यूपी में आंधी-बारिश तूफ़ान से 100+ मौत के बाद, अब भीषण लू का कहर!: 20 मई से और खतरनाक होंगे हालात, इन 22 जिलों में हीटवेव अलर्ट...जानें क्या है मौसम में इस अचानक बदलाव की बड़ी वजह? अगले 5 दिन का का मौसम_एक नजर
यूपी में आंधी-बारिश तूफ़ान से 100+ मौत के बाद, अब भीषण लू का कहर!

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम ने खतरनाक करवट ले ली है। कुछ दिन पहले तक आंधी-बारिश और तूफान से जूझ रहे प्रदेश में अब भीषण गर्मी लोगों का दम निकाल रही है। रविवार सुबह से ही ज्यादातर जिलों में तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। India Meteorological Department ने प्रदेश के 22 जिलों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कानपुर में नगर निगम को सड़कों पर पानी का छिड़काव करवाना पड़ रहा है, ताकि गर्म हवा और तपती सड़कों से लोगों को राहत मिल सके। वाराणसी, प्रयागराज, बांदा, गोरखपुर और लखनऊ समेत कई शहरों में सुबह से ही लोग घरों में कैद दिखाई दिए।

इन 22 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

आपको बता दें कि मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दोपहर के समय तेज लू चल सकती है और तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा रह सकता है।

बांदा बना आग का गोला, 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

गौरतलब है कि प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी बांदा में रिकॉर्ड की गई, जहां तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लगातार पांचवें दिन बांदा यूपी का सबसे गर्म शहर बना रहा। वहीं आजमगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 5 दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। 20 मई से गर्मी और ज्यादा विकराल रूप दिखाएगी। खासतौर पर बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में लू लोगों को बेहाल कर सकती है।

कानपुर में सड़कों पर पानी, वाराणसी में ऑरेंज अलर्ट

कानपुर में बढ़ती गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने वॉटर स्प्रिंकलर से सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया है। दोपहर में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वाराणसी में मौसम विभाग ने 19 से 21 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सूरज की तपिश इतनी तेज हो चुकी है कि दोपहर में सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं। गोरखपुर में भी हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है, जबकि रात में भी उमस भरी गर्मी लोगों की नींद उड़ाएगी।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

18 मई

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज धूप निकलेगी। दोपहर में लू चल सकती है। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने के आसार हैं।

19 मई

कुछ इलाकों में हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। दिन में तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी।

20 मई

पश्चिमी यूपी में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

21 मई

पूर्वांचल के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी और लू का सिलसिला जारी रहेगा।

22 मई

पश्चिमी यूपी में आसमान साफ रहेगा और तेज लू चलेगी। वहीं पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के संकेत हैं।

क्यों बदल रहा यूपी का मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यूपी में इस बार मौसम का मिजाज बेहद असामान्य है। ऊपर की सतह पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि नीचे बंगाल की खाड़ी से गर्म और नमी वाली हवाएं आ रही हैं। जब ये दोनों टकराती हैं तो मौसम अचानक खतरनाक रूप ले लेता है। इसी वजह से कुछ दिन पहले लखनऊ में सुबह 9 बजे ही अंधेरा छा गया था और कई जिलों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं। बरेली में तो एक शख्स हवा में उड़कर खेत में जा गिरा था।

111 मौतों के बाद अब लू का खतरा

13 मई को आए तूफान और आंधी ने यूपी में भारी तबाही मचाई थी। प्रदेशभर में 111 लोगों की मौत हो गई थी। अब उसी प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का खतरा मंडरा रहा है। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी।

मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है और 18 जून तक यूपी में एंट्री कर सकता है। हालांकि वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि El Niño प्रभाव के कारण इस बार मानसून कमजोर रह सकता है। यानी बारिश सामान्य से कम होने की आशंका है, जिससे सूखे और हीटवेव का खतरा और बढ़ सकता है।

अन्य खबरे