तकनीकी/नई दिल्ली : अब रोज-रोज आने वाले लोन, क्रेडिट कार्ड, इंश्योरेंस और ऑफर वाले परेशान करने वाले कॉल से राहत मिलने वाली है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने Do Not Disturb (DND) ऐप का नया और ज्यादा ताकतवर वर्जन लॉन्च कर दिया है। इस ऐप के जरिए अब उपभोक्ता सिर्फ एक क्लिक में स्पैम कॉल की शिकायत दर्ज कर सकेंगे और कॉल करने वाले पर सीधे कार्रवाई भी होगी। सरकार का साफ संदेश है कि अब केवल नंबर ब्लॉक करने से काम नहीं चलेगा, शिकायत करनी होगी तभी स्पैमर्स पर लगाम लगेगी।
अब शिकायत करना बेहद आसान :
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नए DND ऐप की सबसे बड़ी खासियत इसका सिंपल प्रोसेस है।
●स्पैम कॉल आते ही ऐप खोलें
●नंबर चुनें
●एक क्लिक में शिकायत दर्ज
बस बाकी कार्रवाई टेलीकॉम कंपनी और ट्राई करेगी।
अब यूजर ऐप में ही देख सकेगा:
●शिकायत की स्थिति
●कंपनी ने क्या कार्रवाई की
और अगर संतुष्टि नहीं तो उसी ऐप से अपील भी।
ऐसे होगी कड़ी कार्रवाई :
गौरतलब है कि TRAI ने स्पैम कॉलर्स के लिए सख्त नियम लागू कर दिए हैं।
●5 अलग-अलग लोगों की शिकायत पर 15 दिन आउटगोइंग बंद
●दोबारा गलती पर नंबर हमेशा के लिए बंद
यानी अब बार-बार परेशान करने वाले कॉल करने वालों का सिम सीधा बंद हो सकता है।
AI से पहले चेतावनी, फिर सज़ा :
आपको बता दें कि टेलीकॉम कंपनियां अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पहले ही स्पैम कॉल पहचानने लगी हैं। लेकिन TRAI के मुताबिक सिर्फ पहचान या ब्लॉक करने से समस्या खत्म नहीं होगी, शिकायत जरूरी है।
आंकड़े खुद कहानी बताते हैं:
गौरतलब है कि 2025 में 7.31 लाख स्पैम कॉलर्स को नोटिस किये गए। 4.73 लाख नंबर 1 महीने के लिए बंद हुए। 89,936 नंबर 6 महीने के लिए प्रतिबंधित हुए। वहीं 1.84 लाख नंबर हमेशा के लिए डिस्कनेक्ट किये गए।
नेटवर्क और कॉल क्वालिटी भी चेक कर पाएंगे :
आपको बता दें कि TRAI ने साथ में दो और बड़े डिजिटल टूल्स की घोषणा की। My Speed ऐप से इंटरनेट स्पीड और नेटवर्क क्वालिटी लाइव चेक कर सकेंगे। वहीं My Call ऐप (जल्द लॉन्च) से कॉल क्वालिटी की शिकायत और रेटिंग कर सकेंगे।
यूजर्स के लिए क्या बदलेगा?
अब मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव होने वाला है-
●अनचाहे कॉल कम होंगे
●कंपनियों की जवाबदेही बढ़ेगी
●शिकायत का डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा
●और टेलीकॉम कंपनियों पर आर्थिक जुर्माना भी लग सकता है
TRAI का मकसद साफ है। स्पैम कॉल खत्म करना तभी संभव है जब हर यूजर शिकायत करे। यानी अब सिर्फ “कट” या “ब्लॉक” नहीं रिपोर्ट करो और सिम बंद करवाओ। डिजिटल इंडिया के इस नए कदम के बाद उम्मीद है कि मोबाइल यूजर्स को पहली बार असली राहत मिलेगी।