लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक सहायता योजना लाने की तैयारी की खबर सामने आई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, योगी सरकार प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 20-20 हजार रुपये भेजने की योजना पर विचार कर रही है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो दिसंबर में ही महिलाओं के खातों में पैसे पहुंचने की संभावना बन सकती है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से योजना का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि इस योजना के लिए आगामी शीतकालीन सत्र में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया जा सकता है। प्रस्ताव के मुताबिक, महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की दो किस्तों में कुल 20 हजार रुपये दिए जा सकते हैं। चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले सहायता राशि पहुंचाने को लेकर भी चर्चा चल रही है।
किसे मिलेंगे 20 हजार रुपये, दो विकल्पों पर मंथन
आपको बता दें कि योजना का सबसे बड़ा सवाल यही है कि इसका लाभ किन महिलाओं को मिलेगा। इस संबंध में दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पहला विकल्प बीपीएल परिवारों की महिलाओं का है। प्रदेश में करीब 3.64 करोड़ बीपीएल परिवार बताए जाते हैं। प्रस्ताव है कि प्रत्येक पात्र परिवार की एक महिला मुखिया को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। दूसरा विकल्प स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का है। उत्तर प्रदेश में राज्य आजीविका मिशन के तहत करीब एक करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। इन महिलाओं को आर्थिक मदद देकर स्वरोजगार और छोटे कारोबार को बढ़ावा देने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
दिल्ली में बड़े नेताओं की बैठक के बाद होगा फैसला
गौरतलब है कि योजना को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश सरकार के बीच चर्चा होनी है। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के शामिल होने की बात कही जा रही है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहमति से योजना पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
बिहार समेत सात राज्यों के फॉर्मूले पर नजर
विदित है कि भाजपा इससे पहले कई राज्यों में महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने वाली योजनाओं के जरिए चुनावी मैदान में उतर चुकी है। बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 10 हजार रुपये की शुरुआती सहायता दी गई थी। मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना, महाराष्ट्र में माझी लाडकी बहिन, असम में अरुणोदोई और हरियाणा में लाडो लक्ष्मी जैसी योजनाएं भी चर्चा में रही हैं। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी चुनाव से पहले महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे किए गए थे। इन राज्यों के अनुभव को देखते हुए यूपी में भी इसी तरह की योजना पर विचार किया जा रहा है।
प्रदेश में 6.20 करोड़ से ज्यादा महिला मतदाता
उत्तर प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या 6.20 करोड़ से अधिक बताई गई है। कुल मतदाताओं में महिलाओं की इतनी बड़ी हिस्सेदारी को देखते हुए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए यह वर्ग महत्वपूर्ण हो गया है। भाजपा 26 से 28 नवंबर तक प्रदेश में महिला मतदाताओं को जोड़ने और उनसे संपर्क बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी में है। इसके अलावा सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा बहुओं और मिड-डे मील रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी जैसे कदम उठा चुकी है। छात्राओं को टैबलेट देने और करीब 40 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरित करने की तैयारी भी बताई गई है। निराश्रित महिलाओं की पेंशन बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है।
फिलहाल 20 हजार रुपये देने की योजना को लेकर अंतिम फैसला और पात्रता के नियम सामने नहीं आए हैं। ऐसे में महिलाओं को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।