Whatspp यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी!: अब नहीं चलाते व्हाट्सएप्प फिर भी कर सकेंगे WhatsApp कॉल, बस एक लिंक से जुड़ सकेंगे 32 लोग, जानें कैसे काम करेगा यह नया फीचर_एक नजर
Whatspp यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी!

तकनीकी: अगर आप WhatsApp का इस्तेमाल नहीं करते हैं या आपके फोन में इसका ऐप इंस्टॉल नहीं है, तो भी आप WhatsApp कॉल का हिस्सा बन सकते हैं। मेटा के लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने ‘गेस्ट कॉल’ (Guest Call) फीचर पेश किया है। इसके जरिए बिना WhatsApp अकाउंट वाले लोगों को भी ऑडियो और वीडियो कॉल में शामिल होने का न्योता दिया जा सकेगा। यानी अब किसी से WhatsApp पर बात करने के लिए हर व्यक्ति के फोन में इस ऐप का होना जरूरी नहीं होगा।

बिना WhatsApp अकाउंट के कैसे होगी कॉल?

आपको बता दें कि अब तक WhatsApp की कॉलिंग सुविधा इस्तेमाल करने के लिए अकाउंट होना जरूरी था। लेकिन गेस्ट कॉल फीचर इस प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में एक कदम है। इसमें WhatsApp इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति कॉल का लिंक तैयार कर सकता है और उसे उन लोगों के साथ साझा कर सकता है, जिनके पास WhatsApp अकाउंट नहीं है। लिंक मिलने के बाद गेस्ट उसे अपने कंप्यूटर के ब्राउजर में खोलकर अपना नाम दर्ज कर सकता है। इसके बाद कॉल होस्ट की मंजूरी मिलने पर वह बातचीत में शामिल हो सकेगा। इस तरह बिना अकाउंट बनाए भी कॉल से जुड़ने का विकल्प मिलेगा।

ऐसे बनाएं Guest Call का लिंक

गौरतलब है कि इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए WhatsApp यूजर को कुछ आसान चरण पूरे करने होंगे।

  1. अपने WhatsApp में Calls टैब खोलें।

  2. वहां दिए गए प्लस (+) आइकन पर टैप करें।

  3. कॉल लिंक बनाने का विकल्प चुनें।

  4. जरूरत के अनुसार ऑडियो या वीडियो कॉल का लिंक तैयार करें।

  5. इस लिंक को उस व्यक्ति के साथ साझा करें, जिसे कॉल में शामिल करना है।

  6. गेस्ट लिंक खोलकर अपना नाम दर्ज करेगा और होस्ट की अनुमति मिलने के बाद कॉल से जुड़ सकेगा।

ध्यान रहे कि गेस्ट खुद कॉल शुरू या होस्ट नहीं कर सकता। उसे किसी WhatsApp यूजर की ओर से भेजे गए लिंक के जरिए ही कॉल में शामिल होना होगा।

एक कॉल में जुड़ सकेंगे 32 लोग

विदित है कि गेस्ट कॉलिंग फीचर ग्रुप बातचीत के लिए भी उपयोगी हो सकता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, WhatsApp ग्रुप कॉल में अधिकतम 32 लोगों तक को शामिल किया जा सकता है। इससे परिवार, दोस्तों या काम से जुड़े लोगों के साथ बातचीत करना आसान हो सकता है, भले ही सभी लोग WhatsApp का इस्तेमाल न करते हों। हालांकि, कॉल में शामिल होने वाले गेस्ट को कुछ सीमाओं का ध्यान रखना होगा। वह दूसरे प्रतिभागियों को सीधे कॉल में नहीं जोड़ सकेगा, मैसेज नहीं भेज सकेगा और न ही अन्य लोगों के फोन नंबर देख सकेगा। कॉल होस्ट जरूरत पड़ने पर गेस्ट को बातचीत से हटा भी सकता है।

सुरक्षा के लिए होस्ट की मंजूरी जरूरी

गौरतलब है कि इस फीचर में कॉल लिंक मिलने का मतलब यह नहीं है कि कोई व्यक्ति बिना अनुमति सीधे बातचीत शुरू कर देगा। गेस्ट को कॉल में प्रवेश के लिए होस्ट की मंजूरी लेनी होगी। इससे अनजान लोगों को बिना अनुमति बातचीत में शामिल होने से रोकने में मदद मिल सकती है। फिर भी, किसी अनजान व्यक्ति से मिला कॉल लिंक खोलते समय सावधानी बरतना जरूरी है। लिंक की पहचान और उसे भेजने वाले व्यक्ति की विश्वसनीयता जांच लें।

आगे कैलेंडर से भी जुड़ सकती है कॉलिंग सुविधा

WhatsApp की योजना में कैलेंडर इंटीग्रेशन जैसी सुविधा भी शामिल बताई गई है। इसके जरिए Google या Outlook कैलेंडर से कॉल शेड्यूल करने और आमंत्रण साझा करने का विकल्प मिल सकता है। हालांकि, इस सुविधा की उपलब्धता और लॉन्च का समय आधिकारिक अपडेट पर निर्भर करेगा।

गेस्ट कॉल का यह फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, जिन्हें कभी-कभार WhatsApp इस्तेमाल करने वाले दोस्तों, रिश्तेदारों या सहकर्मियों से बात करनी होती है। अब उन्हें सिर्फ एक कॉल लिंक के जरिए बातचीत में शामिल होने का विकल्प मिल सकता है वो भी बिना नया WhatsApp अकाउंट बनाए।

अन्य खबरे