होली से पहले रेलवे का सख्त फैसला!: दिल्ली के इन 5 बड़े स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट बंद, सिर्फ यात्रियों को एंट्री वही...जानें कब तक लागू रहेंगे प्रतिबंध और किन्हें हैं विशेष छूट?
होली से पहले रेलवे का सख्त फैसला!

नई दिल्ली : होली के त्योहार से पहले घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राजधानी दिल्ली में बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली सहित पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। यह फैसला 26 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक लागू रहेगा, ताकि स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यात्रा मिल सके।

इन 5 बड़े स्टेशनों पर लागू हुआ प्रतिबंध :

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रेलवे प्रशासन के अनुसार, निम्न प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे:

•नई दिल्ली रेलवे स्टेशन

•दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली)

•हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन

•आनंद विहार टर्मिनल

•दिल्ली सराय रोहिल्ला

इन स्टेशनों पर अब केवल वैध टिकट वाले यात्री ही प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे, जिससे अनावश्यक भीड़ कम होगी।

रेलवे ने क्यों लिया यह बड़ा फैसला?

गौरतलब है कि होली के दौरान हर साल दिल्ली के स्टेशनों पर लाखों यात्रियों की भीड़ उमड़ती है। इस भीड़ में कई लोग सिर्फ छोड़ने या लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाते हैं, जिससे प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वार पर भारी भीड़ लग जाती है जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होती है और सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है।

इन लोगों को मिलेगी विशेष छूट :

आपको बता दें कि हालांकि रेलवे ने मानवीय आधार पर कुछ श्रेणियों को राहत दी है। इन मामलों में परिजनों को प्लेटफॉर्म तक जाने की अनुमति मिल सकती है:

•वरिष्ठ नागरिकों की सहायता करने वाले लोग

•दिव्यांग यात्रियों के सहायक

•बीमार यात्रियों के साथ आने वाले परिजन

•अकेली महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वाले परिवारजन

सुरक्षा और व्यवस्था के लिए खास इंतजाम :

गौरतलब है कि रेलवे ने भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कदम उठाए हैं। जिसके तहत स्टेशन पर सीमित प्रवेश द्वारों से ही एंट्री दी जाएगी, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल और स्टाफ तैनात किए जाएंगे और यात्रियों को समय से पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।

यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कदम केवल त्योहार के दौरान भीड़ नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से स्टेशन न आएं और यात्रा से पहले टिकट, समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी सुनिश्चित कर लें।

अन्य खबरे