69 के हुए बॉलीवुड स्टार सनी देओल!: कभी इस वजह से दबाया अनिल कपूर का गला, तो कभी लड़ाई में पैर में घुसा ली रॉड, वहीं मात्र 4 साल में...जानें कैसा रहा उनका यादगार फिल्मी सफर_एक नजर
69 के हुए बॉलीवुड स्टार सनी देओल!

बॉलीवुड: बॉलीवुड में जब भी दमदार आवाज, गुस्से से भरी आंखों और जोरदार एक्शन की बात होती है, तो सनी देओल का नाम जरूर सामने आता है। पर्दे पर दुश्मनों को ललकारने वाले सनी की असल जिंदगी के भी कई किस्से ऐसे हैं, जिन्हें सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं। कभी गुस्से में अपनी जींस फाड़ दी, तो कभी एक लड़ाई में उनके पैर में रॉड घुस गई। अनिल कपूर के साथ फिल्म की शूटिंग के दौरान भी उनका विवाद चर्चा में रहा। सनी देओल के 69वें जन्मदिन पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े ऐसे ही कुछ दिलचस्प और अनसुने किस्से।

4 साल में ही उठा ली थी एयर गन

आपको बता दें कि सनी देओल बचपन से ही अपने पिता धर्मेंद्र को लेकर बेहद भावुक थे। बताया जाता है कि चार साल की उम्र में उन्होंने धर्मेंद्र की फिल्म ‘शोला और शबनम’ देखी थी। फिल्म में एम. राजन को धर्मेंद्र के साथ मारपीट करते देखकर नन्हे सनी को लगा कि उन्होंने सचमुच उनके पिता को मारा है। इसके बाद सनी एयर गन लेकर घर में घूमने लगे और उस अभिनेता को गोली मारने की बात कहने लगे। उन्हें समझ ही नहीं आया था कि पर्दे पर दिखाई गई लड़ाई अभिनय का हिस्सा थी।

गुस्से में फाड़ दी अपनी जींस

गौरतलब है कि सनी देओल और निर्देशक यश चोपड़ा के बीच फिल्म ‘डर’ की शूटिंग के दौरान एक दृश्य को लेकर असहमति होने का किस्सा काफी मशहूर है। सनी का मानना था कि प्रशिक्षित कमांडो के किरदार को इतनी आसानी से चाकू नहीं मारा जा सकता। जब उनकी बात नहीं मानी गई, तो बताया जाता है कि उन्होंने गुस्से में अपनी जींस की जेबों को जोर से खींच दिया, जिससे जींस फट गई।

अनिल कपूर के साथ शूटिंग में बढ़ा तनाव

1988 की फिल्म ‘राम अवतार’ की शूटिंग के दौरान सनी देओल और अनिल कपूर के बीच एक फाइट सीन को लेकर विवाद होने की खबरें सामने आई थीं। बताया जाता है कि दृश्य में सनी को अनिल का गला पकड़ना था और सीन के दौरान पकड़ इतनी कस गई कि सेट पर मौजूद लोगों को बीच में आना पड़ा। इससे पहले फिल्म ‘जोशीले’ के क्रेडिट्स को लेकर भी दोनों के बीच नाराजगी की चर्चा रही थी।

लड़ाई में पैर में घुस गई थी रॉड

विदित है कि सनी ने एक पॉडकास्ट में अपनी जिंदगी की एक वास्तविक लड़ाई का जिक्र किया था। उनके मुताबिक, एक विवाद के दौरान वे अकेले कई लोगों से भिड़ गए थे और उनके पैर में रॉड घुस गई थी। उन्होंने कहा था कि भगवान की कृपा से सिर पर गंभीर चोट नहीं लगी। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि ऐसी लड़ाइयों से दूर रहना चाहिए।

‘घायल’ और ‘दामिनी’ ने बदली करियर की तस्वीर

सनी देओल के करियर में ‘घायल’ और ‘दामिनी’ जैसी फिल्मों की अहम भूमिका रही। ‘घायल’ को निर्माता नहीं मिल रहे थे, लेकिन धर्मेंद्र ने कहानी पर भरोसा जताते हुए इसे अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत बनाया। फिल्म सफल रही और सनी को विशेष जूरी पुरस्कार मिला। वहीं, ‘दामिनी’ में वकील गोविंद का किरदार भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ।

गुस्से के पीछे संवेदनशील इंसान की झलक

सनी देओल के बारे में इम्तियाज अली ने बताया था कि अपनी पहली फिल्म ‘सोचा ना था’ की कहानी सुनाने से पहले उन्हें डराया गया था कि सनी गुस्से में थप्पड़ मार सकते हैं। लेकिन मुलाकात के बाद उनकी धारणा बदल गई। उन्हें सनी शर्मीले और संवेदनशील लगे। सनी ने अपनी गलती स्वीकार करने से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया था, जिसमें उन्होंने दूसरे व्यक्ति से साफ कहा कि गलती उनकी थी और वह माफी मांगने को तैयार हैं।

‘गदर 2’ से की शानदार वापसी

लंबे समय तक उतार-चढ़ाव देखने के बाद सनी देओल ने 2023 में ‘गदर 2’ के जरिए जोरदार वापसी की। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और उनके करियर को नई ऊर्जा दी। इसके बाद ‘बॉर्डर 2’ को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला।

बचपन की शरारतों से लेकर फिल्मों के यादगार किरदारों और निजी जिंदगी के चर्चित किस्सों तक, सनी देओल का सफर कई रंगों से भरा रहा है। पर्दे पर उनका गुस्सा भले ही उनकी पहचान बन गया हो, लेकिन उनके प्रशंसकों के लिए उनकी मेहनत, पारिवारिक लगाव और अभिनय के प्रति समर्पण भी उतना ही खास है।

अन्य खबरे