लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अब केवल एक क्षेत्रीय एयरपोर्ट नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुका है। एयरपोर्ट को ‘5 से 15 मिलियन यात्री’ श्रेणी में एशिया-प्रशांत क्षेत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रस्थान (Departure) हवाई अड्डा चुना गया है। यही नहीं, इसे विश्व स्तर पर सर्वश्रेष्ठ आगमन (Arrival) हवाई अड्डा का सम्मान भी मिला है। यह उपलब्धि लखनऊ और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण मानी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका लखनऊ :
गौरतलब है कि यह प्रतिष्ठित सम्मान Airports Council International (ACI) द्वारा आयोजित एक वैश्विक कार्यक्रम में दिया जाएगा। ACI दुनिया भर के एयरपोर्ट्स के प्रदर्शन, यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता का आकलन कर यह पुरस्कार प्रदान करता है। लखनऊ एयरपोर्ट का चयन इस बात का संकेत है कि अब यह एयरपोर्ट वैश्विक मानकों पर खरा उतर रहा है।
यात्रियों को मिली विश्वस्तरीय सुविधाएं, बना नंबर-1 :
आपको बता दें कि एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, यह सम्मान कई प्रमुख सुधारों और सुविधाओं के कारण मिला, जिनमें शामिल हैं:
•तेज और व्यवस्थित चेक-इन और सुरक्षा प्रक्रिया
•कम प्रतीक्षा समय और सुगम बोर्डिंग व्यवस्था
•आधुनिक टर्मिनल इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल सेवाएं
•यात्रियों के लिए साफ-सुथरा, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण
•आगमन पर सहज बैगेज डिलीवरी और इमिग्रेशन प्रक्रिया
•स्टाफ का गर्मजोशी भरा व्यवहार और बेहतर सहायता
इन सुविधाओं ने यात्रियों के अनुभव को इतना बेहतर बनाया कि एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान मिला।
उत्तर प्रदेश की बढ़ती वैश्विक पहचान :
विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि केवल एयरपोर्ट की नहीं, बल्कि लखनऊ शहर और उत्तर प्रदेश के तेजी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की भी पहचान है। एयरपोर्ट के विस्तार, नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और बेहतर कनेक्टिविटी से अब लखनऊ विदेशी यात्रियों और निवेशकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसे टीम की मेहनत का परिणाम बताया :
एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने कहा कि “यात्रियों को बेहतर से बेहतर अनुभव देना हमारी प्राथमिकता रही है। सुव्यवस्थित प्रस्थान से लेकर यादगार आगमन तक, हर चरण में विश्वस्तरीय सेवा देने की कोशिश की गई। यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।”
आगे और बढ़ेगा एयरपोर्ट का स्तर :
विदित है कि इस उपलब्धि के बाद उम्मीद की जा रही है कि:
•नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ेगी
•पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा
•लखनऊ एयरपोर्ट भारत के प्रमुख एयर हब के रूप में उभरेगा
लखनऊ एयरपोर्ट का यह सम्मान साबित करता है कि लखनऊ अब वैश्विक विमानन मानचित्र पर तेजी से अपनी मजबूत जगह बना रहा है।