऑफ द मैच: विराट कोहली
विदित है कि 2012 में भारत और पाकिस्तान सुपर-8 राउंड में भिड़े। पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन पर ऑलआउट हो गया। जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य 17वें ओवर में हासिल कर लिया। विराट कोहली ने 61 गेंदों पर 78 रन की नाबाद पारी खेली। वीरेंद्र सहवाग ने 29 और युवराज सिंह ने 19 रन बनाए।
4. 2014 टी20 विश्वकप (ग्रुप स्टेज): 7 विकेट से जीत
मैन ऑफ द मैच: अमित मिश्रा
आपको बता दें कि 2014 में एक बार फिर भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 130 रन बनाए। जवाब में भारत ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली ने 36 और सुरेश रैना ने 35 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में अमित मिश्रा ने 2 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
5. 2016 टी20 विश्वकप (सुपर-10): 6 विकेट से जीत
मैन ऑफ द मैच: विराट कोहली
2016 में दोनों टीमें सुपर-10 राउंड में भिड़ीं। बारिश की वजह से मैच 18 ओवर का कर दिया गया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 118 रन बनाए। जवाब में भारत ने 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विराट कोहली (37 गेंदों पर 55*) और युवराज सिंह (24) ने पारी संभाली और भारत को 6 विकेट से जीत दिलाई।
6. 2021 टी20 विश्वकप (सुपर-12): 10 विकेट से हार
मैन ऑफ द मैच: शाहीन अफरीदी
गौरतलब है कि पांच साल बाद 2021 में दोनों टीमें भिड़ीं और पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ पहली बार जीत हासिल की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले में ही तीन अहम विकेट गिर गए। कप्तान कोहली के अर्धशतक (57) की बदौलत भारत ने 151 रन बनाए। आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान के बाबर आजम (68) और मोहम्मद रिजवान (79) ने शानदार खेल दिखाया और अपनी टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई। यह पाकिस्तान की टी20 विश्वकप में भारत पर पहली और इकलौती जीत है।
7. 2022 टी20 विश्वकप (सुपर-12): 4 विकेट से जीत
मैन ऑफ द मैच: विराट कोहली
मेलबर्न में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 8 विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया। विराट कोहली टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे। उन्होंने 53 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 154.72 का रहा। इस पारी को टी20 इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारियों में गिना जाता है।
8. 2024 टी20 विश्वकप (ग्रुप स्टेज): 6 रन से जीत
मैन ऑफ द मैच: जसप्रीत बुमराह
आपको बता दें कि भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 6 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 19 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। जवाब में पाकिस्तान की टीम 14वें ओवर में 3 विकेट पर 80 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी। इसके बाद मैच पलटा। रिजवान और शादाब आउट हुए। 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 3 रन दिए और इफ्तिखार का विकेट लिया। 20वें ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे, लेकिन अर्शदीप ने सिर्फ 11 रन खर्च किए और इमाद वसीम का विकेट लिया। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 113 रन ही बना सकी। बुमराह को 3 विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
9. 2026 टी20 विश्वकप (ग्रुप स्टेज): 61 रन से जीत, 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
मैन ऑफ द मैच: ईशान किशन
टी20 विश्वकप 2026 का सबसे हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ईशान किशन ने 40 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 77 रन की तूफानी पारी खेली। तिलक वर्मा (25) के साथ उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं और भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत झटके के साथ हुई। पहले दो ओवरों में ही टीम के तीन विकेट गिर गए - साहिबजादा फरहान (0), सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4)। उस्मान खान ने 44 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।
क्या कहते हैं आंकड़े?
गौरतलब है कि टी20 विश्वकप में भारत-पाकिस्तान के बीच 9 मैच, 8 जीत भारत की, 1 जीत पाकिस्तान की। भारत की 8 जीतों में 6 अलग-अलग हीरो रहें जिनमें रॉबिन उथप्पा, इरफान पठान, विराट कोहली (3 बार), अमित मिश्रा, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन शामिल रहे। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 3 बार प्लेयर ऑफ द मैच जीता। 2026 में 61 रन की जीत टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है।
2007 से 2026 तक का यह सफर बताता है कि टी20 विश्वकप में जब भी भारत और पाकिस्तान भिड़े, टीम इंडिया ने दबदबा कायम रखा। चाहे वह 2007 का बॉल आउट हो, 2007 का फाइनल, 2022 में विराट का धमाका या 2026 में ईशान का तूफान; हर बार कोई न कोई भारतीय खिलाड़ी संकटमोचक बनकर उभरा। 9 मैचों में 8 जीत के साथ भारत ने साफ कर दिया है कि टी20 विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका दबदबा कायम है और आने वाले समय में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।