दिल्ली में फ्री में बिजली पाने के लिए अब हर साल रजिस्ट्रेशन कराना होगा अनिवार्य!: दिसंबर में लॉन्च होगा नया पोर्टल, साथ ही अब...जानें बदलाव के पीछे की वजह?
दिल्ली में फ्री में बिजली पाने के लिए अब हर साल रजिस्ट्रेशन कराना होगा अनिवार्य!

नई दिल्ली: दिल्ली में बिजली बिल कम करने या जीरो बिल का फायदा उठाने वाले लाखों घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब केवल बिजली कनेक्शन होने से मुफ्त बिजली का लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि इसके लिए उपभोक्ताओं को हर साल आवेदन करके सब्सिडी का विकल्प चुनना होगा। दिल्ली सरकार इसके लिए दिसंबर के पहले सप्ताह में एक नया पोर्टल लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, पोर्टल शुरू होने के बाद घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए जरूरी दस्तावेजों के साथ अपनी जानकारी दर्ज करके बिजली सब्सिडी का विकल्प चुनना होगा। आवेदन करने के लिए उपभोक्ताओं को करीब एक महीने का समय दिया जा सकता है। जो लोग तय समय में आवेदन नहीं करेंगे, उन्हें बिजली सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा।

हर साल करना होगा आवेदन, अपने आप नहीं मिलेगी सब्सिडी

आपको बता दें कि नई व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि बिजली सब्सिडी के लिए हर साल आवेदन करना अनिवार्य होगा। पहले से सब्सिडी प्राप्त कर रहे उपभोक्ताओं को भी नए सिरे से रजिस्ट्रेशन कराना पड़ सकता है। पोर्टल पर उपभोक्ताओं की जानकारी दर्ज होने के बाद बिजली वितरण कंपनियां (DISCOM) बिजली उपभोक्ता नंबर और आधार के जरिए उनका सत्यापन करेंगी। सरकार का उद्देश्य सब्सिडी पाने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित करना और योजना को अधिक व्यवस्थित तरीके से लागू करना बताया जा रहा है। ऐसे में अगर किसी उपभोक्ता ने आवेदन नहीं किया या उसका सत्यापन पूरा नहीं हुआ, तो उसे मुफ्त बिजली मिलने में परेशानी हो सकती है।

कितनी यूनिट बिजली पर मिलता है फायदा?

गौरतलब है कि दिल्ली में मौजूदा बिजली सब्सिडी व्यवस्था के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने पर बिल में पूरी छूट मिलती है। यानी निर्धारित सीमा के भीतर बिजली खपत करने वाले पात्र उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो सकता है। वहीं, 201 से 400 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को बिल पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। इस छूट की अधिकतम सीमा 800 रुपये निर्धारित है। इस योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को सब्सिडी का विकल्प चुनना जरूरी होता है। अब सरकार इसी प्रक्रिया को नए पोर्टल के माध्यम से संचालित करने की तैयारी कर रही है।

सरकार पर बढ़ता जा रहा सब्सिडी का बोझ

दिल्ली में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के साथ सरकार का सब्सिडी खर्च भी लगातार बढ़ा है। पिछले करीब एक दशक में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में लगभग 40 प्रतिशत वृद्धि हुई है। वर्तमान में दिल्ली में 73 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें घरेलू उपभोक्ताओं की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। फरवरी 2026 तक बिजली सब्सिडी के लिए आवंटित राशि 4,037.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने बिजली सब्सिडी मद में 3,500 करोड़ रुपये का बजट रखा है।

सब्सिडी व्यवस्था में बदलाव क्यों?

विदित है कि सब्सिडी योजना को लेकर यह सवाल भी उठता रहा है कि इसका लाभ वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक कितना पहुंच रहा है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में भी योजना के लाभ जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक सही तरीके से नहीं पहुंचने की बात सामने आई थी। नई रजिस्ट्रेशन व्यवस्था के जरिए सरकार लाभार्थियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित करने और पात्र उपभोक्ताओं की पहचान करने की कोशिश कर सकती है।

हालांकि, अभी पोर्टल लॉन्च होने की तारीख, आवेदन प्रक्रिया और दस्तावेजों की पूरी जानकारी सामने आना बाकी है। ऐसे में दिल्ली के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सरकार की आधिकारिक घोषणा पर नजर रखनी चाहिए, ताकि रजिस्ट्रेशन शुरू होने पर मुफ्त बिजली की सुविधा से वंचित न रह जाएं।

अन्य खबरे