प्रयागराज माघ मेले की भव्य तैयारी शुरू!: 925 हेक्टेयर के 8 सेक्टर में बसेगा तंबुओं का शहर, 9 पांटून पुल और 5 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा, जानें कब-कब होंगे प्रमुख स्नान पर्व_एक नज़र
प्रयागराज माघ मेले की भव्य तैयारी शुरू!

प्रयागराज: संगम की रेती पर लगने वाले माघ मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 जनवरी 2027 से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन के लिए प्रशासन ने जमीन पर काम शुरू करा दिया है। इस बार मेला पहले के मुकाबले अधिक विस्तृत और सुविधाओं से लैस होगा। करीब 900 से 925 हेक्टेयर क्षेत्र में 8 सेक्टरों में तंबुओं का शहर बसाने की योजना है। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 9 पांटून पुल बनाए जाएंगे, जबकि 5,200 से अधिक शिविरों की व्यवस्था की जाएगी। मेला क्षेत्र में समतलीकरण का काम शुरू हो चुका है। सिटी साइड में ट्रैक्टरों की मदद से जमीन को समतल किया जा रहा है। गंगा पर पांटून पुल बनने के बाद झूंसी की तरफ भी निर्माण कार्य में तेजी आएगी। नए मेला एसडीएम अभिनव पाठक ने रविवार को अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

9 पांटून पुल और 3.60 किलोमीटर से ज्यादा लंबे घाट

आपको बता दें कि इस बार श्रद्धालुओं के स्नान और आवागमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। मेला क्षेत्र को जोड़ने के लिए 9 पांटून पुल बनाए जाएंगे। इनमें करीब चार पुलों का काम शुरू होने की जानकारी है। खास बात यह है कि अरैल से झूंसी के बीच भी पांटून पुल बनाने की योजना है। संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं के स्नान के लिए 31 से अधिक घाट तैयार किए जाएंगे। इनकी कुल लंबाई 3.60 किलोमीटर से ज्यादा रखने का प्रस्ताव है। वहीं, धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के लिए 5,200 से अधिक शिविर बनाए जाने की तैयारी है।

पानी-बिजली की व्यवस्था शुरू, 28 बोर से होगी सप्लाई

गौरतलब है कि कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जल निगम ने पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। मेला क्षेत्र में मौजूद 80 बोर में से 28 बोर का इस्तेमाल पानी की आपूर्ति के लिए प्रस्तावित है। बिजली विभाग ने भी खंभे लगाने शुरू कर दिए हैं, ताकि शिविरों और रास्तों तक बिजली पहुंचाई जा सके।

5 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

माघ मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है। पुलिस विभाग ने रविवार को त्रिवेणी मार्ग पर प्रस्तावित पुलिस लाइन के लिए भूमि पूजन किया। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न हुआ। इस बार सुरक्षा में 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना है। मेला क्षेत्र में पुलिस थानों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 और चौकियों की संख्या 42 से बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसके अलावा 22 फायर स्टेशन, 16 से अधिक साइबर हेल्प डेस्क और 16 से अधिक महिला हेल्प डेस्क बनाए जाने की तैयारी है।

400 CCTV कैमरे और ड्रोन से होगी निगरानी

विदित है कि सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र में 400 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। शहर में पहले से मौजूद 1,152 कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। जरूरत के मुताबिक ड्रोन कैमरों की मदद भी ली जाएगी। मेले में 42 से अधिक पार्किंग स्थल बनाने की योजना है। इनके लिए 250 हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र निर्धारित किया जाएगा, जहां करीब डेढ़ लाख वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी।

6 मार्च तक चलेंगे प्रमुख स्नान पर्व

माघ मेला 14/15 जनवरी को मकर संक्रांति के स्नान से शुरू होकर 6 मार्च 2027 को महाशिवरात्रि तक चलेगा। इस दौरान छह प्रमुख स्नान पर्व होंगे:

  • मकर संक्रांति: 14/15 जनवरी

  • पौष पूर्णिमा: 22 जनवरी

  • मौनी अमावस्या: 6 फरवरी

  • बसंत पंचमी: 11 फरवरी

  • माघी पूर्णिमा: 20 फरवरी

  • महाशिवरात्रि: 6 मार्च

प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रमुख स्नान पर्वों से पहले सभी जरूरी निर्माण और सुविधाएं पूरी कर ली जाएं। विभागों ने काम शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में मेला क्षेत्र में तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।

अन्य खबरे