इंदौर/केरल : प्रयागराज के महाकुंभ मेले में अपनी नीली आंखों और सादगी से रातों-रात चर्चा में आई युवती मोनालिसा भोंसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी है। खबर सामने आई है कि मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम में शादी कर ली है। इस शादी के बाद सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक चर्चा तेज हो गई है। जहां कुछ लोग इसे प्यार की जीत बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस पर सवाल भी उठा रहे हैं।
केरल में कोर्ट मैरिज और मंदिर में सात फेरे
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा और फरमान खान ने पहले कोर्ट मैरिज की, इसके बाद तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से सात फेरे भी लिए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फरमान खान, मोनालिसा को मंगलसूत्र पहनाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में दोनों कोर्ट में मैरिज सर्टिफिकेट के साथ खड़े नजर आते हैं।
परिवार के विरोध के बीच लिया फैसला
बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान खान करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे। लेकिन इस रिश्ते को लेकर परिवार की सहमति नहीं थी। मोनालिसा ने दावा किया कि उनके परिवार, खासकर पिता, इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन पर काफी दबाव बनाया जा रहा था। इसी वजह से उन्होंने घर छोड़ दिया और केरल जाकर शादी करने का फैसला किया। शादी से पहले दोनों तिरुवनंतपुरम के थंपानूर पुलिस स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा की मांग की। पुलिस के मुताबिक मोनालिसा बालिग हैं और कानून के अनुसार अपनी इच्छा से शादी कर सकती हैं।
फिल्म शूटिंग के दौरान हुई थी मुलाकात
विदित है कि बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान की मुलाकात उस समय हुई थी जब वे फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” की शूटिंग के लिए केरल में मौजूद थे। फरमान खान ने कहा कि शुरुआत में मोनालिसा ने उन्हें प्रपोज किया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। बाद में दोनों के बीच दोस्ती हुई और यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
डायरेक्टर का बड़ा आरोप
गौरतलब है कि मोनालिसा को फिल्म में मौका देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने इस शादी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा किसी साजिश का शिकार हो गई हैं और इस मामले की जांच होनी चाहिए। डायरेक्टर का कहना है कि उन्होंने मोनालिसा को फिल्म के लिए साइन किया था और उन्हें ट्रेनिंग भी दे रहे थे। अब अचानक हुई शादी से फिल्म प्रोजेक्ट पर भी असर पड़ सकता है।
सोशल मीडिया पर बंटे लोग
आपको बता दें कि मोनालिसा की शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कुछ लोग इसे दो लोगों का निजी फैसला बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इस मामले को लेकर सवाल और आरोप भी लगा रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।
महाकुंभ से मिली थी पहचान
गौरतलब है कि मोनालिसा भोंसले मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर के पास मंडलेश्वर क्षेत्र की रहने वाली बताई जाती हैं। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान वह माला और धार्मिक वस्तुएं बेचती हुई कैमरे में कैद हो गई थीं। उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और देखते-ही-देखते वह इंटरनेट सेंसेशन बन गईं। इसके बाद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से भी ऑफर मिलने लगे और वह एक फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़ गईं।
मोनालिसा और फरमान की शादी के बाद अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि परिवार का अगला कदम क्या होगा? फिल्म प्रोजेक्ट पर क्या असर पड़ेगा? और खुद मोनालिसा इस पूरे विवाद पर क्या कहेंगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब आने बाकी हैं, लेकिन इतना तय है कि महाकुंभ से वायरल हुई मोनालिसा की कहानी अब एक नए मोड़ पर पहुंच चुकी है।