नई दिल्ली/तकनीकी : टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक बार फिर हलचल मचाते हुए Apple ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन iPhone 17e और पावरफुल iPad Air M4 लॉन्च कर दिया है। खास बात यह है कि कंपनी ने इस बार यूजर्स के बजट का खास ध्यान रखते हुए iPhone 17 सीरीज का सबसे किफायती मॉडल पेश किया है। कम कीमत में दमदार फीचर्स, नया प्रोसेसर और ज्यादा स्टोरेज के साथ यह फोन Apple लवर्स के लिए बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है। साथ ही Apple ने नए iPad Air में M4 चिप देकर परफॉर्मेंस को पहले से कई गुना बेहतर बनाने का दावा किया है।
iPhone 17e; कम कीमत में हाई-एंड परफॉर्मेंस :
आपको बता दें कि Apple का नया iPhone 17e डिजाइन और फीचर्स के मामले में काफी आकर्षक है। इसमें 6.1 इंच का Super Retina XDR OLED डिस्प्ले दिया गया है, जो HDR सपोर्ट के साथ आता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसमें Ceramic Shield 2 प्रोटेक्शन दिया गया है, जिसे कंपनी पिछले मॉडल से तीन गुना ज्यादा मजबूत बता रही है। फोन का डिजाइन फ्लैट एज फ्रेम और ग्लास बैक के साथ प्रीमियम लुक देता है। साथ ही यह IP68 रेटिंग के साथ आता है, यानी पानी और धूल से भी सुरक्षित रहेगा।
नया A19 चिपसेट, मिलेगा सुपरफास्ट एक्सपीरियंस :
iPhone 17e में Apple का नया A19 चिपसेट दिया गया है, जो 3nm टेक्नोलॉजी पर आधारित है। कंपनी के मुताबिक यह प्रोसेसर पहले के मुकाबले ज्यादा तेज और पावर एफिशिएंट है। इसका मतलब है कि गेमिंग, वीडियो एडिटिंग और मल्टीटास्किंग जैसे काम पहले से ज्यादा स्मूद होंगे। फोन में लेटेस्ट iOS के साथ Apple के नए AI फीचर्स और बेहतर Siri इंटीग्रेशन भी मिलेगा।
स्टोरेज हुआ डबल, कैमरा भी दमदार :
गौरतलब है कि इस बार Apple ने बेस मॉडल की स्टोरेज बढ़ाकर 256GB कर दी है, जो पहले 128GB हुआ करती थी। फोटोग्राफी के लिए इसमें 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है, जो 2x ऑप्टिकल क्वालिटी जूम सपोर्ट करता है। इसके साथ ही नाइट मोड, स्मार्ट HDR और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं। सेल्फी और फेस आईडी के लिए फ्रंट में 12 मेगापिक्सल का TrueDepth कैमरा दिया गया है।
MagSafe की वापसी और बेहतर बैटरी :
विदित है कि पिछले मॉडल में जिस फीचर की कमी महसूस की जा रही थी, वह था MagSafe सपोर्ट। Apple ने इस बार इसे वापस जोड़ दिया है। अब यूजर्स फोन को 15W वायरलेस चार्जिंग और 20W फास्ट वायर्ड चार्जिंग से चार्ज कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि फोन एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 26 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है।
भारत में कीमत और उपलब्धता
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत में iPhone 17e की शुरुआती कीमत ₹64,900 रखी गई है, जिसमें 256GB स्टोरेज मिलेगा।
256GB मॉडल – ₹64,900
512GB मॉडल – ₹84,900
यह फोन ब्लैक, सॉफ्ट पिंक और व्हाइट कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा। इसकी प्री-ऑर्डर 4 मार्च से शुरू हो चुकी है और सेल 11 मार्च से Apple की वेबसाइट और अधिकृत स्टोर्स पर शुरू होगी।
नया iPad Air M4 भी लॉन्च
Apple ने iPhone के साथ नया iPad Air भी लॉन्च किया है, जिसमें अब बेहद पावरफुल M4 चिप दी गई है। यह टैबलेट दो साइज में लॉन्च हुआ है:
11-इंच
13-इंच
इसमें Liquid Retina डिस्प्ले दिया गया है और यह Apple Pencil Pro तथा Magic Keyboard को सपोर्ट करता है। 11-इंच मॉडल की शुरुआती वैश्विक कीमत लगभग $599 (करीब ₹49,700) बताई जा रही है।
Apple का फोकस ज्यादा फीचर्स और कम कीमत पर है। Apple का यह नया लॉन्च इस बात का संकेत है कि कंपनी अब प्रीमियम फीचर्स को अपेक्षाकृत कम कीमत में देने की रणनीति अपना रही है। iPhone 17e और नया iPad Air M4 उन यूजर्स को ध्यान में रखकर लॉन्च किए गए हैं, जो Apple का अनुभव चाहते हैं लेकिन बहुत ज्यादा कीमत खर्च नहीं करना चाहते।