नोएडा प्राधिकरण की 222वीं बोर्ड बैठक!: नोएडा के विकास के लिए 10,274 करोड़ मंजूर, न्यू नोएडा के 80 गाँवो के अधिग्रहण, OTS पॉलिसी की मंजूरी, पानी बिल पर छूट तो वहीं?
नोएडा प्राधिकरण की 222वीं बोर्ड बैठक!

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 10,290.76 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया है। प्राधिकरण की 222वीं बोर्ड बैठक में यह बजट मंजूर किया गया, जिसमें 10,004.58 करोड़ रुपये के भुगतान का लक्ष्य तय किया गया है। इस बजट के तहत स्पोर्ट्स सिटी, एयरपोर्ट और न्यू नोएडा जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा दिया जाएगा।

स्पोर्ट्स सिटी को मिली ग्रीन सिग्नल

आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-150 में स्थित स्पोर्ट्स सिटी के भूखंड SC-02 के ले-आउट प्लान को प्राधिकरण बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इससे स्पोर्ट्स सिटी परियोजना में मानचित्र पास, संशोधित मानचित्र और अधिभोग प्रमाण पत्र से जुड़ी प्रक्रियाएं अब शुरू हो सकेंगी।

नोएडा एयरपोर्ट के लिए 600 करोड़

गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के विकास के लिए बजट में 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह एयरपोर्ट पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।

बिल्डरों और फ्लैट बायर्स को राहत

बोर्ड बैठक में अमिताभ कांत की सिफारिशों वाली 57 बिल्डर परियोजनाओं में से 36 बिल्डर परियोजनाओं (करीब 60 प्रतिशत) ने लाभ लिया। इसके अलावा, 4,364 फ्लैट बायर्स की रजिस्ट्री की जा चुकी है।

ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) पॉलिसी को मंजूरी

नोएडा प्राधिकरण ने सभी श्रेणियों में बकाया जमा करने के लिए ओटीएस यानी वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसके तहत ग्रुप हाउसिंग, आवासीय, वाणिज्यिक, संस्थागत, औद्योगिक, आईटी और आईटीईएस क्षेत्रों में एक मुश्त समाधान योजना-2026 लागू की जाएगी।

पानी के बिल पर छूट: अमनेस्टी स्कीम

प्राधिकरण ने पानी के बकाया बिल जमा करने के लिए तीन महीने की अमनेस्टी स्कीम लॉन्च की है:

अवधि - ब्याज पर छूट

16 अप्रैल से 15 मई 2026 - 40%
16 मई से 15 जून 2026 - 30%
16 जून से 15 जुलाई 2026 - 20%

न्यू नोएडा: 800 करोड़ रिजर्व, 80 गांवों का अधिग्रहण

विदित है कि न्यू नोएडा (डीएनजीआईआर) के विकास के लिए बोर्ड ने 800 करोड़ रुपये रिजर्व किए हैं। यह प्रोजेक्ट 209.11 वर्ग किलोमीटर (20,911.29 हेक्टेयर) में फैलेगा। इसके लिए 80 गांवों का जमीन अधिग्रहण किया जाएगा।

मुआवजा दर: यमुना विकास प्राधिकरण की तर्ज पर लगभग 4,300 रुपये प्रति वर्ग मीटर होगी।

न्यू नोएडा के विकास के 4 चरण:

चरण - अवधि - विकसित क्षेत्र

पहला - 2023-27 - 3,165 हेक्टेयर
दूसरा - 2027-32 - 3,798 हेक्टेयर
तीसरा - 2032-37 - 5,908 हेक्टेयर
चौथा - 2037-41 - 8,230 हेक्टेयर

आवंटियों को मिला समय विस्तार

जिन आवंटियों ने 12 साल के भीतर अपने आवासीय भूखंड पर निर्माण नहीं किया है, उन्हें सशुल्क समय विस्तार के लिए ज्ञापन जारी होने के 3 महीने के भीतर आवेदन करने का अंतिम मौका दिया गया है।

ग्रीन वेस्ट का वैज्ञानिक निस्तारण होगा

नोएडा में रोजाना निकलने वाले लगभग 100 टन ग्रीन वेस्ट का अब 100 प्रतिशत वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जारी किया जा रहा है।

दलित प्रेरणा स्थल और ग्रीन गार्डन के लिए 107.77 करोड़

राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल और ग्रीन गार्डन, सेक्टर-95 के सिविल मरम्मत और विद्युत अनुरक्षण कार्यों के लिए 107.77 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

नोएडा प्राधिकरण के 10,290 करोड़ के बजट ने शहर के विकास को नई रफ्तार दे दी है। स्पोर्ट्स सिटी को मंजूरी, न्यू नोएडा के लिए 800 करोड़ का प्रावधान, एयरपोर्ट के लिए अलग फंड, बिल्डरों और फ्लैट बायर्स को राहत, पानी के बिल पर छूट; यह बजट हर वर्ग के लिए खुशखबरी लेकर आया है। अब देखना यह होगा कि इन योजनाओं को कितनी तेजी से जमीन पर उतारा जाता है।

अन्य खबरे