हज 2027 के लिए सऊदी अरब से भारत को मिली बड़ी सौगात!: इस बार 1,75,025 जायरीनों को मिलेगा हज का अवसर, जानिए बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सहित मिलेंगी कौन-कौन सी बड़ी सुविधाएं
हज 2027 के लिए सऊदी अरब से भारत को मिली बड़ी सौगात!

नई दिल्ली/सऊदी अरब : हज यात्रा 2027 की तैयारी कर रहे भारतीय मुसलमानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अगले साल सऊदी अरब जाने वाले भारतीय हज यात्रियों की संख्या तय कर दी गई है। भारत को हज 2027 के लिए कुल 1,75,025 जायरीनों (हज यात्रियों) का कोटा मिला है। इस संबंध में भारत और सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसका मतलब है कि अगले साल इतने भारतीय तीर्थयात्रियों को हज यात्रा करने का अवसर मिल सकेगा। यह समझौता जेद्दा में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्री डॉ. तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह के बीच हुआ। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने हज यात्रा की तैयारियों और भारतीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की।

भारत-सऊदी अरब के बीच 1,75,025 यात्रियों पर बनी सहमति

आपको बता दें कि 9 नवंबर 2026 को जेद्दा में हुए समझौते के तहत भारत के लिए 1,75,025 हज यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए इसे भारतीय हज यात्रियों की सुविधा और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भी समझौते की पुष्टि की। दोनों पक्षों ने कहा कि हज यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय जरूरी है।

हज यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

समझौते के दौरान केवल यात्रियों की संख्या तय करने पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इसमें आवागमन, ठहरने, सुरक्षा, संचालन और यात्रियों की जरूरतों से जुड़े विषय शामिल रहे। भारत और सऊदी अरब के अधिकारियों का प्रयास है कि हज के दौरान भारतीय यात्रियों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो। बड़ी संख्या में भारतीय तीर्थयात्रियों के पहुंचने के कारण व्यवस्थाओं का समय रहते तैयार होना बेहद जरूरी है।

6 नवंबर को जेद्दा पहुंचे थे किरेन रिजिजू

विदित है कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू 6 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा पहुंचे थे। उनकी यात्रा का प्रमुख उद्देश्य छठे हज सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2027 में भाग लेना, हज समझौते को अंतिम रूप देना और अगले वर्ष की तैयारियों का जायजा लेना था। इस दौरान उन्होंने सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्री से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और सऊदी अरब के बीच मजबूत संबंधों और हज यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई। रिजिजू ने सऊदी नेतृत्व और वहां के लोगों की मेहमाननवाजी के लिए भी आभार जताया।

अब आगे क्या होगा? हज यात्रियों की नजर आवेदन प्रक्रिया पर

भारत का हज कोटा निर्धारित होने के बाद अब संभावित यात्रियों की नजर आवेदन और चयन प्रक्रिया पर रहेगी। हालांकि, हज 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख, चयन की प्रक्रिया, खर्च और यात्रा कार्यक्रम जैसी विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी। इसलिए इच्छुक यात्रियों को हज कमेटी ऑफ इंडिया और संबंधित आधिकारिक माध्यमों से आने वाली सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए।

हज 2027 के लिए भारत को 1,75,025 यात्रियों का कोटा मिलना उन लोगों के लिए अहम खबर है, जो अगले साल पवित्र हज यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें आवेदन, चयन और यात्रा संबंधी अगली घोषणाओं पर टिकी हैं।

अन्य खबरे