दिवाली बाद NCR में प्रदूषण ने तोड़े सारे रिकॉर्ड!: दिल्ली-गाजियाबाद से लेकर नोएडा तक AQI हुआ 400 पार...जानिये आखिर क्यों इतने बिगड़ रहें हैं हालात और क्या बरतनी चाहिए आवश्यक सावधानीयां?
दिवाली बाद NCR में प्रदूषण ने तोड़े सारे रिकॉर्ड!

नई दिल्ली: दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। शुक्रवार सुबह राजधानी दिल्ली घने स्मॉग की चादर में लिपटी नजर आई। कई इलाकों में हवा इतनी खराब हो गई कि सांस लेना भी मुश्किल महसूस होने लगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 8 बजे के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 403 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। हालात सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं हैं। नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। सुबह के समय सड़कों, इमारतों और आसपास के इलाकों में धुंध की मोटी परत दिखाई दी। हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों के कारण लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतों का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार

आपको बता दें कि CPCB के सुबह 8 बजे के आंकड़ों के अनुसार राजधानी के कई निगरानी केंद्रों पर AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया। चांदनी चौक में 480 और नॉर्थ कैंपस में 479 का स्तर सामने आया। पंजाबी बाग में 458, आईटीओ में 448 और डीटीयू में 443 AQI दर्ज किया गया।
इसके अलावा जहांगीरपुरी में 432, आया नगर में 433, मुंडका में 435, विवेक विहार में 423 और आनंद विहार में 418 का स्तर रहा। रोहिणी में 414, बदरपुर में 405, अशोक विहार में 405, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 में 405 और ओखला फेज-2 में 401 AQI दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर रही। लोधी रोड में AQI 341 और द्वारका सेक्टर-8 में 366 दर्ज किया गया। हालांकि ये स्तर भी सामान्य से काफी अधिक हैं।

नोएडा में सेक्टर-62 की हवा सबसे ज्यादा खराब

गौरतलब है कि दिल्ली से सटे नोएडा में भी प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक सेक्टर-62 में AQI 474 दर्ज किया गया, जो बेहद गंभीर स्थिति को दर्शाता है। सेक्टर-116 में 402 का स्तर रहा। वहीं सेक्टर-110 में 317, सेक्टर-125 में 353, सेक्टर-150 में 337, सेक्टर-1 में 335 और सेक्टर-39 में 334 AQI दर्ज किया गया। इससे साफ है कि नोएडा के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग है, लेकिन हवा की गुणवत्ता कहीं भी संतोषजनक नहीं है।

गाजियाबाद में इंदिरापुरम और वसुंधरा की स्थिति खराब

गाजियाबाद के कई इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा रहा। इंदिरापुरम में AQI 432 और वसुंधरा में 405 दर्ज किया गया। वेव सिटी में 396, संजय नगर में 391 और लोनी में 385 का स्तर रहा। गोविंदपुरम में AQI 253 दर्ज किया गया, जो बाकी निगरानी केंद्रों की तुलना में कम है।

आखिर क्यों बिगड़ रहे हैं हालात?

विदित है कि दिवाली के बाद पटाखों से निकला धुआं, वाहनों का उत्सर्जन, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और औद्योगिक गतिविधियां प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रमुख कारकों में शामिल हैं। सर्दियों की शुरुआत के साथ हवा की गति कम होने और वातावरण में प्रदूषकों के फैलाव की स्थिति कमजोर पड़ने से भी प्रदूषण जमीन के आसपास जमा हो सकता है। हालांकि किसी एक कारण को मौजूदा प्रदूषण के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। इसके लिए मौसम, स्थानीय उत्सर्जन और क्षेत्रीय प्रदूषण की भूमिका भी देखनी होती है।

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

प्रदूषण के इस स्तर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जरूरी न हो तो सुबह और शाम के समय लंबे समय तक बाहर रहने से बचें। बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला N95 मास्क इस्तेमाल करें। घर में धूल और धुएं का प्रवेश कम रखें तथा आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी बढ़ने पर चिकित्सकीय सलाह लें।

दिल्ली-एनसीआर में हवा की यह स्थिति एक बार फिर बताती है कि प्रदूषण अब केवल मौसम की समस्या नहीं, बल्कि लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुका है। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों के साथ-साथ लोगों को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना होगा।

अन्य खबरे