कानपुर में 5000 एकड़ में 'ग्रेटर नोएडा' की तर्ज पर 'ग्रेटर कानपुर' बसाने की तैयारी तेज!: 5 लाख लोगों के लिए घर-रोजगार का होगा इन्तजाम, जानें किन 9 गांवों की जमीन पर बसेगी यह आधुनिक सिटी?
कानपुर में 5000 एकड़ में 'ग्रेटर नोएडा' की तर्ज पर 'ग्रेटर कानपुर' बसाने की तैयारी तेज!

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के कानपुर की तस्वीर आने वाले वर्षों में काफी बदल सकती है। शहर की बढ़ती आबादी और आवासीय जरूरतों को देखते हुए ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर यहां भी एक नया आधुनिक शहर विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को ‘ग्रेटर कानपुर’ नाम दिया गया है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) करीब 5000 एकड़ जमीन पर इस शहर को विकसित करने की योजना बना रहा है। इसमें लगभग 5 लाख लोगों को बसाने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के लिए जमीन जुटाने का काम शुरू हो चुका है। अब तक करीब 1800 एकड़ जमीन चिह्नित की जा चुकी है, जबकि बाकी जमीन के लिए किसानों से बातचीत की जा रही है। योजना पूरी होने पर कानपुर को आवास, कारोबार और उद्योगों के लिए एक नया केंद्र मिल सकता है।

भीमसेन और आउटर रिंग रोड के बीच इन 9 गांवो की जमीन पर बसेगा नया शहर

आपको बता दें कि ग्रेटर कानपुर को भीमसेन और आउटर रिंग रोड के बीच विकसित करने की योजना है। इसके लिए सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, दुर्जनपुर और इटारा समेत नौ गांवों की जमीन चिह्नित की जा रही है। इसमें ग्राम समाज की जमीन के साथ खाली पड़ी निजी भूमि को भी शामिल करने की तैयारी है। फिलहाल 1800 एकड़ जमीन की पहचान की जा चुकी है। शेष भूमि जुटाने के लिए किसानों से बातचीत जारी है। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की योजना है, ताकि जमीन की उपलब्धता और जरूरत के अनुसार काम आगे बढ़ाया जा सके।

3500 से अधिक भूखंड, घर से लेकर कारोबार तक की सुविधा

गौरतलब है कि ग्रेटर कानपुर में करीब 3500 भूखंड विकसित करने का प्रस्ताव है। इनमें आवासीय भूखंडों के साथ ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंड भी शामिल होंगे। इसका मतलब है कि यहां केवल घर ही नहीं बनेंगे, बल्कि कारोबार और उद्योगों के लिए भी जगह उपलब्ध कराने की योजना है। ग्रुप हाउसिंग के जरिए बहुमंजिला इमारतें विकसित की जा सकती हैं। इससे अलग-अलग जरूरत और बजट वाले परिवारों के लिए आवास के विकल्प तैयार करने का लक्ष्य है।

अस्पताल, होटल, कन्वेंशन सेंटर और पार्क भी बनेंगे

विदित है कि किसी नए शहर को आधुनिक बनाने के लिए सिर्फ मकान और सड़कें पर्याप्त नहीं होतीं। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रेटर कानपुर में अस्पताल, नर्सिंग होम, होटल, पुलिस थाना और कन्वेंशन सेंटर बनाने की योजना है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन, ड्रेनेज और आधुनिक कूड़ा निस्तारण व्यवस्था विकसित की जाएगी। लोगों को स्वच्छ और खुला वातावरण देने के लिए पार्कों और ग्रीन बेल्ट का भी निर्माण प्रस्तावित है। इन सुविधाओं से नए शहर में रहने वाले लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

चकेरी क्षेत्र को भी न्यू बिजनेस सिटी बनाने की तैयारी

ग्रेटर कानपुर के साथ KDA शहर के दूसरे हिस्सों के सुनियोजित विकास पर भी काम कर रहा है। मास्टर प्लान 2031 के बाद अब जोनल डेवलपमेंट प्लान तैयार किए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत चकेरी क्षेत्र से की जा रही है, जिसे न्यू बिजनेस सिटी के रूप में विकसित करने की योजना है। इस क्षेत्र में आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कार्यालय, पार्क और परिवहन सुविधाओं का भी खाका तैयार किया जा रहा है। यहां एक बड़े जोनल पार्क के साथ सीवरेज, ड्रेनेज और जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने पर जोर है।

किसानों से बातचीत के बाद आगे बढ़ेगी परियोजना

KDA सचिव अभय पांडेय के मुताबिक, ग्रेटर कानपुर योजना के लिए जमीन चिह्नित करने और किसानों से बातचीत की प्रक्रिया चल रही है। भूमि अधिग्रहण से जुड़े जरूरी कदम पूरे होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

ग्रेटर कानपुर की योजना शहर की बढ़ती आबादी को व्यवस्थित आवास, बेहतर सुविधाएं और नए कारोबारी अवसर देने की दिशा में एक बड़ा प्रस्ताव है। हालांकि, इसका वास्तविक स्वरूप जमीन की उपलब्धता, किसानों से सहमति, जरूरी मंजूरियों और निर्माण की समयसीमा पर निर्भर करेगा।

अन्य खबरे