प्यूर्टो रिको की 'जेनीफर बैरेटो' बनी मिस यूनिवर्स-2026!: ख़िताब जीतने वाली बनी पहली शादीशुदा महिला, वहीं विवाद...जानें किस नंबर पर रहीं भारत की काजिया लिज मेजो?
प्यूर्टो रिको की 'जेनीफर बैरेटो' बनी मिस यूनिवर्स-2026!

सैन जुआन: दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में शामिल मिस यूनिवर्स-2026 को नई विजेता मिल गई है। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 75वें संस्करण का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। उनकी जीत इस बार इसलिए भी खास रही, क्योंकि वह शादीशुदा होने के साथ एक बेटी की मां भी हैं। उन्हें मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली विवाहित महिला और मां बताया जा रहा है। 25 नवंबर को प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन में आयोजित भव्य फिनाले में दुनियाभर की 116 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद जेनिफर को विजेता घोषित किया गया। पिछली मिस यूनिवर्स और मेक्सिको की फातिमा बॉश ने उन्हें ताज पहनाया। जेनिफर की जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया है।

भारतीय कारीगरों की कढ़ाई वाले गाउन ने खींचा ध्यान

आपको बता दें कि मिस यूनिवर्स के मंच पर जेनिफर का पहनावा भी चर्चा का विषय बना रहा। उन्होंने भारतीय कारीगरों की बारीक कढ़ाई से सजा खास गाउन पहना था, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय कला और हस्तकला की खूबसूरती को प्रदर्शित किया। जेनिफर ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और जवाबों से निर्णायकों को प्रभावित किया। फाइनल राउंड में प्रतियोगियों से पूछा गया कि दुनिया को अपने नेताओं से सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है? जेनिफर ने जवाब में सहानुभूति, दूसरों को समझने और अपने मूल्यों पर कायम रहने की बात कही।

कौन हैं जेनिफर बैरेटो?

17 दिसंबर 1998 को प्यूर्टो रिको के मायागुएज में जन्मी जेनिफर मॉडल होने के साथ सोशल वर्कर भी हैं। उन्होंने रिसर्च साइकोलॉजी में स्नातक किया है और साइकोलॉजी तथा क्लिनिकल सोशल वर्क में मास्टर डिग्री हासिल की है। सौंदर्य प्रतियोगिता में आने से पहले वह मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय थीं। अमेरिकी सेना के परिवारों के बीच घरेलू हिंसा और बच्चों से दुर्व्यवहार जैसी समस्याओं से प्रभावित लोगों की सहायता करने का भी अनुभव उनके पास है। जेनिफर की शादी यान कार्लोस बैरेटो काल्डेरोन से हुई है। उनकी सात साल की बेटी पेनेलोप भी है। उन्होंने कम समय में मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। फरवरी 2026 में पहली बार रैंप वॉक करने के बाद जून में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीता और अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिस यूनिवर्स बन गईं। उन्होंने अपने फिटनेस सफर में करीब 30 किलो वजन भी घटाया है।

भारत की काजिया टॉप-30 तक पहुंचीं

गौरतलब है कि भारत की तरफ से 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। केरल की रहने वाली काजिया ने टॉप-30 में जगह बनाकर देश का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन वह टॉप-12 तक नहीं पहुंच सकीं। डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास सेकेंड रनर-अप रहीं। फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन भी टॉप-5 में शामिल थीं।

प्रतियोगिता से पहले विवाद भी रहे चर्चा में

विदित है कि 75वीं वर्षगांठ के इस आयोजन से पहले कई विवाद सामने आए। कुछ प्रतियोगियों को फ्रेंचाइजी विवाद के चलते मंच नहीं मिला, जबकि कुछ देशों की प्रतिभागियों को वीजा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

इस बार 3,150 हीरों से सजा 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड का खास डायमंड क्राउन भी तैयार किया गया था। जेनिफर की जीत के बाद सोशल मीडिया और गूगल पर उनकी चर्चा तेज हो गई है। उनकी उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि शादी और मातृत्व किसी महिला के सपनों या सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते।

अन्य खबरे