लाइफस्टाइल : मोबाइल की बैटरी खत्म होते ही लोग सबसे पहले पावर बैंक निकालते हैं। ऑफिस, कॉलेज, ट्रेन, फ्लाइट या ट्रैवल आज पावर बैंक करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। लेकिन यही छोटा सा गैजेट अब बड़ा खतरा भी बनता जा रहा है। हाल ही में IndiGo की हैदराबाद से आई एक फ्लाइट में यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते केबिन धुएं से भर गया और इमरजेंसी इवैक्युएशन करना पड़ा। यात्रियों को स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। हालांकि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है—क्या आपकी जेब या बैग में रखा पावर बैंक सुरक्षित है? विशेषज्ञों के मुताबिक, पावर बैंक में लगी Lithium-Ion बैटरी अगर गलत तरीके से इस्तेमाल हो तो वह बम की तरह फट सकती है।
आखिर क्यों फटते हैं पावर बैंक?
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि पावर बैंक में इस्तेमाल होने वाली Lithium-Ion बैटरियां बहुत संवेदनशील होती हैं। अगर बैटरी ज्यादा गर्म हो जाए, ओवरचार्ज हो जाए, अंदर शॉर्ट सर्किट हो जाए या खराब क्वालिटी की हो तो उसमें “थर्मल रनअवे” नाम की स्थिति बन जाती है। यही वह स्थिति है जब बैटरी अचानक आग पकड़ सकती है या ब्लास्ट कर सकती है।
ये 5 गलतियां पावर बैंक को बना सकती हैं ‘टाइम बम’
1. जरूरत से ज्यादा चार्ज करना
सबसे बड़ी गलती है पावर बैंक को घंटों चार्जिंग पर छोड़ देना। कई लोग रातभर चार्जिंग पर लगाकर छोड़ देते हैं। 100% चार्ज होने के बाद भी नहीं हटाते। इससे बैटरी लगातार गर्म होती रहती है। परिणामतः बैटरी फूल सकती है। अंदरूनी सर्किट खराब हो सकता है जिससे आग या ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए पावर बैंक फुल चार्ज होते ही उसे तुरंत हटा दें।
2. सस्ता और लोकल पावर बैंक खरीदना
कम कीमत के चक्कर में लोग अक्सर लोकल या बिना ब्रांड वाले पावर बैंक खरीद लेते हैं। ऐसे पावर बैंक में खराब बैटरी, कमजोर सर्किट और नकली सुरक्षा सिस्टम हो सकते हैं। यही वजह है कि सस्ते पावर बैंक में आग लगने की घटनाएं ज्यादा सामने आती हैं। इसलिए हमेशा BIS सर्टिफाइड और भरोसेमंद ब्रांड का पावर बैंक खरीदें।
3. धूप या गर्म जगह पर रखना
बहुत लोग कार के अंदर, बैग में बंद करके, तकिए के नीचे या धूप में पावर बैंक छोड़ देते हैं। ऐसे में गर्मी बैटरी की सबसे बड़ी दुश्मन मानी जाती है। ज्यादा तापमान से बैटरी तेजी से गर्म होती है, अंदर गैस बनने लगती है और ब्लास्ट का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए पावर बैंक को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर रखें।
4. डैमेज होने के बाद भी इस्तेमाल करना
अगर पावर बैंक गिर गया हो, टूट गया हो, दब गया हो या उसकी बॉडी खुल गई हो तो उसे इस्तेमाल करना बेहद खतरनाक हो सकता है। अगर बैटरी फूलने लगे तो यह बड़ा चेतावनी संकेत है। ऐसी स्थिति में “कभी भी ब्लास्ट हो सकता है।” इसलिए डैमेज पावर बैंक तुरंत बदल दें।
5. किसी भी चार्जर से चार्ज करना
आपको बता दें कि कई लोग लोकल चार्जर, फास्ट चार्जर और अलग वोल्टेज वाले एडेप्टर से पावर बैंक चार्ज कर लेते हैं। इससे बैटरी पर दबाव बढ़ता है और ओवरहीटिंग हो सकती है। इसके लिये हमेशा ओरिजिनल या कंपनी द्वारा सुझाए गए चार्जर और केबल का इस्तेमाल करें।
फ्लाइट में पावर बैंक क्यों बन रहा खतरा?
आपको बता दें कि एयरलाइंस में पावर बैंक को लेकर नियम लगातार सख्त हो रहे हैं क्योंकि लिथियम बैटरियां हवा में आग पकड़ने पर तेजी से फैलती हैं। छोटे स्पेस में धुआं भर सकता है और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। इसी वजह से कई एयरलाइंस चेक-इन बैग में पावर बैंक रखने की अनुमति नहीं देतीं। केवल हैंड बैगेज में रखने की इजाजत होती है।
सुरक्षित इस्तेमाल के लिए याद रखें ये बातें
ओरिजिनल पावर बैंक खरीदें
ज्यादा गर्म होने पर तुरंत इस्तेमाल बंद करें
बैटरी फूलने पर बदल दें
पानी और धूप से दूर रखें
चार्जिंग के दौरान कपड़े या तकिए के नीचे न रखें
बच्चों की पहुंच से दूर रखें
पावर बैंक जितना काम का गैजेट है, उतना ही खतरनाक भी साबित हो सकता है अगर उसका इस्तेमाल गलत तरीके से किया जाए। एक छोटी सी गलती फोन खराब कर सकती है, बैग में आग लगा सकती है यहां तक कि जानलेवा हादसे की वजह भी बन सकती है। इसलिए अगली बार पावर बैंक इस्तेमाल करने से पहले सिर्फ बैटरी प्रतिशत नहीं, उसकी सुरक्षा पर भी जरूर ध्यान दें।