2035 तक ईसाईयों को पीछे छोड़ इस्लाम बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा धर्म!: भारत में घटेगी हिन्दुओं की हिस्सेदारी, लेकिन अमेरिका...जानें प्यू रिसर्च रिपोर्ट में हुए कौन-कौन से सनसनीखेज खुलासे?
2035 तक ईसाईयों को पीछे छोड़ इस्लाम बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा धर्म!

धर्म: दुनिया में धर्मों की आबादी का संतुलन आने वाले दशकों में तेजी से बदल सकता है। अमेरिका के प्रतिष्ठित प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमानों के मुताबिक, वर्ष 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। ऐसा हुआ तो पहली बार मुस्लिम आबादी ईसाई आबादी से आगे निकल जाएगी। रिपोर्ट में भारत, अमेरिका और पाकिस्तान समेत कई देशों में धार्मिक आबादी के बदलते स्वरूप को लेकर भी महत्वपूर्ण अनुमान लगाए गए हैं। प्यू रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 में दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम थे। लेकिन जनसंख्या वृद्धि की मौजूदा रफ्तार जारी रहने पर 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर लगभग 2.57 अरब हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या करीब 2.52 अरब रहने का अनुमान है। यानी करीब 15 साल में दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समूह का स्थान बदल सकता है।

मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ने की क्या है वजह?

आपको बता दें कि रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह अधिक प्रजनन दर और युवा आबादी है। वर्ष 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में प्रति महिला औसतन 3.1 बच्चों का अनुमान लगाया गया है। वहीं, ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धार्मिक समूहों में 1.6 रहा। इसके अलावा मुस्लिम आबादी में युवाओं का अनुपात भी अपेक्षाकृत अधिक है। इसका असर आने वाले वर्षों में जन्म लेने वाले बच्चों की संख्या पर पड़ेगा। यही वजह है कि मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर दूसरे प्रमुख धार्मिक समूहों की तुलना में अधिक रहने का अनुमान है।

2070 तक 3.6 अरब के पार हो सकती है मुस्लिम आबादी

गौरतलब है कि प्यू के दीर्घकालिक अनुमान भी दुनिया के धार्मिक समीकरणों में बड़े बदलाव की ओर इशारा करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा रुझान जारी रहने पर 2070 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी 3.6 अरब से अधिक हो सकती है। वहीं, ईसाई आबादी 3 अरब से कम रहने का अनुमान है। इस अवधि में दुनिया की कुल आबादी में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, सभी धर्मों की आबादी एक जैसी गति से नहीं बढ़ेगी। हिंदुओं और यहूदियों की कुल संख्या बढ़ सकती है, लेकिन वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी घटने का अनुमान है। दूसरी ओर, बौद्ध आबादी की संख्या और वैश्विक हिस्सेदारी दोनों में कमी आ सकती है।

भारत में हिंदुओं की संख्या बढ़ेगी, लेकिन हिस्सेदारी घट सकती है

भारत को लेकर रिपोर्ट में एक महत्वपूर्ण अनुमान सामने आया है। वर्ष 2020 से 2050 के बीच देश में हिंदुओं की आबादी करीब 17.6 करोड़ बढ़ सकती है। इसके बावजूद कुल जनसंख्या में उनकी हिस्सेदारी में मामूली गिरावट का अनुमान है। हालांकि, 2070 तक भी हिंदू भारत की कुल आबादी के तीन-चौथाई से अधिक बने रह सकते हैं। भारत में मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी बढ़ने के पीछे अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर और युवा आयु संरचना को प्रमुख कारण बताया गया है।

अमेरिका में दोगुनी हो सकती है हिंदू आबादी

विदित है कि रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में हिंदुओं की संख्या भी तेजी से बढ़ सकती है। वर्ष 2020 में वहां करीब 40 लाख हिंदू थे। अनुमान है कि 2070 तक यह संख्या बढ़कर लगभग 90 लाख हो जाएगी। अमेरिका की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी भी करीब 1 प्रतिशत से बढ़कर 2 प्रतिशत हो सकती है।

पाकिस्तान बन सकता है सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश

देशों के स्तर पर भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्यू के अनुमान के मुताबिक, 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान रहने का अनुमान है। फिलहाल सबसे अधिक मुस्लिम आबादी इंडोनेशिया में रहती है।

बढ़ रहे हैं धर्म से दूरी बनाने वाले लोग

रिपोर्ट में एक और दिलचस्प बदलाव का जिक्र है। दुनिया में ऐसे लोगों की संख्या भी बढ़ रही है, जो खुद को किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते। इन्हें 'नन्स' (Nones) कहा जाता है। इनमें नास्तिक, अज्ञेयवादी और किसी धर्म को न मानने वाले लोग शामिल हैं। चेक गणराज्य, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, उरुग्वे और वियतनाम जैसे देशों में ऐसे लोग पहले से ही बहुसंख्यक हैं। अनुमान है कि 2070 तक फ्रांस, ब्रिटेन और दक्षिण कोरिया भी इस सूची में शामिल हो सकते हैं।

प्यू रिसर्च के ये अनुमान बताते हैं कि आने वाले दशकों में दुनिया की धार्मिक तस्वीर बदल सकती है। हालांकि, ये भविष्य के जनसांख्यिकीय अनुमान हैं, निश्चित भविष्यवाणियां नहीं। जन्म दर, प्रवासन और सामाजिक बदलाव जैसे कारक इन आंकड़ों को प्रभावित कर सकते हैं।

अन्य खबरे